Ambikapur News : सरगुजा क्रिकेट संघ अब क्षेत्रीय क्रिकेट को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की दिशा में ठोस कदम बढ़ा रहा है। खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए संघ की कोर कमेटी की बैठक में कई दूरगामी निर्णय लिए गए। खास बात यह है कि आगामी 19 अगस्त से गांधी स्टेडियम अंबिकापुर में विशेष फिटनेस कैंप की शुरुआत होगी, जिसमें रायपुर के अनुभवी फिटनेस कोच राहुल सिंह खिलाड़ियों को विशेषज्ञ प्रशिक्षण देंगे।

बैठक की अध्यक्षता संघ अध्यक्ष आदितेश्वर शरण सिंह देव ने सरगवां द पैलेस रिसॉर्ट में की। इस दौरान तय किया गया कि इस वर्ष भी वार्षिक समारोह में वर्ष 2024-25 के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाएगा।

इनडोर विकेट और नई प्रतियोगिताएँ
संघ ने घोषणा की कि गांधी स्टेडियम के पास नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराई गई भूमि पर इनडोर विकेट का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही सैनिक स्कूल ग्राउंड में जिला स्तरीय मैच आयोजित करने की जिम्मेदारी भी संघ उठाएगा। अब हर साल इंटर कॉलेज, इंटर स्कूल, इंटर क्लब और इंटरसिटी क्रिकेट प्रतियोगिताएँ होंगी, जिसमें पिंक ड्यूज़ बॉल से रात्रिकालीन मैच भी शामिल होंगे। इसमें लड़के और लड़कियां दोनों भाग ले सकेंगे।
चयन समिति और विशेष कोचिंग
विभिन्न प्रारूपों के लिए अलग चयन समिति बनाई जाएगी। अंडर-14 और अंडर-16 के लिए अलग कोच तथा अंडर-19 और सीनियर वर्ग के लिए अलग कोच नियुक्त होंगे। समय-समय पर भोपाल और रायपुर से विशेषज्ञ कोच बुलाकर बच्चों को उन्नत प्रशिक्षण भी दिलाया जाएगा।
खिलाड़ियों के लिए फिटनेस अब जरूरी
19 अगस्त से शुरू होने वाले फिटनेस कैंप में कोच राहुल सिंह खिलाड़ियों को वार्मअप, स्ट्रेचिंग, रनिंग टेक्निक, स्ट्रेंथ ट्रेनिंग, डाइट मैनेजमेंट और मैच के दौरान आवश्यक फिटनेस टिप्स पर गहन अभ्यास कराएंगे। संघ अध्यक्ष आदितेश्वर शरण सिंह देव ने कहा— “खिलाड़ियों के लिए फिटनेस अब केवल विकल्प नहीं, बल्कि सफलता की अनिवार्य सीढ़ी है।”
संघ के पदाधिकारी शैलू सिंह ने भी विश्वास जताया कि नियमित फिटनेस कैंप और विशेषज्ञ प्रशिक्षण से जिले के खिलाड़ी न सिर्फ प्रदेश बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।











