Javed Akhtar Interview : हिंदी सिनेमा के दिग्गज गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने अपनी जिंदगी के उस दौर को याद किया है, जिसे लेकर उन्हें आज भी गहरा अफसोस होता है। ‘शोले’, ‘दीवार’ और ‘जंजीर’ जैसी फिल्मों के यादगार संवाद लिखने वाले जावेद अख्तर ने खुलासा किया कि शराब की लत के कारण उनकी जिंदगी के करीब 15 साल बर्बाद हो गए। 80 वर्षीय लेखक ने बताया कि एक समय ऐसा था, जब वह लगभग हर रात एक बोतल शराब पी जाते थे। हालांकि, उन्होंने वर्षों पहले इस आदत को हमेशा के लिए छोड़ दिया था।
हर रात लगभग एक बोतल शराब पीते थे जावेद
एक इंटरव्यू के दौरान जावेद अख्तर ने अपनी जिंदगी के पछतावों के बारे में खुलकर बातचीत की। उन्होंने बताया कि उनकी जिंदगी में कई ऐसी बातें हुईं, जिन्हें वह बदलना चाहते हैं। इनमें सबसे बड़ा अफसोस शराब की लत के कारण अपने जीवन के 15 साल गंवाना है।जावेद अख्तर के मुताबिक, वह नियमित रूप से काफी अधिक मात्रा में शराब पीते थे। कई बार उनकी आदत इतनी बढ़ गई थी कि वह हर रात लगभग एक बोतल शराब खत्म कर देते थे। आज पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें लगता है कि इस समय का इस्तेमाल वह कुछ बेहतर और रचनात्मक कामों में कर सकते थे।

संगीत और नई भाषाएं सीखने में लगा सकते थे समय
गीतकार ने बताया कि शराब की लत में गंवाए गए 15 वर्षों में वह संगीत सीख सकते थे, नई भाषाओं का ज्ञान हासिल कर सकते थे और अपने परिवार तथा करीबियों के साथ ज्यादा समय बिता सकते थे। उनके अनुसार, यह ऐसा समय था, जिसका सही इस्तेमाल उनकी जिंदगी को और बेहतर बना सकता था।उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि शराब के नशे में उन्होंने जिंदगी के कई गलत फैसले लिए। उनका मानना है कि अगर वह उस समय शराब से दूर रहते, तो शायद कुछ गलतियों और विवादों से बच सकते थे। अब उन्हें एहसास होता है कि नशे की आदत ने उनके व्यक्तिगत जीवन और फैसलों को भी प्रभावित किया।

31 जुलाई 1991 को आखिरी बार पी थी शराब
जावेद अख्तर ने अपनी शराब छोड़ने की तारीख भी बताई। उन्होंने कहा कि 31 जुलाई 1991 को उन्होंने आखिरी बार शराब पी थी। इसके बाद उन्होंने दोबारा कभी शराब को हाथ नहीं लगाया।उन्होंने बताया कि वह लंबी जिंदगी जीना चाहते थे और उन्हें समझ आ गया था कि शराब की आदत उनके लिए नुकसानदायक साबित हो रही है। इसी सोच के साथ उन्होंने शराब से पूरी तरह दूरी बनाने का फैसला किया। खास बात यह है कि तीन दशक से अधिक समय बीत जाने के बाद भी वह अपने इस फैसले पर कायम हैं।
हनी ईरानी ने भी रिश्ते पर शराब के असर का किया था जिक्र
जावेद अख्तर की पहली पत्नी और स्क्रीनराइटर हनी ईरानी भी पहले उनके शराब पीने की आदत को अपनी शादी के दौरान आने वाली बड़ी परेशानियों में से एक बता चुकी हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि जावेद की शराब पीने की आदत का उनके रिश्ते पर असर पड़ता था।जावेद अख्तर ने भी माना था कि नशे की हालत में व्यक्ति छोटी-छोटी बातों पर बहस करने लगता है। कई बार गुस्से और आवेश में ऐसे फैसले ले लेता है, जिनका बाद में पछतावा होता है। उनके इस बयान से साफ है कि शराब की लत का असर केवल सेहत तक सीमित नहीं रहता, बल्कि रिश्तों और व्यवहार को भी प्रभावित कर सकता है।

शबाना आजमी के सामने किया था शराब छोड़ने का ऐलान
अभिनेत्री शबाना आजमी ने भी एक पुराने इंटरव्यू में उस खास दिन का किस्सा साझा किया था, जब जावेद अख्तर ने शराब छोड़ने का फैसला किया था। उन्होंने बताया था कि उस समय दोनों लंदन के एक फ्लैट में मौजूद थे।शबाना के मुताबिक, सुबह नाश्ता करने के बाद जावेद ने उनसे साफ शब्दों में कहा था कि अब वह शराब नहीं पिएंगे। उनका यह फैसला जिंदगी में एक बड़े बदलाव की शुरुआत साबित हुआ। आज जावेद अख्तर का यह खुलासा उनकी पुरानी आदत, उससे हुए नुकसान और उस पर जीत हासिल करने की कहानी को फिर चर्चा में ले आया है।

