Mahasamund Drugs Raid
Mahasamund Drugs Raid: छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने नशे के सौदागरों के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा अभियान चलाकर अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क की कमर तोड़ दी है। 7 जनवरी से 29 जनवरी के बीच कुल 8 अलग-अलग बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम देते हुए पुलिस ने लगभग 7.86 करोड़ रुपये मूल्य का गांजा और प्रतिबंधित नशीली सिरप जब्त की है। इस सघन अभियान में ओडिशा, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के कुल 27 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा गया है। पुलिस की इस सफलता ने ओडिशा से शुरू होकर छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश तक फैले ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है।
इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला नाम मशहूर यूट्यूबर आकाश जाधव का सामने आया है। महाराष्ट्र का रहने वाला आकाश सोशल मीडिया पर एक जाना-माना चेहरा है, जिसके यूट्यूब पर 5.68 मिलियन और इंस्टाग्राम पर 3 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वह सांपों का रेस्क्यू करने के वीडियो डालकर शोहरत बटोरता था, लेकिन पर्दे के पीछे वह ओडिशा से महाराष्ट्र तक गांजा तस्करी का नेटवर्क चलाने वाला मुख्य मास्टरमाइंड निकला। आकाश पिछले 6 महीनों से पुणे पुलिस की नजरों से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसकी महंगी फॉर्च्यूनर कार सहित अन्य संपत्तियां जब्त की हैं।
महासमुंद पुलिस को सबसे बड़ी कामयाबी कोमाखान थाना क्षेत्र में मिली। यहाँ पुलिस ने एक वाहन से 950 किलो गांजा बरामद किया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 4.75 करोड़ रुपये आंकी गई है। इस कार्रवाई में महाराष्ट्र के जालना जिले के परिवहनकर्ताओं के साथ मुख्य व्यवस्थापक प्रदीप मुसदवले को गिरफ्तार किया गया है। जाँच में पता चला है कि तस्करों ने गांजे को छिपाने के लिए विशेष चैंबर बनवाए थे, ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके।
नशे के इस जाल में पुणे का कुख्यात सोनवाने परिवार भी शामिल पाया गया है। पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में 520 किलो गांजा (कीमत 2.60 करोड़) के साथ रामदास, कुनाल और प्रतीक सोनवाने को गिरफ्तार किया। साथ ही, ओडिशा के कालाहांडी से सप्लाई देने वाले मुख्य सप्लायर रंजन दुर्गा को भी दबोचा गया है। सिंघोड़ा पुलिस ने भी सीमा पर नाकेबंदी कर 50 किलो गांजा जब्त किया और उत्तर प्रदेश के खरीदार राघवेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर यूपी तक फैले नेटवर्क का खुलासा किया।
गांजे के अलावा पुलिस ने नशीली सिरप के अवैध कारोबार पर भी तगड़ा प्रहार किया है। कार्रवाई के दौरान 146 बोतल प्रतिबंधित नशीली सिरप जब्त की गई। इस नेटवर्क के तार ओडिशा से दुर्ग और रायपुर तक जुड़े हुए थे। रायपुर के समता कॉलोनी निवासी हर्षित सक्सेना को इस सिंडिकेट के ‘फॉरवर्ड लिंक’ के रूप में चिन्हित किया गया है। पुलिस ने ओडिशा के सप्लायर शिबू बिधानी और आरंग क्षेत्र के खरीदार ओमप्रकाश रात्रे को भी गिरफ्तार कर नशीले इंजेक्शन और सिरप की सप्लाई चेन को पूरी तरह तोड़ दिया है।
एसपी प्रभात कुमार ने बताया कि नशे के इस नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करने के लिए पुलिस आधुनिक तकनीकों का सहारा ले रही है। मोबाइल डेटा, लोकेशन ट्रैकिंग, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और तस्करों के डिजिटल लेन-देन की बारीकी से जाँच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार आरोपियों में पुणे के सुशील दाभाडे, संजीव अहिरे और सागर बाग जैसे शातिर अपराधी शामिल हैं। पुलिस अब इस बात की तफ्तीश कर रही है कि इन तस्करों ने अवैध कमाई से कितनी चल-अचल संपत्तियां बनाई हैं।
Sabarimala Case : केरल के प्रसिद्ध सबरीमाला मंदिर सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर महिलाओं के…
PM Modi Trishul Kashi : धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी…
Summer Drinks : भीषण गर्मी और तपती धूप के मौसम में शरीर को अंदरुनी ठंडक…
Blue Moon May 2026 : धार्मिक और ज्योतिषीय गणना के अनुसार, साल 2026 का मई…
Hamas Leader Dead : इजरायल और हमास के बीच चल रहे विनाशकारी युद्ध में इजरायली…
IIT Kharagpur : देश के प्रतिष्ठित संस्थान इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईआईटी), खड़गपुर से एक…
This website uses cookies.