IMD Weather Alert: भीषण गर्मी और उमस के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने 25 जुलाई 2026 के लिए देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज आंधी, वज्रपात और कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत, पूर्वी भारत और पश्चिमी राज्यों के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे मौसम बेहद सक्रिय रहेगा। कई स्थानों पर 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे, जबकि कुछ इलाकों में 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे मौसम में किसानों, यात्रियों और खुले स्थानों पर काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

कम दबाव का क्षेत्र बना बारिश की बड़ी वजह
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और उसके आसपास के क्षेत्रों में बना कम दबाव का क्षेत्र लगातार सक्रिय है। इसके अलावा गुजरात से कर्नाटक तट तक औसत समुद्र तल पर भी एक निम्न दबाव प्रणाली बनी हुई है। यही सिस्टम उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत में व्यापक बारिश का कारण बन रहा है। पहाड़ी राज्यों में लगातार बारिश से भूस्खलन और नदियों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका जताई गई है, जबकि पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की संभावना बनी हुई है।

15 राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में बिजली गिरने की भी संभावना है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 25 जुलाई को भारी बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। बारिश के कारण तापमान में हल्की गिरावट दर्ज होगी। दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।
उत्तर प्रदेश में कई जिलों के लिए अलर्ट
उत्तर प्रदेश के मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, बांदा, झांसी, ललितपुर, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर, आजमगढ़, बस्ती, देवरिया, बलिया, सोनभद्र, चंदौली, मऊ, वाराणसी, मिर्जापुर और प्रयागराज सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है। हवा की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बिहार और झारखंड में बारिश के साथ वज्रपात का खतरा
बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, भोजपुर, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, कटिहार, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर और अररिया में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। पटना का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
झारखंड के रांची, साहेबगंज, पाकुड़, खूंटी, देवघर, धनबाद, जमशेदपुर, गुमला, सरायकेला, सिमडेगा, पश्चिम सिंहभूम, लातेहार, रामगढ़, गढ़वा, लोहरदगा और पूर्वी सिंहभूम में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। रांची का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में विशेष सतर्कता
उत्तराखंड के बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, चमोली, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, उधम सिंह नगर, पौड़ी गढ़वाल और चंपावत में भारी बारिश तथा 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। देहरादून का तापमान 27 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, मंडी, शिमला, सिरमौर, हमीरपुर, सोलन, बिलासपुर और कुल्लू में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं जम्मू-कश्मीर के पुलवामा, रामबन, जम्मू, पूंछ, कुलगाम, उधमपुर, कठुआ, डोडा, अनंतनाग, गांदरबल और कुपवाड़ा में भी बारिश और तेज हवा की संभावना है। श्रीनगर का अधिकतम तापमान 21 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है।
पश्चिम बंगाल, पंजाब और गुजरात में भी असर
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया, बांकुड़ा, नादिया, मुर्शिदाबाद, पश्चिम मेदिनीपुर, पूर्व बर्धमान, उत्तर 24 परगना, दुर्गापुर और झाड़ग्राम में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। कोलकाता में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
पंजाब के जालंधर, अमृतसर, पटियाला, गुरदासपुर, लुधियाना, फरीदकोट और संगरूर में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं गुजरात के अहमदाबाद, राजकोट, सूरत, नवसारी, वलसाड, तापी, डांग और आसपास के क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसी स्थिति बनने की आशंका भी जताई है।
महाराष्ट्र, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी रहेगा असर
महाराष्ट्र के मुंबई, ठाणे, पालघर, गोंदिया, चंद्रपुर, भंडारा, जालना, बीड, नांदेड और हिंगोली में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। राजस्थान के जयपुर, सवाई माधोपुर, टोंक, कोटा, चित्तौड़गढ़, भिलवाड़ा, प्रतापगढ़, उदयपुर, अजमेर, सीकर और नागौर में बारिश के साथ तेज हवा चलने का अनुमान है।
मध्य प्रदेश के बालाघाट, डिंडोरी, मांडला, अनुपपुर, विदिशा, खंडवा, नर्मदापुरम (होशंगाबाद), खरगोन, छतरपुर और शिवपुरी में भारी बारिश तथा 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है। भोपाल का अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
किसानों और आम लोगों के लिए मौसम विभाग की सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को तेज हवा और भारी बारिश को देखते हुए फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने की सलाह दी है। खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की अपील की गई है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को भूस्खलन संभावित मार्गों से बचने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों, खासकर असम में बाढ़ जैसी स्थिति को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 से 48 घंटे तक देश के कई हिस्सों में मौसम का यही बदला हुआ मिजाज बना रह सकता है।
Read more : Russia Ukraine War: बैलिस्टिक मिसाइल हमले से दहला यूक्रेन, 10 मौतें, अंधेरे में 5 इलाके











