Mumbai Monorail: मुंबई में भारी बारिश ने एक बार फिर जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जगह-जगह जलभराव से सड़कें, रेलवे ट्रैक और रास्ते बाधित हैं। इसी बीच मंगलवार शाम को एक बड़ी घटना सामने आई, जब चेंबूर-भक्ति पार्क के बीच दौड़ रही एक मोनोरेल अचानक तकनीकी खराबी के कारण एलिवेटेड ट्रैक पर फंस गई।

शाम करीब 6.15 बजे मोनोरेल रुक गई। उस समय ट्रेन में कई यात्री मौजूद थे, जिनमें बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे। ट्रेन रुकने के बाद एसी बंद हो गया, जिससे अंदर मौजूद लोगों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। यात्री परेशान होकर मदद के लिए बीएमसी के आपातकालीन नंबर 1916 पर संपर्क किया।

फायर ब्रिगेड और मेडिकल टीम मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और क्रेन की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बीएमसी ने मेडिकल टीम भी भेज दी और नजदीकी अस्पताल को अलर्ट कर दिया गया। मोनोरेल के दरवाजे खोले जा रहे हैं और एक-एक करके यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला जा रहा है।
यात्रियों के अनुसार, मोनोरेल एक ओर झुक गई है, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है। अंदर मौजूद लोग हाथ जोड़कर बचाव दल से मदद की गुहार लगाते दिखाई दिए।
मुख्यमंत्री फडणवीस का बयान
इस घटना पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक्स (Twitter) पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा: “तकनीकी कारणों से चेंबूर और भक्ति पार्क के बीच मोनोरेल फंस गई है। एमएमआरडीए, अग्निशमन विभाग और नगर निगम की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी को सुरक्षित निकाला जाएगा, किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। मैं एमएमआरडीए के लगातार संपर्क में हूं।”

यात्रियों में दहशत, पर बचाव जारी
मोनोरेल में फंसे यात्रियों में डर का माहौल है, खासकर बुजुर्ग और छोटे बच्चों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। एसी बंद होने और ट्रेन झुकने से लोग घबराए हुए हैं। फिलहाल, फायर ब्रिगेड और राहत दल तेजी से रेस्क्यू कर रहे हैं और यात्रियों को सुरक्षित निकालने का काम जारी है।
बारिश और तकनीकी खराबी ने मुंबई की रफ्तार को थाम दिया है। यह घटना साफ दिखाती है कि मुंबई के पब्लिक ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर में सुधार की कितनी जरूरत है। हालांकि, राहत की बात यह है कि प्रशासन और बचाव दल की तत्परता से यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिशें लगातार जारी हैं।
Read More : Pakistan IMF Deal : ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की बिगड़ी हालत, IMF की शर्तों के आगे झुकी शरीफ सरकार











