Surguja Students Protest : छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सरकारी स्कूल की बदहाल शिक्षा व्यवस्था से परेशान छात्र-छात्राओं ने अब अपनी आवाज बुलंद कर दी है। लखनपुर विकासखंड के पुहपुटरा स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाले 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने शिक्षकों की लापरवाही और नियमित पढ़ाई नहीं होने के विरोध में अनोखा कदम उठाया। अपनी समस्याओं को लेकर विद्यार्थी करीब 8 किलोमीटर पैदल चलकर विकासखंड मुख्यालय लखनपुर में बीईओ से मिलने निकल पड़े। विद्यार्थियों के इस कदम की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल मच गई।
8 किलोमीटर पैदल चलकर अधिकारियों से मिलने निकले छात्र
जानकारी के मुताबिक, स्कूल में पढ़ाई की व्यवस्था से नाराज छात्र-छात्राएं अपनी शिकायत लेकर पैदल ही लखनपुर ब्लॉक मुख्यालय की ओर रवाना हुए थे। चलते हुए विद्यार्थी कैमरा जनपद कार्यालय के पास पहुंच गए। इसी दौरान अधिकारियों को उनके प्रदर्शन की जानकारी मिली। इसके बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी देव कुमार गुप्ता समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और विद्यार्थियों को रास्ते में रोककर उनसे बातचीत की। अधिकारियों ने उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।

24 शिक्षकों का स्टाफ, फिर भी नियमित पढ़ाई नहीं
विद्यार्थियों का आरोप है कि विद्यालय में करीब 24 शिक्षकों का स्टाफ होने के बावजूद पढ़ाई की स्थिति संतोषजनक नहीं है। हिंदी, कृषि और आर्ट्स संकाय में विषयवार शिक्षकों की कमी बनी हुई है। इसके अलावा कई शिक्षक समय पर स्कूल नहीं पहुंचते और नियमित कक्षाएं भी संचालित नहीं होतीं। विद्यार्थियों के मुताबिक, बोर्ड परीक्षा नजदीक होने के बावजूद उनका पाठ्यक्रम पूरा नहीं हो पाया है। इससे उनकी परीक्षा की तैयारी प्रभावित हो रही है और भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।

शिकायत करने पर टीसी काटने की धमकी देने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान एक छात्रा ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि जब उसने शिक्षकों के समय पर स्कूल पहुंचने का मुद्दा उठाया तो प्राचार्य की ओर से टीसी काटने की धमकी दी गई। विद्यार्थियों ने स्कूल में शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने और भवन का निर्माण अधूरा रहने की शिकायत भी की। इसके साथ ही उन्होंने अब तक शैक्षणिक भ्रमण नहीं कराए जाने का मुद्दा उठाया। छात्रों का कहना है कि भ्रमण की मांग करने पर स्कूल प्रबंधन फंड की कमी का हवाला देकर बात टाल देता है।
बीईओ, नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी पहुंचे मौके पर
विद्यार्थियों के पैदल मार्च की सूचना मिलने पर बीईओ देव कुमार गुप्ता, नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी सहित प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनकी शिकायतों के निराकरण का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रशासन की ओर से वाहन उपलब्ध कराया गया और सभी विद्यार्थियों को वापस स्कूल भेजा गया। बाद में बीईओ, नायब तहसीलदार और थाना प्रभारी की टीम विद्यालय पहुंची और स्कूल प्रबंधन के साथ बैठक कर पूरे मामले पर चर्चा की।

शैक्षणिक भ्रमण को लेकर प्राचार्य और विद्यार्थियों में विवाद
बीईओ देव कुमार गुप्ता के मुताबिक, प्राचार्य और विद्यार्थियों के बीच मुख्य विवाद शैक्षणिक भ्रमण को लेकर है। भ्रमण के लिए देवगढ़ जाने की अनुमति मिली है, लेकिन विद्यार्थी किसी अन्य स्थान पर जाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि स्कूल में बैठक के बाद पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी। यदि पढ़ाई और शिक्षकों की कमी से संबंधित शिकायतें सामने आती हैं तो चर्चा कर उनका निराकरण किया जाएगा।
प्रभारी प्राचार्य ने नियमित पढ़ाई होने की कही बात
वहीं प्रभारी प्राचार्य गोकुल प्रसाद जांगड़े ने बताया कि शैक्षणिक भ्रमण को लेकर सोमवार को अंतिम निर्णय होना था। उन्होंने स्कूल में नियमित रूप से पढ़ाई होने की बात कही। हालांकि, विद्यार्थियों की शिकायतों और प्रबंधन के दावों के बीच अब सबसे बड़ा सवाल बोर्ड परीक्षा को लेकर है। आखिर 24 शिक्षकों के स्टाफ वाले विद्यालय में विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए 8 किलोमीटर पैदल चलकर विरोध क्यों करना पड़ा? अब देखना होगा कि प्रशासन के आश्वासन के बाद शिक्षा व्यवस्था में कितना सुधार होता है।

