Pancreatic Cancer : भारत में पैंक्रियाटिक कैंसर यानी अग्नाशय का कैंसर पश्चिमी देशों की तुलना में कम पाया जाता है, लेकिन इससे होने वाली मौतों का आंकड़ा चिंता बढ़ाने वाला है। इसकी सबसे बड़ी वजह बीमारी का देर से पता चलना है। शुरुआती चरण में इसके स्पष्ट लक्षण सामने नहीं आते, जिसके कारण मरीज लंबे समय तक इसे सामान्य पेट की समस्या समझकर नजरअंदाज करते रहते हैं। जब तक बीमारी की पहचान होती है, तब तक कैंसर आसपास के अंगों या बड़ी रक्त वाहिकाओं तक फैल चुका होता है।
आकाश सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के डायरेक्टर सर्जिकल ऑन्कोलॉजी डॉ. अरुण कुमार गिरी के मुताबिक, अब 30 से 40 वर्ष की उम्र के लोगों में भी पैंक्रियाटिक कैंसर के मामले सामने आ रहे हैं। इनमें कई ऐसे मरीज हैं, जिन्हें न तो धूम्रपान की आदत है और न ही लंबे समय से डायबिटीज की समस्या रही है।

भारत में हर साल सामने आते हैं 10 से 14 हजार नए मामले
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, भारत में प्रति एक लाख पुरुषों में पैंक्रियाटिक कैंसर के 0.5 से 2.4 मामले और महिलाओं में 0.2 से 1.8 मामले दर्ज किए जाते हैं। देश में हर साल लगभग 10,000 से 14,000 नए मरीज सामने आते हैं। बीमारी के मामलों की संख्या के आधार पर यह कैंसर 24वें स्थान पर है, जबकि इससे होने वाली मौतों के मामले में 18वें स्थान पर पहुंच जाता है।

देर से पहचान होने पर मुश्किल हो जाता है इलाज
पैंक्रियाटिक कैंसर का इलाज इस बात पर निर्भर करता है कि बीमारी किस स्टेज में पहुंच चुकी है। शुरुआती अवस्था में ट्यूमर का पता चलने पर सर्जरी से इसे निकालने की संभावना रहती है। इसके लिए व्हिपल प्रोसीजर या अग्नाशय के बॉडी और टेल हिस्से को निकालने जैसी सर्जरी की जाती है।
हालांकि, केवल 15 से 20 प्रतिशत मरीज ही ऐसे होते हैं जिनका ट्यूमर ऑपरेशन के योग्य होता है। बाकी मरीजों को कीमोथेरेपी, रेडिएशन, टारगेटेड थेरेपी और पैलिएटिव केयर की मदद दी जाती है। इन उपचारों से बीमारी को नियंत्रित करने और जीवन की अवधि बढ़ाने में मदद मिल सकती है, लेकिन देर से पहचान होने पर इलाज चुनौतीपूर्ण हो जाता है।

30 से 40 साल के युवाओं में क्यों बढ़ रही बीमारी?
पहले पैंक्रियाटिक कैंसर को मुख्य रूप से बुजुर्गों की बीमारी माना जाता था। उम्र बढ़ने, तंबाकू के सेवन और लंबे समय से डायबिटीज को इसके प्रमुख जोखिम कारकों में गिना जाता था। लेकिन पिछले दो दशकों के वैश्विक आंकड़ों में 50 वर्ष से कम उम्र के लोगों में इसके मामले बढ़ने के संकेत मिले हैं।
भारत में भी बड़े कैंसर सेंटरों में कम उम्र के मरीज सामने आ रहे हैं। मोटापा, शारीरिक गतिविधियों की कमी, शराब, धूम्रपान, गुटखा, तंबाकू और क्रोनिक पैंक्रियाटाइटिस जैसे कारकों पर विशेषज्ञ ध्यान दे रहे हैं। हालांकि, इन सभी कारणों और युवाओं में बढ़ते मामलों के बीच संबंध को लेकर अभी और शोध की जरूरत है।
पैंक्रियाटिक कैंसर के शुरुआती लक्षण पहचानना क्यों मुश्किल?
अग्नाशय पेट के अंदर स्टमक के पीछे स्थित होता है। यही वजह है कि इसमें बनने वाला ट्यूमर शुरुआती अवस्था में आसानी से महसूस नहीं होता। शुरुआत में पेट के ऊपरी हिस्से या पीठ में हल्का दर्द, पेट फूलना, अपच, थकान और भूख कम लगने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
युवा लोग अक्सर इन परेशानियों को एसिडिटी, गैस या तनाव समझ लेते हैं। कई बार एंटासिड और घरेलू उपचार के सहारे समय बिताते रहते हैं। इससे बीमारी की सही जांच में देरी हो सकती है।
आंखों और त्वचा का पीलापन दिखे तो रहें सावधान
कुछ लक्षण ऐसे हैं जिन्हें बिल्कुल नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। आंखों और त्वचा का पीला पड़ना, पेशाब का गहरा रंग, मल का हल्का होना और शरीर में खुजली होना पित्त नली में रुकावट का संकेत हो सकते हैं।
इसके अलावा बिना कोशिश के तेजी से वजन घटना, पेट के ऊपरी हिस्से में लगातार दर्द और पीठ तक पहुंचने वाली तकलीफ भी चेतावनी के संकेत हैं। अचानक डायबिटीज होना, विशेषकर अधिक उम्र में बिना मोटापे के, या पहले से मौजूद डायबिटीज का अचानक अनियंत्रित होना भी चिकित्सकीय जांच की मांग करता है।
किन लोगों को पैंक्रियाटिक कैंसर के प्रति ज्यादा सतर्क रहना चाहिए?
जिन लोगों को क्रोनिक या ट्रॉपिकल कैल्सिफिक पैंक्रियाटाइटिस की समस्या है, उन्हें विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। परिवार में पैंक्रियाटिक कैंसर का इतिहास होने और लंबे समय तक तंबाकू या अधिक शराब का सेवन करने वालों को भी सतर्क रहना चाहिए।
ध्यान रखें, इन लक्षणों का मतलब कैंसर होना नहीं है। लेकिन अगर बिना किसी स्पष्ट वजह के परेशानी लगातार बनी रहती है, तो डॉक्टर से संपर्क करके उचित जांच कराना जरूरी है। समय पर पहचान होने से इलाज के बेहतर विकल्प मिल सकते हैं।

