NASA Voyager 1 : नासा (NASA) के ऐतिहासिक अंतरिक्ष मिशन Voyager 1 ने अंतरिक्ष की दुनिया में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह मानव निर्मित अंतरिक्षयान धरती से एक लाइट डे यानी एक प्रकाश दिन की दूरी तय करने वाला पहला यान बन गया है। 18 नवंबर 2026 को भारतीय समयानुसार शाम 3 बजकर 46 मिनट पर Voyager 1 ने यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। इस दूरी का मतलब है कि धरती से प्रकाश को जितनी दूरी तय करने में एक दिन लगता है, Voyager 1 अब उतनी दूर पहुंच चुका है। यह दूरी करीब 25.9 अरब किलोमीटर है।
5 सितंबर 1977 को शुरू हुआ था ऐतिहासिक सफर
NASA ने Voyager 1 को 5 सितंबर 1977 को Titan IIIE-Centaur रॉकेट की मदद से अंतरिक्ष में लॉन्च किया था। शुरुआत में इसे पांच साल के प्लेनेटरी मिशन के तहत भेजा गया था। इसका मुख्य उद्देश्य सौरमंडल के बाहरी ग्रहों बृहस्पति और शनि का अध्ययन करना था। हालांकि, इस मिशन ने उम्मीद से कहीं ज्यादा लंबा सफर तय किया और आज भी अंतरिक्ष से महत्वपूर्ण जानकारियां धरती तक पहुंचा रहा है।

बृहस्पति और शनि की दुनिया से जुटाए महत्वपूर्ण आंकड़े
Voyager 1 ने 5 मार्च 1979 को बृहस्पति (Jupiter) के पास पहुंचकर उसके वातावरण, संरचना और प्राकृतिक उपग्रहों का अध्ययन किया। इसके बाद 12 नवंबर 1980 को यह शनि (Saturn) ग्रह के करीब पहुंचा। इस दौरान अंतरिक्षयान ने दोनों ग्रहों और उनके चंद्रमाओं की कई महत्वपूर्ण तस्वीरें तथा वैज्ञानिक आंकड़े भेजे। इन जानकारियों ने वैज्ञानिकों को सौरमंडल के विशाल ग्रहों को समझने में काफी मदद की।

टाइटन के वायुमंडल को समझने में मिली बड़ी सफलता
Voyager 1 के मिशन की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शनि के सबसे बड़े चंद्रमा टाइटन का अध्ययन भी शामिल है। इस अंतरिक्षयान से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर वैज्ञानिकों को टाइटन के घने वायुमंडल के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। अध्ययन से पता चला कि टाइटन के वायुमंडल में लगभग 90 प्रतिशत नाइट्रोजन गैस मौजूद है। इस खोज ने वैज्ञानिकों के सामने सौरमंडल के अन्य खगोलीय पिंडों को समझने के नए रास्ते खोले।
2012 में इंटरस्टेलर स्पेस में पहुंचा था Voyager 1
Voyager 1 ने 25 अगस्त 2012 को सूर्य के प्रभाव क्षेत्र हेलियोस्फीयर (Heliosphere) की बाहरी सीमा हेलियोपॉज (Heliopause) को पार किया था। उस समय इसकी धरती से दूरी लगभग 18.2 अरब किलोमीटर थी। इसके बाद यह अंतरतारकीय अंतरिक्ष यानी इंटरस्टेलर स्पेस में प्रवेश कर गया। यह वह क्षेत्र है, जहां सूर्य की सौर हवाओं का प्रभाव काफी कम हो जाता है। अब 25.9 अरब किलोमीटर की दूरी तय करके इसने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।

Voyager 1 का वजन और तकनीकी खूबियां
NASA के मुताबिक, Voyager 1 का कुल वजन लगभग 721.9 किलोग्राम है। इसमें तीन मल्टी-हंड्रेड वॉट रेडियोआइसोटोप थर्मोइलेक्ट्रिक जनरेटर (RTG) लगाए गए हैं। इन्हीं की मदद से अंतरिक्षयान को बिजली मिलती है। इसकी डिजाइन इस तरह तैयार की गई थी कि यह लंबे समय तक अंतरिक्ष के कठिन वातावरण में काम कर सके।
वैज्ञानिक उपकरणों से लैस है यह अंतरिक्षयान
Voyager 1 में इमेजिंग साइंस सिस्टम, अल्ट्रावॉयलेट स्पेक्ट्रोमीटर, इंफ्रारेड इंटरफेरोमीटर स्पेक्ट्रोमीटर, कॉस्मिक रे टेलीस्कोप, रेडियो साइंस सिस्टम और प्लाज्मा वेव्स एक्सपेरिमेंट समेत कई वैज्ञानिक उपकरण लगाए गए हैं। इसके अलावा इसमें मैग्नेटोमीटर और लो एनर्जी चार्ज्ड पार्टिकल्स एक्सपेरिमेंट भी मौजूद हैं। ये उपकरण अंतरिक्ष में मौजूद चुंबकीय क्षेत्रों, विकिरण, प्लाज्मा और कणों से संबंधित आंकड़े जुटाने में मदद करते हैं।
पांच साल का मिशन पांच दशक से भी आगे पहुंचा
Voyager 1 को मूल रूप से केवल पांच साल के मिशन के लिए तैयार किया गया था, लेकिन लगभग पांच दशक बाद भी इसका सफर जारी है। 25.9 अरब किलोमीटर की दूरी तय करना मानव विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान की बड़ी उपलब्धि है। इस अंतरिक्षयान से मिलने वाला डेटा वैज्ञानिकों को सौरमंडल के बाहर मौजूद अंतरिक्ष के रहस्यों को समझने में लगातार मदद कर रहा है।

