Mumbai Nagpur Expressway Accident : महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में मुंबई-नागपुर समृद्धि महामार्ग पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। मेहकर के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने सड़क पर पहले से खड़े वाहनों के काफिले को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में करीब 15 से 22 गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि 20 से 22 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में पांच से छह लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत एवं बचाव अभियान शुरू करना पड़ा।
मेहकर के पास समृद्धि महामार्ग पर भीषण दुर्घटना
जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना दोपहर करीब एक बजे बुलढाणा जिले के मेहकर इलाके में दुसरबीड टोल प्लाजा के नजदीक मुंबई की ओर जाने वाले कॉरिडोर पर हुई। यहां पहले से कई वाहन सड़क पर रुके हुए थे। इसी दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे कंटेनर ट्रक ने नियंत्रण खो दिया और एक के बाद एक कई गाड़ियों को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई वाहन आपस में भिड़ गए और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कुछ गाड़ियों में बैठे यात्रियों को चोटें आईं, जबकि कई लोग वाहनों के अंदर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और हाईवे पुलिस मौके पर पहुंचे।

सुबह पलटा था टैंकर, पुलिस ने रोक रखे थे वाहन
इस बड़े हादसे की वजह सुबह हुई एक दूसरी दुर्घटना बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:30 बजे समृद्धि महामार्ग पर एक टैंकर पलट गया था। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम क्रेन की मदद से टैंकर को हटाने में जुटी थी।सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए नागपुर से मुंबई की दिशा में जा रहे लगभग 40 से 50 वाहनों को रोक दिया गया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने खड़े वाहनों को टक्कर मार दी। अचानक हुई इस टक्कर के कारण कई गाड़ियां एक-दूसरे से टकराती चली गईं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में 15 से 22 वाहन प्रभावित हुए हैं।

20 से 22 लोग घायल, कई की हालत गंभीर
दुर्घटना में घायल यात्रियों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी घायलों को मेहकर के आसपास के अस्पतालों में उपचार के लिए पहुंचाया गया। शुरुआती जानकारी में 20 से 22 लोगों के घायल होने की बात सामने आई है। इनमें पांच से छह लोगों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।हादसे के बाद मुंबई की तरफ जाने वाले मार्ग पर यातायात कुछ समय के लिए पूरी तरह बाधित हो गया। पुलिस और प्रशासन की टीमें दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने तथा सड़क को दोबारा चालू कराने में जुटी रहीं।
पूर्व मंत्री राजेश टोपे ने घायलों की मदद की
महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री राजेश टोपे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना को लेकर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जालना जाते समय उनकी नजर दुर्घटनास्थल पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने घायलों को बचाने और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद की।टोपे के मुताबिक, तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने पहले हुए हादसे के कारण सड़क पर रुके वाहनों को पीछे से टक्कर मारी थी। उन्होंने इस घटना पर चिंता जताते हुए समृद्धि महामार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीर बताया।

समृद्धि महामार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठे सवाल
इस हादसे ने एक बार फिर समृद्धि महामार्ग पर सड़क सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के कारण सड़क पर लंबी कतार लगने की स्थिति में पीछे से आने वाले वाहनों की गति नियंत्रित करना बेहद जरूरी है। पूर्व मंत्री ने भी सरकार से दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

