Korba bikers arrested : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर बाइकर्स ने जमकर उत्पात मचाया। युवकों ने SECL कॉलोनी और मानिकपुर चौकी क्षेत्र में बाइक के साइलेंसर से पटाखे जैसी तेज आवाजें निकालकर माहौल बिगाड़ दिया। इस मामले में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 8 युवकों को पकड़ा है।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों को मिली शिकायत
घटना उस समय घटी जब एसपी सिद्धार्थ तिवारी, कलेक्टर अजीत वसंत और वन विभाग के अधिकारी आत्मानंद स्कूल में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम और हेलीपैड के पास पौधरोपण कार्यक्रम में मौजूद थे। इसी बीच बाइकर्स की करतूत की सूचना अधिकारियों को मिली, जिसके बाद पुलिस और वनकर्मियों को मौके पर भेजा गया।

पुलिस को देखकर मच गई अफरा-तफरी
जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, बाइकर्स में अफरा-तफरी मच गई। कई युवक बाइक छोड़कर भाग खड़े हुए तो कुछ को पुलिस और वनकर्मियों ने पीछा कर पकड़ लिया। कुल 8 युवकों को हिरासत में लिया गया और उनकी बाइकें जब्त कर मानिकपुर चौकी ले जाई गईं।
रायपुर में भी बाइकर्स पर कार्रवाई
इसी तरह राजधानी रायपुर में भी स्वतंत्रता दिवस के दिन बाइक से स्टंट कर रहे 9 युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि त्योहार और राष्ट्रीय पर्वों पर हुड़दंग मचाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और इस तरह की हरकतें किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएंगी।
स्थानीय लोगों में नाराज़गी
SECL कॉलोनी और आसपास के इलाकों के लोगों ने शिकायत की कि बाइकर्स रोजाना गाड़ियों के साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाज निकालते हैं और तेज रफ्तार से गाड़ियां चलाते हैं। मना करने पर वे गाली-गलौज करते हैं और मारपीट की धमकी भी देते हैं। इस कारण लोगों में लंबे समय से नाराज़गी है।


मानिकपुर चौकी प्रभारी ने दी जानकारी
मानिकपुर चौकी प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि पकड़े गए सभी युवकों पर कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा अन्य आरोपियों की पहचान कर उन्हें भी कानून के दायरे में लाया जाएगा। चौकी प्रभारी ने कहा कि इस तरह का उत्पात किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस और यातायात विभाग का विशेष अभियान जारी
जिले के थाना-चौकियों और यातायात विभाग की ओर से पहले से ही तेज रफ्तार बाइक और साइलेंसर से पटाखा फोड़ने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आगे भी ऐसे मामलों पर सख्ती से कार्रवाई होगी ताकि आम लोगों को परेशानी न हो और स्वतंत्रता दिवस जैसे अवसरों पर कानून-व्यवस्था बनी रहे।
Read More : Kailash Vijayvargiya: स्वतंत्रता दिवस पर सुर्खियों में कैलाश विजयवर्गीय का बयान, “कटी-फटी आजादी मिली थी”











