T20 World Cup 2026 : आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप अफ्रीका रीजनल फाइनल में नामीबिया ने शानदार खेल दिखाते हुए तंजानिया को हराया और टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी जगह पक्की कर ली। यह टूर्नामेंट भारत में खेला जाएगा और नामीबिया 16वीं टीम बनी है जिसने वर्ल्ड कप के मुख्य दौर के लिए क्वालिफाई किया है। इससे पहले इटली ने भी क्वालिफिकेशन हासिल किया था।

चौथी बार वर्ल्ड कप में नामीबिया
नामीबिया की कुल जनसंख्या महज 30 लाख है, इसके बावजूद यह क्रिकेटिंग नेशन लगातार अपना परचम लहरा रहा है। यह चौथी बार होगा जब नामीबिया की टीम टी20 वर्ल्ड कप में खेलती नजर आएगी, जो छोटे देशों के लिए एक प्रेरक उदाहरण है।

सेमीफाइनल में स्मिट का धमाका
नामीबिया और तंजानिया के बीच खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में टीम का जादूगर ऑलराउंडर जेजे स्मिट पूरी तरह छा गए।
उन्होंने पहले बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों पर नाबाद 61 रन बनाए और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।
नामीबिया ने निर्धारित 20 ओवर में 174/5 रन बनाए।

जवाब में तंजानिया की टीम 111 रन पर सिमट गई।
गेंदबाजी में भी चमके स्मिट
बल्ले के बाद जेजे स्मिट ने गेंदबाजी में भी अपना जलवा दिखाया। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 16 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। उनके अलावा शिकॉन्गो ने भी 3 विकेट झटके और तंजानिया की बल्लेबाजी को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
नामीबिया का सफर और संभावनाएं
अफ्रीकी क्रिकेट में नामीबिया लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। सीमित संसाधनों और छोटे खिलाड़ी पूल के बावजूद टीम का प्रदर्शन काबिल-ए-तारीफ है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया की उपस्थिति बड़े टीमों के खिलाफ एक रोमांचक मुकाबले का वादा करती है।
नामीबिया का क्वालिफाई करना इस बात का प्रमाण है कि क्रिकेट का विस्तार और जुनून जनसंख्या व संसाधनों से कहीं बड़ा है। मात्र 30 लाख की आबादी वाला यह देश विश्व मंच पर अपनी काबिलियत दिखाने के लिए तैयार है।











