Vishnu Dev Sai Korea visit: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का दक्षिण कोरिया दौरा राज्य के औद्योगिक विकास के लिए एक नई दिशा लेकर आया है। सियोल में आयोजित छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट प्रोग्राम और एडवांस्ड टेक्नोलॉजी सेंटर एसोसिएशन (ATCA) के प्रतिनिधियों से मुलाकात के बाद कोरियन कंपनियों ने राज्य में निवेश और बी2बी साझेदारी में गहरी रुचि दिखाई है।

ATCA के साथ रणनीतिक वार्ता
ATCA, जो आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, सेमीकंडक्टर, फार्मा और टेक्सटाइल जैसे उभरते क्षेत्रों में 60 से अधिक अग्रणी कंपनियों का नेटवर्क है, ने छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं को उत्साहजनक बताया। मुख्यमंत्री साय ने ATCA चेयरमैन ली जे जेंग से मुलाकात कर राज्य की ‘प्लग एंड प्ले इंफ्रास्ट्रक्चर’ और उच्च गुणवत्ता वाले मानव संसाधन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में IIT, IIM, NIT और AIIMS जैसे संस्थान युवाओं को वैश्विक औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार कर रहे हैं।

भारत-कोरिया सहयोग का नया अध्याय
मुख्यमंत्री ने ICCK (इंडियन चेम्बर ऑफ कॉमर्स इन कोरिया) के सहयोग से आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में भाग लेते हुए कोरियन कंपनियों को छत्तीसगढ़ आने का न्योता दिया। उन्होंने कहा“छत्तीसगढ़ दक्षिण कोरियाई निवेशकों के लिए संभावनाओं की भूमि है — यहाँ खनिज, नीति, प्रतिभा और बुनियादी ढांचा, सब कुछ एक जगह उपलब्ध है।” उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि कोरिया भारत के शीर्ष इस्पात आयातकों में है और छत्तीसगढ़ भारत का सबसे बड़ा इस्पात उत्पादक राज्य, ऐसे में यह सहयोग स्वाभाविक और फायदेमंद होगा।
लिथियम और EV इंडस्ट्री के लिए छत्तीसगढ़ बना केंद्र
मुख्यमंत्री साय ने जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ में प्रचुर मात्रा में लिथियम जैसे खनिज मौजूद हैं, जो इलेक्ट्रिक व्हीकल्स और हाई-टेक इंडस्ट्रीज़ के लिए बेहद अहम हैं। उन्होंने कहा कि राज्य वैश्विक ऊर्जा संक्रमण का प्रमुख केंद्र बनने की ओर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि छत्तीसगढ़ औद्योगिक नीति 2024–30 के तहत तकनीकी नवाचार, कौशल विकास और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही उन्होंने ICCK को नॉलेज पार्टनर के रूप में शामिल करने का ऐलान किया।
निवेशकों को मिलेगा फुल सपोर्ट
राज्य सरकार निवेशकों को Single Window Clearance, भूमि आवंटन, अनुमतियाँ और अन्य सभी प्रशासनिक सहयोग तेजी से प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि छत्तीसगढ़ में निवेश करने वाले उद्योगों को हर स्तर पर सहयोग मिलेगा। मुख्यमंत्री साय का यह अंतरराष्ट्रीय दौरा स्पष्ट संकेत देता है कि छत्तीसगढ़ अब न केवल राष्ट्रीय बल्कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर तेजी से उभरता हुआ केंद्र बन चुका है। कोरियन कंपनियों की रुचि और ATCA जैसी संस्थाओं के साथ रणनीतिक जुड़ाव, राज्य में रोजगार, टेक्नोलॉजी और निवेश की नई संभावनाएँ लेकर आएगा।
Read More : CPL 2025: मोहम्मद आमिर की आग उगलती गेंदबाज़ी से त्रिनबागो नाइट राइडर्स की धमाकेदार जीत










