Jashpur News : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले की ग्राम पंचायत आरा में नर्सिंग कौशल कॉलेज का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। यह संस्थान विशेष रूप से जनजातीय और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि नर्सिंग सिर्फ रोजगार का साधन नहीं, बल्कि मानवता की सेवा करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। मरीजों की देखभाल और उनके जीवन की रक्षा में नर्सिंग कर्मचारियों का योगदान बेहद अहम होता है।
कॉलेज की सभी 120 सीटों पर छात्राओं का प्रवेश पूरा
छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से प्रचेत फाउंडेशन के माध्यम से इस संस्थान की स्थापना की गई है। यहां दो वर्षीय एएनएम नर्सिंग पाठ्यक्रम संचालित किया जा रहा है। कॉलेज की सभी 120 सीटों पर प्रवेश पूरा हो चुका है। खास बात यह है कि यहां पढ़ने वाली लगभग 90 प्रतिशत छात्राएं जनजातीय और सामाजिक-आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों से आती हैं।कॉलेज में आधुनिक प्रयोगशालाओं, छात्रावास और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। छात्राओं को किताबी पढ़ाई के साथ अस्पतालों और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद उन्हें प्रतिष्ठित अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की व्यवस्था रहेगी।

जनजातीय गौरव दिवस और छठ पर बेटियों को मिली सौगात
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाया जाने वाला जनजातीय गौरव दिवस जनजातीय समाज के संघर्ष और बलिदान को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दिवस से जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय पहचान मिली है।उन्होंने प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस और छठ महापर्व की शुभकामनाएं भी दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सूर्यदेव और छठी मैया की उपासना का यह पर्व आस्था, तपस्या और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।

छत्तीसगढ़ में बढ़ रहे चिकित्सा शिक्षा के अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य गठन के समय प्रदेश में केवल एक मेडिकल कॉलेज था, लेकिन पिछले 25 वर्षों में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। अब मेडिकल कॉलेजों की संख्या 15 से अधिक हो चुकी है। इस वर्ष पांच नए मेडिकल कॉलेज भी शुरू किए जा रहे हैं।उन्होंने छात्राओं से तकनीकी दक्षता के साथ मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, करुणा और सेवाभाव विकसित करने की अपील की। उनके अनुसार एक अच्छी नर्स की पहचान केवल उसकी योग्यता नहीं, बल्कि मरीजों के प्रति उसका व्यवहार भी होता है।
2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सरकार ने वर्ष 2047 तक छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर मिशन मोड में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के प्रभाव में कमी आने से दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में भी विकास और रोजगार के नए रास्ते खुल रहे हैं।

मोदी की गारंटी के वादों को पूरा करने में जुटी सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार मोदी की गारंटी के तहत किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के हित में योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1600 प्रधानमंत्री आवास बनाए जा रहे हैं। वहीं, किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं। अब प्रदेश में करीब 3100 केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की व्यवस्था है।
जनजातीय और वंचित वर्गों के लिए रोजगार का नया रास्ता
प्रचेत फाउंडेशन छत्तीसगढ़ शासन और पैन आईआईटी एलुमनी रीच फॉर इंडिया फाउंडेशन का गैर-लाभकारी संयुक्त उद्यम है। इसका उद्देश्य जनजातीय समुदायों सहित गरीब युवाओं, महिलाओं और तृतीय लिंग समुदाय के लोगों को कौशल प्रशिक्षण देकर सशक्त बनाना है। आरा का नर्सिंग कॉलेज इसी पहल का हिस्सा है।कार्यक्रम में विधायक रायमुनी भगत ने छात्राओं को बधाई दी। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगाराम भगत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और संस्था के पदाधिकारी मौजूद रहे।
Read More : Ambikapur News: तीसरे दिन भी नाकाम रहा कबरा हाथी का रेस्क्यू, पहाड़ी रास्ते ने बढ़ाई मुश्किलें

