Janjgir Champa Murder
Janjgir Murder Case: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। जिला पुलिस ने बिर्रा थाना क्षेत्र के करही गांव में हुए हाई-प्रोफाइल मर्डर केस की गुत्थी को सुलझाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बीते 23 अप्रैल की दरमियानी रात को तीनों आरोपियों ने नकाब पहनकर पूर्व ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष और बड़े रेत-सीमेंट कारोबारी सम्मेलाल कश्यप के घर में धावा बोला था। बदमाशों ने वहां सो रहे उनके 19 वर्षीय बड़े बेटे आयुष कश्यप के सिर और सीने में ताबड़तोड़ गोलियां मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया था। इस अंधी हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार प्रयासरत था, जिसके बाद अब मुख्य शूटरों को दबोच लिया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हेमंत कुमार बघेल (23 वर्ष), भूषण बघेल (23 वर्ष) और अमित टंडन (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो इसी करही गांव के ही रहने वाले हैं। पुलिस की कड़ी पूछताछ में आरोपियों ने जो खुलासे किए हैं, उसने सुरक्षा एजेंसियों को भी हैरान कर दिया है। पूछताछ में सामने आया है कि मृतक आयुष कश्यप इतनी कम उम्र में ही अपने पिता का रेत और गिट्टी का बड़ा कारोबार संभालने लगा था।
क्षेत्र के रेत माफिया और प्रतिद्वंद्वी कारोबारी आयुष के बढ़ते दबदबे, रसूख और आर्थिक तरक्की को देखकर बुरी तरह जलते थे और उसे रास्ते से हटाना चाहते थे। यह पूरी वारदात पैसों के पुराने विवाद, व्यापारिक होड़ और गहरी रंजिश के तहत सुपारी (कॉन्ट्रेक्ट किलिंग) देकर कराई गई थी। आरोपी सिर्फ आयुष ही नहीं, बल्कि उसके पिता सम्मेलाल की भी हत्या करना चाहते थे।
पकड़े गए शूटरों में से एक भूषण बघेल ने पुलिस के सामने कुबूल किया है कि उसने साल 2023 में ही आयुष के पिता सम्मेलाल कश्यप की हत्या करने के लिए 7 लाख रुपये की भारी-भरकम सुपारी ली थी। हालांकि, उस समय वह किसी कारणवश इस जानलेवा घटना को अंजाम देने में असफल रहा था। इसके बाद अन्य सहयोगियों ने मिलकर आयुष और उसके पिता से व्यावसायिक दुश्मनी के चलते दोबारा खूनी साजिश रची। आरोपियों पर पुराना भारी कर्ज भी था, जिसे चुकाने के लिए उन्होंने इस सुपारी की डील को फाइनल किया था। हालांकि, इस हत्याकांड का मुख्य मास्टरमाइंड (जिसने सुपारी के पैसे दिए थे) और कुछ अन्य सहयोगी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम देने के तुरंत बाद तीनों आरोपी छत्तीसगढ़ की सीमा लांघकर सीधे गुजरात भाग गए थे। वहां अपनी पहचान छिपाने और पुलिस की नजरों से बचने के लिए उन्होंने एक स्थानीय कारखाने में मजदूरी का काम करना भी शुरू कर दिया था। पुलिस की स्पेशल टीम को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जब इन तीनों पर गहरा शक हुआ, तो साइबर सेल की मदद से उन्हें बिना भनक लगे पूछताछ के बहाने छत्तीसगढ़ वापस बुलाया गया। यहां कड़ाई से की गई तफ्तीश के आगे वे टूट गए और उन्होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई एक घातक पिस्टल, एक भरी हुई मैगजीन, एक खाली मैगजीन और भागने में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक को सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है।
23-24 अप्रैल की रात करीब साढ़े 12 बजे हुए इस खौफनाक घटनाक्रम को याद कर आज भी परिवार कांप उठता है। बदमाशों ने कत्ल की नियत से घर में घुसने से ठीक पहले बाहर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों को बेरहमी से तोड़ दिया था ताकि कोई पुख्ता सबूत न बचे। इसके बाद वे अंदर घुसे और सबसे पहले आयुष के माता-पिता के बेडरूम के दरवाजे को बाहर से कुंडी लगाकर बंद कर दिया।
उस वक्त एक अन्य कमरे में तीन भाई-बहन—आयुष (बीएएलएलबी सेकंड ईयर का छात्र), आशुतोष (16 वर्ष, 10वीं का छात्र) और उनकी बड़ी बहन प्रेरणा कश्यप (जो जगदलपुर में पोस्ट ऑफिस में कार्यरत हैं और छुट्टी पर आई थीं)—एक साथ सो रहे थे। नकाबपोशों ने कमरे में घुसते ही आयुष पर फायरिंग कर दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बीच-बचाव करने आए छोटे भाई आशुतोष के कंधे पर भी एक गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस वीभत्स हत्याकांड के बाद पूरे प्रदेश की राजनीति गरमा गई थी, जिसके बाद कोरबा, जांजगीर और बिलासपुर जिले की पुलिस ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीमों ने देश के 7 राज्यों—गुजरात, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर में लगातार ताबड़तोड़ दबिश दी। इस बड़े सर्च ऑपरेशन के दौरान साइबर टीम ने 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और कॉल डंप डेटा का विश्लेषण किया। अपनी विशेष ट्रेनिंग से लौटते ही जांजगीर के पुलिस अधीक्षक (SP) विजय कुमार पांडेय सीधे पीड़ित परिवार से मिलने करही गांव पहुंचे थे और उन्होंने आरोपियों के खात्मे के लिए ‘ऑपरेशन हंट’ (Operation Hunt) की शुरुआत की, जिसके सकारात्मक परिणाम आज सबके सामने हैं।
Read More: CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट, राजनांदगांव में पारा 46 डिग्री पहुंचा
Cockroach Strength : साल 2008 में आई हॉलीवुड की मशहूर एनिमेटेड फिल्म 'वॉल-ई' (Wall-E) में…
Alka Lamba Convicted : दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत ने अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की…
Cockroach Janta Party : भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकान्त के एक मौखिक बयान से…
Padma Awards : देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल पद्म पुरस्कारों को लेकर नई…
Khairagarh News : छत्तीसगढ़ के नवनिर्मित खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले से एक बेहद शर्मनाक और हैरान करने…
IPL 2026 Controversy : क्रिकेट की दुनिया के दो दिग्गज खिलाड़ियों, भारत के रन-मशीन विराट…
This website uses cookies.