Oman Ship Attack : ओमान के पूर्वी तट के पास हॉर्मुज क्षेत्र में एक कमर्शियल जहाज पर हुए हमले के बाद भारत सरकार ने घटना पर प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने हमले की निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं समुद्री सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। मंत्रालय ने प्रभावित परिवार के प्रति संवेदना भी व्यक्त की है।
MV Cape Dao पर सवार थे 20 भारतीय
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर बताया कि हमले के समय कमर्शियल जहाज MV Cape Dao पर कुल 20 भारतीय नागरिक सवार थे। हमले के बाद बचाव अभियान चलाया गया, जिसमें 19 भारतीयों को सुरक्षित निकाल लिया गया। हालांकि, इस घटना में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई।
विदेश मंत्रालय ने परिवार के प्रति जताई संवेदना
विदेश मंत्रालय ने मृत भारतीय नाविक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। मंत्रालय ने कहा कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। दूतावास ओमान के अधिकारियों के संपर्क में है और भारतीय नाविकों की सुरक्षित स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक समन्वय कर रहा है।
ओमान के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क
भारत सरकार ने बचाव अभियान में सहयोग के लिए ओमान के अधिकारियों का आभार भी जताया है। विदेश मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है। रेस्क्यू किए गए भारतीयों की स्थिति और उनकी स्वदेश वापसी से जुड़े इंतजामों पर भी नजर रखी जा रही है।
कमर्शियल जहाजों पर हमलों को लेकर भारत चिंतित
विदेश मंत्रालय ने क्षेत्र में कमर्शियल जहाजों को लगातार निशाना बनाए जाने पर चिंता जताई। सरकार ने कहा कि समुद्री मार्गों पर होने वाली ऐसी घटनाएं नाविकों की सुरक्षा के साथ-साथ वैश्विक व्यापार और सप्लाई चेन के लिए भी चुनौती पैदा करती हैं। भारत ने क्षेत्र में तनाव कम करने की आवश्यकता पर जोर दिया है।
भारत ने बातचीत और कूटनीति की अपील दोहराई
विदेश मंत्रालय ने इलाके में जल्द शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए बातचीत और कूटनीति का रास्ता अपनाने की अपील दोहराई है। बयान में कहा गया कि कमर्शियल शिपिंग, नाविकों और आम लोगों से जुड़े बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया जाना बंद होना चाहिए। भारत ने तनाव कम करने के लिए सभी संबंधित पक्षों से संयम बरतने की अपील की।
अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों पर आवाजाही बहाल करने की मांग
भारत ने क्षेत्र के अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों से जहाजों की निर्बाध आवाजाही और व्यापार को जल्द से जल्द सामान्य किए जाने की आवश्यकता बताई। समुद्री मार्गों की सुरक्षा वैश्विक व्यापार के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में हमले की घटनाओं के बीच सुरक्षित नौवहन व्यवस्था बहाल करना प्राथमिकता माना जा रहा है।
यूपी के देवरिया के नाविक सूरज यादव की मौत
इस हमले में उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रहने वाले भारतीय नाविक सूरज यादव की मौत होने की जानकारी सामने आई है। सूरज यादव जहाज पर तैनात भारतीय क्रू सदस्यों में शामिल थे। उनकी मौत की खबर के बाद परिवार और स्थानीय स्तर पर शोक का माहौल है। घटना की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद परिवार को सहायता और आगे की प्रक्रिया पर नजर बनी हुई है।
जहाज के इंजन कक्ष को भी पहुंचा नुकसान
जानकारी के अनुसार, हमले में जहाज के एक हिस्से के साथ-साथ इंजन कक्ष को भी नुकसान पहुंचा है। हमले के बाद जहाज पर मौजूद लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया गया। कुल 28 लोगों के क्रू में 20 भारतीय शामिल थे। रेस्क्यू किए गए लोगों को फिलहाल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।
भारतीय दूतावास रख रहा है पूरे मामले पर नजर
भारत सरकार और ओमान स्थित भारतीय दूतावास घटनाक्रम से जुड़ी जानकारी लगातार जुटा रहे हैं। सरकार का मुख्य फोकस रेस्क्यू किए गए भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और उनकी स्वदेश वापसी पर है। साथ ही समुद्री क्षेत्र में बढ़ती घटनाओं को देखते हुए भारत ने अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों की सुरक्षा और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने पर जोर दिया है।
Read More : Noida DM Medha Roopam: मेधा रूपम को SC से राहत, 5 लाख मुआवजे वाले HC आदेश पर रोक