Ramanujganj News : रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम सनवाल-त्रिशूली मार्ग पर चल रहे सड़क निर्माण कार्य के दौरान सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। लोक निर्माण विभाग (PWD) की देखरेख में ठेकेदार द्वारा कराया जा रहा काम मौत का सबब बन गया, जब ग्रेडर मशीन की लापरवाही से तीन वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई और उसके दादा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से पूरे त्रिशूली गांव में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी अनुसार ग्राम त्रिशूली निवासी नंदलाल गुप्ता (45) अपनी मां लालो देवी (65) और नाती आकर्ष (3) के साथ उत्तर प्रदेश के घघरा से लौटकर गांव आ रहे थे। घर से महज एक किलोमीटर पहले गंगा पंडो के घर के पास सड़क निर्माण का काम चल रहा था। नंदलाल ने ग्रेडर को देख बाइक रोक ली और मशीन के हटने का इंतजार करने लगे। इसी दौरान चालक राजेश जायसवाल लापरवाही से ग्रेडर को पीछे करने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों इब्राहिम और महेंद्र साव ने आवाज भी लगाई, मगर चालक ने अनसुना कर दिया और ग्रेडर सीधा नंदलाल व उनके पोते पर चढ़ गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें बाहर निकाला, लेकिन बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नंदलाल का पैर टूट गया। उन्हें तुरंत सनवाल अस्पताल ले जाया गया।

सनवाल थाना प्रभारी गजपति मिर्रे ने बताया कि ग्रेडर चालक के खिलाफ आईपीसी की धारा 304-ए (लापरवाही से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है, फिलहाल चालक फरार है।
लोक निर्माण विभाग पर सवाल
हादसे के बाद ग्रामीणों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। चालू सड़क पर बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के निर्माण कार्य कराया जा रहा था, न तो चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे और न ही सुरक्षा कर्मी तैनात थे। ग्रामीणों ने ठेकेदार और जिम्मेदार विभागीय अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग की है।











