Family conflict suicide : महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे राज्य को स्तब्ध कर दिया है। पारिवारिक विवाद के चलते एक पिता ने पहले अपने चार मासूम बच्चों को कुएं में धकेल दिया और फिर खुद भी कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना में पांचों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे गांव में मातम छा गया।

क्या है पूरी घटना?
घटना महकारी नगर तालुका के बारादरी स्थित अहिल्यानगर की है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय अरुण काले के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, अरुण का अपनी पत्नी शीला के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। मारपीट और घरेलू हिंसा की वजह से पत्नी बच्चों को छोड़कर अपनी मां के साथ रहने चली गई थी।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को अरुण वीरभद्र प्राथमिक विद्यालय पहुंचा, जहां उसके चारों बच्चे पढ़ते थे। वहां से वह बच्चों को अपने साथ ले गया और पास के एक कुएं पर पहुंचकर पहले बच्चों को धक्का देकर नीचे गिरा दिया और फिर खुद भी कूद गया।
मासूमों की उम्र 6 से 9 वर्ष
मृत बच्चों की उम्र 6 से 9 वर्ष के बीच बताई जा रही है। जब अरुण और बच्चे देर शाम तक घर नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। कुछ ही देर में गांव के पास कुएं के किनारे बच्चों की चप्पलें और किताबें मिलने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर पांचों शवों को बाहर निकाला। पोस्टमार्टम के लिए शवों को भेजा गया है। पुलिस ने पुष्टि की है कि जब अरुण का शव निकाला गया, तो उसका बायां हाथ और पांव रस्सी से बंधा हुआ था, जिससे आत्महत्या की आशंका और भी गहरी हो गई है।
गांव में पसरा मातम
इस भयावह घटना ने पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक साथ पांच शवों को देखकर हर आंख नम है। ग्रामीणों के मुताबिक, अगर समय रहते परिवार के विवाद को सुलझा लिया गया होता या अरुण की मानसिक स्थिति पर ध्यान दिया गया होता, तो शायद ये मासूम जिंदगियां बचाई जा सकती थीं। यह घटना न केवल एक पारिवारिक त्रासदी है, बल्कि समाज के लिए एक बड़ा संदेश भी है कि घरेलू विवादों और मानसिक तनाव को हल्के में नहीं लेना चाहिए। समय रहते सलाह, संवाद और हस्तक्षेप से कई जिंदगियों को बचाया जा सकता है।
Read More : Asia Cup 2025 Pakistan team का ऐलान, बाबर-रिजवान की अनुपस्थिति, संभावित प्लेइंग 11 का क्या होगा फॉर्मूला?











