IOCL Executive Recruitment 2026: इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने एग्जीक्यूटिव स्तर के कई पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। कंपनी ने भर्ती नोटिफिकेशन 14 अगस्त 2026 को जारी किया। इस भर्ती के तहत ग्रेजुएट इंजीनियर, ऑफिसर (मार्केटिंग), लॉ ऑफिसर, असिस्टेंट क्वालिटी कंट्रोल ऑफिसर और डिप्लोमा इंजीनियर समेत विभिन्न पदों को भरा जाएगा। इंजीनियरिंग, कानून और क्वालिटी कंट्रोल क्षेत्र से जुड़े उम्मीदवारों के लिए यह सरकारी नौकरी हासिल करने का अच्छा अवसर है। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित समय के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।


3 सितंबर तक कर सकते हैं आवेदन
IOCL Executive Recruitment 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 14 अगस्त से शुरू हो गई है। उम्मीदवारों को अपना आवेदन 3 सितंबर 2026 की शाम 5 बजे तक जमा करना होगा। कंपनी के अनुसार एडमिट कार्ड 15 सितंबर को जारी किए जाने की संभावना है, जबकि कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट यानी CBT का आयोजन 24 सितंबर को संभावित है। हालांकि, इन तारीखों को अंतिम नहीं माना गया है। उम्मीदवारों को किसी भी बदलाव के लिए IOCL की आधिकारिक वेबसाइट देखते रहना चाहिए।

आवेदन शुल्क और छूट की जानकारी
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी समेत अन्य पात्र श्रेणियों के उम्मीदवारों को 1000 रुपये और लागू GST का भुगतान करना होगा। वहीं, एससी, एसटी और दिव्यांग (PwBD) श्रेणी के अभ्यर्थियों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। किसी भी तरह का ऑफलाइन या हार्डकॉपी आवेदन मान्य नहीं होगा।
पद के अनुसार निर्धारित है आयु सीमा
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 1 जुलाई 2026 के आधार पर निर्धारित की गई है। ग्रेजुएट इंजीनियर और डिप्लोमा इंजीनियर पद के लिए अधिकतम आयु 26 वर्ष, ऑफिसर (मार्केटिंग) के लिए 28 वर्ष और लॉ ऑफिसर तथा असिस्टेंट क्वालिटी कंट्रोल ऑफिसर के लिए 30 वर्ष निर्धारित है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट का लाभ मिलेगा।
कुछ पदों के लिए अनुभव जरूरी
लॉ ऑफिसर पद के लिए उम्मीदवार के पास 30 जून 2026 तक संबंधित क्षेत्र में कम से कम दो वर्ष का अनुभव होना चाहिए। वहीं असिस्टेंट क्वालिटी कंट्रोल ऑफिसर पद के लिए पेट्रोलियम, पेट्रोकेमिकल, पॉलिमर या फर्टिलाइजर लैब में कम से कम दो साल का अनुभव मांगा गया है। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले संबंधित पद की शैक्षणिक योग्यता और अनुभव संबंधी शर्तों को ध्यानपूर्वक जांचना चाहिए।

CBT से शुरू होगा चयन का चरण
चयन प्रक्रिया में सबसे पहले कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट आयोजित किया जाएगा। इसके बाद सफल उम्मीदवारों को ग्रुप डिस्कशन और ग्रुप टास्क के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम चरण में पर्सनल इंटरव्यू होगा। CBT में कुल 100 प्रश्न होंगे। सेक्शन ए में क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड, लॉजिकल रीजनिंग और इंग्लिश वर्बल एबिलिटी जैसे विषय शामिल होंगे, जबकि सेक्शन बी में संबंधित पद और उम्मीदवार के विशेषज्ञता क्षेत्र से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे।
गलत उत्तर पर होगी निगेटिव मार्किंग
CBT में प्रत्येक सही उत्तर के लिए एक अंक मिलेगा। वहीं गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक काटे जाएंगे। अंतिम मेरिट में CBT को सबसे अधिक 85 प्रतिशत वेटेज दिया जाएगा। ग्रुप डिस्कशन और ग्रुप टास्क का वेटेज 5 प्रतिशत तथा पर्सनल इंटरव्यू का 10 प्रतिशत होगा।
कैटेगरी के अनुसार न्यूनतम अंक जरूरी
जनरल, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों को प्रत्येक सेक्शन में कम से कम 40 प्रतिशत और कुल मिलाकर 45 प्रतिशत अंक हासिल करने होंगे। एससी और एसटी उम्मीदवारों के लिए सेक्शनल न्यूनतम अंक 35 प्रतिशत और कुल न्यूनतम अंक 40 प्रतिशत निर्धारित किए गए हैं।
आकर्षक है IOCL की सैलरी
इस भर्ती की खास बात इसका वेतन पैकेज है। Grade A पदों पर शुरुआती बेसिक सैलरी 50,000 रुपये प्रतिमाह होगी और पे स्केल 50,000 से 1,60,000 रुपये तक रहेगा। इस स्तर पर सालाना CTC करीब 18.4 लाख रुपये बताया गया है। Grade A0 में शुरुआती बेसिक वेतन 40,000 रुपये और सालाना CTC लगभग 14.8 लाख रुपये है। वहीं Grade E0 में शुरुआती बेसिक सैलरी 30,000 रुपये और सालाना CTC करीब 11.1 लाख रुपये रहेगा।
कई अतिरिक्त सुविधाओं का भी लाभ
चयनित उम्मीदवारों को बेसिक वेतन के अलावा महंगाई भत्ता, हाउस रेंट अलाउंस या सब्सिडाइज्ड आवास, मेडिकल सुविधा, प्रोविडेंट फंड और एक्सीडेंट इंश्योरेंस जैसी सुविधाएं मिलेंगी। इसके अलावा प्रदर्शन के आधार पर अतिरिक्त लाभ और वेतन भी दिया जा सकता है। ऐसे में IOCL की यह भर्ती युवाओं के लिए करियर और बेहतर पैकेज दोनों के लिहाज से महत्वपूर्ण अवसर है।
Read More : UPSC Mains Exam 2026: रायपुर में 21 अगस्त से परीक्षा, 185 अभ्यर्थी होंगे शामिल; तैयारियां पूरी











