Operation Sindoor : ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) की मुश्किलें बढ़ती दिखाई दे रही हैं। खुफिया सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि भारत में आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े दो बड़े नाम हाफिज सईद और मसूद अजहर को उनके पुराने ठिकानों से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बताया जा रहा है कि भारतीय कार्रवाई की आशंका और पाकिस्तान में भारत विरोधी आतंकियों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं के कारण इन दोनों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
हाफिज सईद को लाहौर से रावलपिंडी ले जाने का दावा
खुफिया सूत्रों के मुताबिक, लश्कर-ए-तैयबा के संस्थापक हाफिज सईद को लाहौर के जोहर टाउन इलाके से हटाकर रावलपिंडी के गैरीसन ग्राउंड क्षेत्र में स्थानांतरित किया गया है। यह इलाका पाकिस्तानी सेना के मुख्यालय के नजदीक माना जाता है। सूत्रों का दावा है कि सेना के प्रभाव वाले क्षेत्र में उसे रखने का उद्देश्य उसकी सुरक्षा को मजबूत करना है।-वहीं, जैश-ए-मोहम्मद के प्रमुख मसूद अजहर को सिंध प्रांत के नवाबशाह में किसी सुरक्षित ठिकाने पर रखे जाने की जानकारी सामने आई है। दोनों आतंकियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और उनकी मुलाकातों को भी सीमित कर दिया गया है।

अज्ञात बंदूकधारियों के डर से बदली सुरक्षा व्यवस्था
खुफिया सूत्रों के अनुसार, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आतंकवादी ठिकानों को हुए नुकसान के बाद पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसियां कोई जोखिम नहीं लेना चाहतीं। इसके अलावा पिछले कुछ समय में पाकिस्तान में कई भारत विरोधी आतंकियों की रहस्यमयी हत्याओं ने भी चिंता बढ़ाई है। इन घटनाओं के पीछे कथित अज्ञात बंदूकधारियों का नाम सामने आता रहा है।इसी आशंका के चलते आतंकवादी संगठनों के बड़े नेताओं की सार्वजनिक गतिविधियों पर नियंत्रण लगाया गया है। उनकी आवाजाही और लोगों से मिलने-जुलने पर भी पाबंदियां बढ़ाई गई हैं।

ऑडियो संदेशों के जरिए संपर्क कर रहा हाफिज सईद
सूत्रों का कहना है कि हाफिज सईद ने अपने संगठन के कार्यकर्ताओं और कमांडरों से व्यक्तिगत मुलाकातें काफी कम कर दी हैं। अब वह ज्यादातर ऑडियो संदेशों के माध्यम से संपर्क बनाए रखता है। उसकी सुरक्षा व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सख्त कर दी गई है।गौरतलब है कि पाकिस्तान लंबे समय से दावा करता रहा है कि हाफिज सईद आतंकवादी गतिविधियों की फंडिंग से जुड़े मामलों में लाहौर की कोट लखपत जेल में सजा काट रहा है। हालांकि, भारतीय और अन्य खुफिया सूत्रों के दावे इससे अलग हैं। उनका कहना है कि हाफिज जेल में नहीं, बल्कि ISI की निगरानी वाले सुरक्षित ठिकाने पर रह रहा है।
मसूद अजहर का नेटवर्क भी दबाव में
दूसरी तरफ जैश-ए-मोहम्मद का नेटवर्क भी ऑपरेशन सिंदूर के बाद दबाव में बताया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, बहावलपुर स्थित संगठन के मुख्यालय और मरकज को भारतीय कार्रवाई के दौरान नुकसान पहुंचा था। इसके बाद संगठन अपने नेटवर्क को दोबारा मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।मसूद अजहर ने भी लोगों से मिलना-जुलना सीमित कर दिया है। बताया जा रहा है कि वह केवल चुनिंदा सहयोगियों और वरिष्ठ कमांडरों के संपर्क में है।

मुंबई हमले से पुलवामा तक आतंकवाद के आरोप
हाफिज सईद और मसूद अजहर दोनों संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित वैश्विक आतंकवादी हैं। हाफिज सईद भारत के 26/11 मुंबई आतंकी हमले समेत कई आतंकवादी मामलों में वांछित है। वहीं मसूद अजहर को संसद हमले, पठानकोट एयरबेस हमले और पुलवामा हमले से जुड़े मामलों का प्रमुख आरोपी माना जाता है।
पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इन दावों के सामने आने के बाद पाकिस्तान की आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई को लेकर एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, दोनों आतंकियों के नए ठिकानों और उनकी मौजूदा स्थिति को लेकर स्वतंत्र आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है। फिलहाल खुफिया सूत्रों के दावों के मुताबिक, पाकिस्तान में इन आतंकवादी सरगनाओं की सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है।

