Maihar Accident News : मध्य प्रदेश के मैहर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया। यहां तेज रफ्तार से जा रही एक कार आगे चल रहे ऑयल टैंकर में पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा टैंकर के पिछले हिस्से में फंस गया। इसके कुछ ही देर बाद कार में आग लग गई। आग की लपटों के बीच कार टैंकर के साथ काफी दूर तक घिसटती चली गई। इस खौफनाक हादसे में कार सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि तीनों की जान बच गई।
सिमरन होटल के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना मैहर में नेशनल हाईवे-30 पर स्थित सिमरन होटल के नजदीक हुई। बताया जा रहा है कि कार जबलपुर से सिंगरौली की ओर जा रही थी। कार की रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे बताई जा रही है। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे आगे चल रहे ऑयल टैंकर के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका अगला हिस्सा टैंकर में फंस गया। कुछ ही पलों में कार से आग की लपटें उठने लगीं।

टैंकर चालक की सूझबूझ से टली बड़ी अनहोनी
हादसे के बाद स्थिति बेहद खतरनाक हो गई थी। कार टैंकर में फंसी हुई थी और उसमें आग तेजी से फैल रही थी। इस दौरान टैंकर चालक ने घबराने के बजाय समझदारी दिखाई। उसने टैंकर को जिग-जैग तरीके से चलाया, जिससे जलती हुई कार धीरे-धीरे टैंकर से अलग हो गई। इसके बाद कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। हाईवे पर जलती हुई कार का दृश्य देखकर वहां से गुजर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। टैंकर चालक की सूझबूझ से एक बड़ी दुर्घटना टल गई।

राहगीरों ने घायलों की मदद कर पहुंचाया अस्पताल
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने राहत एवं बचाव कार्य में मदद की। उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तीनों घायल युवकों को एंबुलेंस की सहायता से नागपुर मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया।
नशे में होने की आशंका, मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार
घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी अभिषेक सिंह परिहार अस्पताल पहुंचे और घायल युवकों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने हादसे के पूरे घटनाक्रम से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को भी अवगत कराया। प्रारंभिक जानकारी में कार सवार युवकों के नशे की हालत में होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल जांच रिपोर्ट आने के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस हादसे के कारणों की कर रही जांच
फिलहाल मैहर पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। तेज रफ्तार, वाहन से नियंत्रण खोना और संभावित नशे की स्थिति जैसे बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसे के समय कार में सवार तीनों युवक किस परिस्थिति में थे। फिलहाल तीनों घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

