Khelo India Youth Games 2026 : तेलंगाना में आयोजित होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने रविवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह बैठक राज्य में पहली बार आयोजित होने जा रही इस राष्ट्रीय स्तर की युवा खेल प्रतियोगिता से पहले हुई। खेलो इंडिया यूथ गेम्स का आयोजन 11 से 22 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में देशभर के युवा खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया भी बैठक में रहे मौजूद
प्रधानमंत्री के साथ हुई इस मुलाकात में मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी के साथ तेलंगाना सरकार के सिंचाई, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री एन. उत्तम कुमार रेड्डी और खेल मंत्री वाकिटी श्रीहरि भी मौजूद रहे। वहीं, केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने भी बैठक में हिस्सा लिया। इस मुलाकात को खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आयोजन की तैयारियों और राज्य में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स के मैस्कॉट और लोगो का होगा अनावरण
मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 के मैस्कॉट और आधिकारिक लोगो के अनावरण समारोह में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे हैं। इस आयोजन के जरिए प्रतियोगिता की पहचान और प्रचार को नई गति मिलने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मुलाकात की जानकारी साझा की। पीएमओ के अनुसार, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी, राज्य के मंत्री वाकिटी श्रीहरि और एन. उत्तम कुमार रेड्डी तथा केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की।

11 से 22 दिसंबर तक आयोजित होंगे खेलो इंडिया यूथ गेम्स
खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 का आयोजन 11 दिसंबर से शुरू होकर 22 दिसंबर तक चलेगा। इस प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के युवा खिलाड़ी भाग लेंगे। इस बार प्रतियोगिता में 27 प्रतिस्पर्धी खेलों को शामिल किया गया है। इसके अलावा एक डेमोंस्ट्रेशन स्पोर्ट भी आयोजित किया जाएगा। इस मंच के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने और भविष्य में बड़े खेल आयोजनों के लिए खुद को तैयार करने का अवसर मिलेगा।
हैदराबाद के प्रमुख खेल परिसरों में होंगी प्रतियोगिताएं
प्रतियोगिता की कई प्रमुख पदक स्पर्धाएं हैदराबाद के खेल परिसरों में आयोजित की जाएंगी। इनमें बशीरबाग स्थित लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम परिसर और गाचीबोवली खेल परिसर प्रमुख हैं। इन स्थानों पर कुल 22 पदक स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा प्रतियोगिताओं को राज्य के अन्य शहरों तक भी पहुंचाया जाएगा, जिससे तेलंगाना के अलग-अलग क्षेत्रों में खेलों को बढ़ावा मिलेगा।

तेलंगाना के पांच अन्य शहरों में भी होंगे मुकाबले
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के तहत हैदराबाद के अलावा पांच अन्य शहरों में भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। खम्मम में तीरंदाजी, हनुमाकोंडा में एथलेटिक्स, करीमनगर में जूडो, निजामाबाद में टेबल टेनिस और महबूबनगर में कबड्डी के मुकाबले होंगे। इस व्यवस्था से राज्य के विभिन्न शहरों को राष्ट्रीय खेल आयोजन से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
6 हजार खिलाड़ी और 1800 सहायक स्टाफ के शामिल होने की उम्मीद
इससे पहले केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2026 का पूरा कार्यक्रम घोषित किया था। उन्होंने कहा था कि यह आयोजन देशभर में युवा खेल प्रतिभाओं की पहचान करने और उन्हें आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच है। उनके मुताबिक, प्रतियोगिता में लगभग 6,000 खिलाड़ियों और 1,800 सहायक स्टाफ सदस्यों के शामिल होने की उम्मीद है। एशियाई खेलों के बाद आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई गई है।

