US Election Results : अमेरिका की राजनीति में डेमोक्रेटिक पार्टी ने बड़ी वापसी करते हुए प्रतिनिधि सभा के चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। पार्टी ने अब तक कम से कम 258 सीटें अपने नाम कर ली हैं। यह 1992 के बाद प्रतिनिधि सभा में किसी पार्टी का सबसे बड़ा बहुमत माना जा रहा है। इस नतीजे ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका दिया है। 435 सदस्यों वाली प्रतिनिधि सभा में रिपब्लिकन पार्टी के खाते में फिलहाल कम से कम 173 सीटें आई हैं। चार सीटों पर नतीजे आना अभी बाकी है।
चक हबर्ड की जीत से 258 तक पहुंचा डेमोक्रेट्स का आंकड़ा
डेमोक्रेटिक पार्टी की सीटों का आंकड़ा रविवार को उत्तरी कैरोलिना में हुए एक अहम चुनावी नतीजे के बाद 258 तक पहुंचा। यहां डेमोक्रेटिक उम्मीदवार चक हबर्ड ने रिपब्लिकन सांसद वर्जीनिया फॉक्स को हरा दिया। इस जीत के साथ पार्टी ने रिपब्लिकन के कब्जे वाली 44 सीटें अपने नाम कर ली हैं। इससे पहले 2018 में डोनाल्ड ट्रंप के पहले कार्यकाल के दौरान हुए मध्यावधि चुनाव में डेमोक्रेट्स ने 40 सीटें हासिल की थीं। इस बार पार्टी का प्रदर्शन उससे भी बेहतर रहा है। अभी चार सीटों के नतीजे बाकी हैं। इनमें मिनेसोटा और टेनेसी की एक-एक सीट शामिल है, जबकि लुइसियाना की दो सीटों पर दिसंबर में दोबारा मतदान होना है।

जनवरी 2027 से अमेरिका में बनेगी विभाजित सरकार
नई कांग्रेस के जनवरी 2027 में कार्यभार संभालने के बाद अमेरिका में विभाजित सरकार की स्थिति बनेगी। इसका मतलब है कि संसद के दोनों सदनों में डेमोक्रेटिक पार्टी का बहुमत होगा, जबकि व्हाइट हाउस में रिपब्लिकन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बने रहेंगे। सीनेट में भी डेमोक्रेट्स ने बहुमत हासिल किया है। इससे राष्ट्रपति और विपक्षी पार्टी के बीच राजनीतिक टकराव बढ़ने की आशंका है। प्रतिनिधि सभा में मिले बड़े बहुमत के बाद डेमोक्रेट्स को सरकार की नीतियों पर सवाल उठाने और प्रशासन की जवाबदेही तय करने का अधिक अवसर मिलेगा।

हकीम जेफ्रीज बन सकते हैं प्रतिनिधि सभा के पहले अश्वेत स्पीकर
डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता हकीम जेफ्रीज के लिए भी यह चुनावी जीत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। न्यूयॉर्क से आने वाले जेफ्रीज प्रतिनिधि सभा के अगले स्पीकर बनने की दौड़ में सबसे आगे हैं। यदि उनका चुनाव होता है तो वह अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के पहले अश्वेत स्पीकर बनेंगे। नई कांग्रेस का कार्यकाल 3 जनवरी 2027 से शुरू होना है। पार्टी के बड़े बहुमत के कारण जेफ्रीज को नेतृत्व के लिए मजबूत समर्थन मिलने की उम्मीद है।
पहले 100 दिनों के लिए डेमोक्रेट्स ने तैयार किया एजेंडा
डेमोक्रेटिक पार्टी ने नई कांग्रेस के शुरुआती 100 दिनों के लिए अपना एजेंडा तैयार किया है। इसमें महंगाई और आम लोगों की बढ़ती जीवनयापन लागत से राहत देना सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल है। पार्टी मेडिकेड स्वास्थ्य योजना में रिपब्लिकन सरकार की ओर से की गई कटौती को वापस लेने की कोशिश भी करेगी। इसके साथ ही अफोर्डेबल केयर एक्ट के तहत मिलने वाली टैक्स छूट बहाल करने पर जोर दिया जाएगा। डेमोक्रेट्स का कहना है कि आम नागरिकों की आर्थिक परेशानियों और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी।

ट्रंप प्रशासन की जांच और महाभियोग पर भी नजर
डेमोक्रेटिक पार्टी ने स्पष्ट किया है कि वह संसद में मिली ताकत का इस्तेमाल ट्रंप प्रशासन की निगरानी और जांच के लिए करेगी। इसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके परिवार की संपत्ति में हुई बढ़ोतरी से जुड़े मामलों की पड़ताल भी शामिल हो सकती है। पार्टी नेता हकीम जेफ्रीज ने ट्रंप के खिलाफ तीसरी बार महाभियोग चलाने की संभावना को भी पूरी तरह खारिज नहीं किया है। ऐसे में जनवरी 2027 से अमेरिकी राजनीति में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच टकराव तेज होने के संकेत हैं।

