Surajpur News : सूरजपुर जिले के रामानुजनगर थाना क्षेत्र में आपसी रंजिश के चलते बोलेरो वाहन से ठोकर मारकर दो लोगों की हत्या किए जाने के मामले में महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने चार आरोपियों को उड़ीसा के बृजराजनगर से गिरफ्तार कर लिया। वहीं मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में रामानुजनगर टीआई को लाइन हाजिर किया गया है।

मामला ग्राम तिवरागुड़ी का है, जहां 22 सितंबर की रात लगभग 11 बजे पुरानी रंजिश को लेकर बोलेरो वाहन से पूरन रवि के भाई त्रिवेणी (35) और भतीजे राजाबाबू (19) को जानबूझकर टक्कर मार दी गई, जिससे इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। वहीं करन गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।

पूरन रवि की रिपोर्ट पर थाना रामानुजनगर में प्रारंभिक रूप से धारा 109(1), 324(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। पीड़ितों की मौत के बाद प्रकरण में पृथक से धारा 103(1) भी जोड़ी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने तुरंत आरोपियों की पतासाजी कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष महतो के मार्गदर्शन और आधुनिक तकनीक की मदद से पुलिस टीम ने उड़ीसा के बृजराजनगर में घेराबंदी कर आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में जयप्रकाश (28), ओमप्रकाश (33), नर्मदा (62) और बाबूलाल (60) सभी निवासी ग्राम तिवरागुड़ी, जूनापारा थाना रामानुजनगर के बताए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि खेत से उखाड़कर करन द्वारा मूंगफली खाने की बात को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद रंजिश बढ़ी और वारदात को अंजाम दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रामानुजनगर अलरिक लकड़ा, एएसआई मनोज पोर्ते, प्रधान आरक्षक रामजतन सिंह, आरक्षक मितेश, राजेश नायक एवं गजेन्द्र पाल की टीम सक्रिय रही। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की विवेचना शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी हुए लाइन हाजिर
घटना के बाद जांच में लापरवाही और कर्तव्य के प्रति उदासीनता बरतने पर रामानुजनगर थाना प्रभारी राजेंद्र साहू को लाइन अटैच कर दिया गया है। इसके साथ ही आलरिक लकड़ा को नया थाना प्रभारी बनाया गया है। जारी आदेश में डीआईजी एसएसपी प्रशांत ठाकुर ने स्पष्ट लिखा है कि इस गंभीर प्रकरण में थाना प्रभारी ने अपेक्षित सतर्कता नहीं बरती। यही वजह है कि उन्हें तत्काल प्रभाव से रक्षित केंद्र (लाइन) भेजा जा रहा है।











