Metro Rail Transport : अब तक आपने ट्रेन और सड़क के जरिए एक शहर से दूसरे शहर तक सामान पहुंचाने की सुविधा के बारे में सुना होगा, लेकिन अब मेट्रो रेल भी माल ढुलाई का नया माध्यम बनने जा रही है। सरकार ने मेट्रो के जरिए सामान भेजने की प्रक्रिया को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। इसके लिए इलेक्ट्रॉनिक वे-बिल यानी ई-वे बिल सिस्टम में नया विकल्प जोड़ा गया है। इस फैसले से कारोबारियों, व्यापारिक संस्थानों और लॉजिस्टिक्स कंपनियों को परिवहन का एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। खास बात यह है कि मेट्रो से सामान भेजने पर भी जीएसटी के नियमों के तहत परिवहन का रिकॉर्ड दर्ज करना होगा।
ई-वे बिल सिस्टम में मेट्रो रेल को मिला पांचवां विकल्प
जीएसटी नेटवर्क (GSTN) ने इलेक्ट्रॉनिक वे-बिल सिस्टम में मेट्रो रेल को परिवहन के पांचवें माध्यम के रूप में शामिल किया है। इससे पहले ई-वे बिल बनाते समय सड़क, रेलवे, हवाई मार्ग और जलमार्ग के विकल्प उपलब्ध थे। अब इस सूची में मेट्रो रेल को भी जोड़ दिया गया है।इस बदलाव के बाद मेट्रो के जरिए एक स्थान से दूसरे स्थान तक सामान भेजने की जानकारी भी आधिकारिक ई-वे बिल रिकॉर्ड में दर्ज की जा सकेगी। यह बदलाव 26 अक्टूबर 2026 को जारी सरकारी नोटिफिकेशन के बाद किया गया है। इसके तहत 1 नवंबर 2026 से CGST Rules, 2017 के नियम 138(2A) में संशोधन लागू किया गया है। इससे मेट्रो के जरिए माल परिवहन को भी जीएसटी के निर्धारित दस्तावेजी सिस्टम में शामिल कर लिया गया है।

मेट्रो से सामान भेजने के लिए कैसे बनेगा ई-वे बिल?
अगर कोई कारोबारी मेट्रो रेल के जरिए सामान की ढुलाई करना चाहता है तो उसे ई-वे बिल जनरेट करते समय ट्रांसपोर्ट मोड के विकल्प में Metro Rail का चयन करना होगा। इसके बाद संबंधित परिवहन दस्तावेज का नंबर यानी ट्रांसपोर्ट डॉक्यूमेंट नंबर दर्ज करना जरूरी होगा।इस जानकारी के बिना ई-वे बिल की प्रक्रिया पूरी नहीं की जा सकेगी। कारोबारियों को यह भी ध्यान रखना होगा कि परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जानकारी सही तरीके से दर्ज की जाए, ताकि सामान की आवाजाही का रिकॉर्ड व्यवस्थित रहे।

पुराने ई-वे बिल में भी अपडेट कर सकेंगे परिवहन की जानकारी
मेट्रो रेल का विकल्प केवल नया ई-वे बिल बनाने तक सीमित नहीं रखा गया है। कारोबारी पहले से जनरेट किए गए ई-वे बिल में भी परिवहन से जुड़ी जानकारी अपडेट कर सकेंगे।इसके अलावा कंसोलिडेटेड ई-वे बिल तैयार करने और उसे दोबारा जनरेट करने की सुविधा में भी इस नए विकल्प का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे उन कारोबारियों को राहत मिलेगी, जो पहले से तैयार दस्तावेजों में परिवहन का माध्यम बदलना या नई जानकारी दर्ज करना चाहते हैं।
50 हजार रुपये या उससे अधिक के सामान पर जरूरी है ई-वे बिल
जीएसटी नियमों के अनुसार सामान्य तौर पर 50,000 रुपये या उससे अधिक मूल्य के सामान को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने के लिए ई-वे बिल जरूरी होता है। यह नियम राज्य के भीतर और एक राज्य से दूसरे राज्य में सामान भेजने, दोनों स्थितियों में लागू होता है। हालांकि, कुछ निर्धारित परिस्थितियों में नियमों के तहत छूट भी मिल सकती है।इसलिए कारोबारियों को सामान की कीमत, परिवहन के माध्यम और लागू जीएसटी नियमों को ध्यान में रखकर ई-वे बिल तैयार करना चाहिए।

क्या होता है ई-वे बिल और क्यों है जरूरी?
ई-वे बिल एक इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज है, जिसमें सामान का विवरण, उसकी कीमत और परिवहन से संबंधित जरूरी जानकारियां दर्ज होती हैं। इसका मुख्य उद्देश्य माल की आवाजाही को ट्रैक करना और जीएसटी नियमों का पालन सुनिश्चित करना है।मेट्रो रेल को इस व्यवस्था में शामिल करने से माल परिवहन के लिए एक नया विकल्प उपलब्ध होगा। इससे कारोबारियों को भविष्य में सड़क और पारंपरिक रेलवे के अलावा मेट्रो के माध्यम से भी सामान भेजने का अवसर मिल सकता है।

