Passport Controversy : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास की विदेश यात्रा पर रोक लगाए जाने का मामला अब दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गया है। सौरव दास ने सरकारी एजेंसियों के उस फैसले को अदालत में चुनौती दी है, जिसके तहत उन्हें लंदन जाने से रोक दिया गया था। उन्होंने इस मामले में जल्द सुनवाई की मांग करते हुए अदालत से तत्काल राहत देने की अपील की।सौरव दास की ओर से पेश वकील ने अदालत को बताया कि उनकी लंदन जाने वाली फ्लाइट अगले दिन शाम को निर्धारित है। ऐसे में मामले की सुनवाई उसी दिन की जानी जरूरी है, ताकि उन्हें विदेश यात्रा का मौका मिल सके। इस पर दिल्ली हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस नितिन सांब्रे ने कहा कि मामले की सुनवाई अगले दिन की जाएगी। इसके बाद सौरव दास की तत्काल सुनवाई की मांग पर फैसला टल गया।
दिल्ली एयरपोर्ट पर रोके गए थे सौरव दास
दरअसल, 23 नवंबर को सौरव दास दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे थे। उन्हें लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होना था, लेकिन इमिग्रेशन काउंटर पर अधिकारियों ने उन्हें रोक दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय (RPO) की ओर से जारी शो-कॉज नोटिस के बाद यह कार्रवाई की गई थी।पासपोर्ट अथॉरिटी ने उन्हें निर्देश दिया है कि मामले की जांच पूरी होने तक वे संबंधित पासपोर्ट का इस्तेमाल करके विदेश यात्रा न करें। इस फैसले के बाद उनकी लंदन यात्रा रुक गई और अब उन्होंने इसे अदालत में चुनौती दी है।

जन्मतिथि और दस्तावेजों में गड़बड़ी को लेकर जांच
सौरव दास को विदेश जाने से रोकने के पीछे पासपोर्ट रिकॉर्ड में दर्ज जानकारियों की जांच को वजह बताया जा रहा है। चेन्नई क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने उनके पासपोर्ट से जुड़े दस्तावेजों की दोबारा जांच शुरू की है।बताया जा रहा है कि उनके आधार कार्ड, पासपोर्ट और जन्म प्रमाण पत्र में जन्मस्थान से जुड़ी जानकारियों को लेकर अंतर सामने आया है। पासपोर्ट में उनका जन्मस्थान चेन्नई दर्ज है। यह पासपोर्ट 21 अगस्त 2019 को क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय की ओर से जारी किया गया था।अब अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि पासपोर्ट आवेदन के दौरान दी गई जानकारियां सही थीं या नहीं। इसी सिलसिले में उन्हें शो-कॉज नोटिस जारी किया गया और जांच पूरी होने तक पासपोर्ट के इस्तेमाल पर रोक लगाने की बात कही गई।

सौरव दास ने केंद्र सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
विदेश यात्रा रोके जाने के बाद सौरव दास ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि CJP आंदोलन से जुड़े होने के कारण उन्हें जानबूझकर विदेश जाने से रोका गया है। उनका कहना है कि उन्हें इस कार्रवाई की जानकारी दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन काउंटर पहुंचने के बाद मिली।उन्होंने दावा किया कि फ्लाइट के निर्धारित समय से कुछ घंटे पहले ही उन्हें नोटिस मिला था। सौरव दास ने सरकार की कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों से जोड़कर सवाल उठाए।
ऑक्सफोर्ड और कैम्ब्रिज में कार्यक्रमों के लिए मिला था न्योता
सौरव दास के मुताबिक, उन्हें ब्रिटेन के कई प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों में कॉकरोच मूवमेंट से जुड़े कार्यक्रमों में बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था। इनमें ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) और एडिनबर्ग विश्वविद्यालय शामिल थे।उन्होंने कहा कि भारतीय छात्रों ने इन कार्यक्रमों को आयोजित करने के लिए काफी मेहनत की थी। लेकिन सरकार ने उन्हें इन संस्थानों तक पहुंचने से रोक दिया। उन्होंने केंद्र सरकार को बुद्धि-विरोधी बताते हुए आरोप लगाया कि उनके विचारों और आंदोलन से सरकार डर गई है।अब इस पूरे विवाद में दिल्ली हाईकोर्ट की सुनवाई अहम मानी जा रही है। अदालत में सौरव दास की याचिका पर क्या फैसला आता है और क्या उन्हें विदेश यात्रा की अनुमति मिलती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।


