India Fiji Relations : भारत और फिजी के रिश्तों में नई मजबूती देने वाली एक अहम कड़ी जुड़ी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फिजी के प्रधानमंत्री सिटिवेनी राबुका की हाल ही में हुई मुलाकात के दौरान कई ऐतिहासिक फैसले लिए गए। इस द्विपक्षीय बैठक में स्वास्थ्य, सांस्कृतिक सहयोग और क्षेत्रीय विकास पर विशेष जोर दिया गया।

सुवा में बनेगा 100 बिस्तरों वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल
बैठक के दौरान पीएम मोदी ने घोषणा की कि फिजी की राजधानी सुवा में 100 बिस्तरों वाला सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाया जाएगा। इस अस्पताल से फिजी के नागरिकों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके साथ ही, भारत फिजी को डायलिसिस यूनिट और समुद्री एम्बुलेंस भी उपलब्ध कराएगा। पीएम मोदी ने बताया कि फिजी में ‘जन औषधि केंद्र’ भी खोले जाएंगे, ताकि सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां आम लोगों तक आसानी से पहुंच सकें। साथ ही, जयपुर फुट कैंप का आयोजन कर दिव्यांगजनों को सहारा देने की दिशा में भी कदम बढ़ाया जाएगा।

महात्मा गांधी को दी गई श्रद्धांजलि
फिजी के प्रधानमंत्री सिटिवेनी राबुका ने भारत दौरे के दौरान राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्हें गांधी जी की प्रतिमा और कुछ प्रेरणादायक पुस्तकें भेंट की गईं, जो भारत और फिजी के साझा मूल्यों का प्रतीक हैं। पीएम मोदी ने 19वीं सदी में भारत से फिजी पहुंचे 60,000 से अधिक गिरमिटिया भारतीयों के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और समर्पण ने फिजी की समृद्धि में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा, “भारत और फिजी के बीच आत्मीयता का गहरा रिश्ता है जो केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और भावनात्मक स्तर पर भी जुड़ा हुआ है।”
भारत-प्रशांत क्षेत्र में साझा विजन
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि भारत और फिजी मिलकर एक स्वतंत्र, समावेशी, सुरक्षित और समृद्ध भारत-प्रशांत क्षेत्र के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने पीएम राबुका की “शांति के महासागर” की सोच की सराहना करते हुए कहा, “हम भले ही महासागरों से दूर हों, लेकिन हमारी आकांक्षाएं एक ही नाव में हैं।”
यह मुलाकात केवल दो देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच बातचीत भर नहीं थी, बल्कि भारत-फिजी संबंधों में नए युग की शुरुआत का प्रतीक भी थी। सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, स्वास्थ्य सुविधाएं, और साझा सांस्कृतिक मूल्यों पर आधारित इस साझेदारी से दोनों देशों को लाभ होगा।
Read More : Israel Hamas Negotiations: क्या हमास से समझौते करेगा इज़राइल? IDF प्रमुख ने नेतन्याहू को दिया विशेष प्रस्ताव










