Matsya Kisan Samridhi Yojana : मछली पालन का व्यवसाय करने वाले किसानों के लिए राहत भरी खबर है। अब मछली पालन के दौरान होने वाले नुकसान से बचने के लिए मत्स्य पालक बीमा सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि योजना (PM-MKSSY) के तहत एक्वाकल्चर इंश्योरेंस यानी मछली पालन बीमा की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इस योजना का उद्देश्य मछली पालन से जुड़े किसानों को आर्थिक सुरक्षा देना और इस व्यवसाय में होने वाले जोखिम को कम करना है।
इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि बीमा प्रीमियम पर सरकार की ओर से 40 फीसदी सब्सिडी दी जाएगी। इससे किसानों को बीमा कराने के लिए कम पैसे खर्च करने पड़ेंगे। अगर बीमा पॉलिसी में शामिल किसी कारण से मछलियों को नुकसान होता है तो किसान बीमा कंपनी से आर्थिक मुआवजे का दावा कर सकेंगे।

मछलियों को नुकसान होने पर मिलेगा बीमा का फायदा
मछली पालन का व्यवसाय देखने में जितना आसान लगता है, इसमें उतने ही जोखिम भी होते हैं। कई बार तालाब में अचानक मछलियों की बीमारी फैल जाती है। इसके अलावा पानी की गुणवत्ता खराब होने, ऑक्सीजन की कमी, मौसम में बदलाव और अन्य कारणों से भी मछलियों की मौत हो सकती है।

ऐसी परिस्थितियों में मत्स्य पालकों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। कई किसानों की महीनों की मेहनत और निवेश एक झटके में बर्बाद हो जाता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए सरकार ने बीमा सुविधा को बढ़ावा दिया है। हालांकि, बीमा का लाभ उन्हीं परिस्थितियों में मिलेगा, जिन्हें संबंधित पॉलिसी में कवर किया गया है।
बीमा प्रीमियम पर सरकार देगी 40 फीसदी सब्सिडी
प्रधानमंत्री मत्स्य किसान समृद्धि योजना के तहत बीमा कराने वाले किसानों को प्रीमियम की रकम पर 40 प्रतिशत सरकारी सहायता मिलेगी। इससे बीमा का खर्च काफी कम हो जाएगा और छोटे तथा मध्यम स्तर के मत्स्य पालकों को भी सुरक्षा लेने में आसानी होगी।उदाहरण के तौर पर, अगर एक हेक्टेयर क्षेत्र में मछली पालन का बीमा कराने के लिए 25,000 रुपये का प्रीमियम देना पड़ता है तो सरकार की ओर से 40 प्रतिशत यानी 10,000 रुपये की सब्सिडी मिलेगी। इस स्थिति में किसान को अपनी जेब से केवल 15,000 रुपये खर्च करने होंगे। वास्तविक प्रीमियम और सब्सिडी की पात्रता निर्धारित नियमों के अनुसार होगी।

मछली पालन का बीमा कैसे कराएं?
योजना का लाभ उठाने के लिए सबसे पहले मत्स्य पालकों को नेशनल फिशरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म (NFDP) पर अपना पंजीकरण कराना होगा। जिन किसानों का पहले से रजिस्ट्रेशन है, वे अपने खाते में लॉगिन करके एक्वाकल्चर इंश्योरेंस का विकल्प चुन सकते हैं।आवेदन करते समय किसान को मछली पालन के क्षेत्रफल, तालाब की जानकारी और उसमें पाली जाने वाली मछलियों की प्रजाति का विवरण देना होगा। इसके बाद संबंधित बीमा कंपनी के माध्यम से पॉलिसी खरीदने और आवेदन की आगे की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज तैयार रखें
मछली पालन बीमा के लिए आवेदन करते समय कुछ जरूरी दस्तावेजों की आवश्यकता होगी। इनमें आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण, तालाब की तस्वीरें और जमीन से संबंधित कागजात शामिल हैं।यदि किसान अपने निजी तालाब में मछली पालन कर रहा है तो उससे जमीन की खतौनी या स्वामित्व संबंधी दस्तावेज मांगे जा सकते हैं। वहीं, पट्टे पर तालाब लेकर व्यवसाय करने वाले किसानों को पट्टे से जुड़े कागजात प्रस्तुत करने होंगे।
आवेदन से पहले इन बातों का रखें ध्यान
मत्स्य पालकों को बीमा खरीदने से पहले पॉलिसी की सभी शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ना चाहिए। किन परिस्थितियों में नुकसान का मुआवजा मिलेगा, क्लेम करने की समय सीमा क्या है और कौन-से जोखिम बीमा में शामिल हैं, इसकी जानकारी जरूर लें। सही दस्तावेज और समय पर आवेदन करने से भविष्य में बीमा क्लेम के दौरान होने वाली परेशानियों से बचा जा सकता है।
Read More : Telangana News: क्रिकेटर बनने का सपना देख रही नंदिनी की मौत, दो युवकों पर परेशान करने का आरोप

