Ambikapur News : शहर में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने वाली सनसनीखेज वारदात गुरुवार को दिनदहाड़े सामने आई, जब चोपड़ापारा काली मंदिर स्थित पेट्रोल पंप के पास एक युवक ने महिला कर्मचारी पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। दशहरा के दिन हुए इस वारदात ने शहर की पुलिस व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।

जानकारी अनुसार चोपड़ापारा स्थित श्री कृपा फ्यूल्स पेट्रोल पंप में कार्यरत युवती अपने दैनिक कामकाज में व्यस्त थी। इसी दौरान एक युवक अचानक वहां पहुंचा और उस पर चाकू से वार कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक ने पहले पेट में वार करने की कोशिश की, लेकिन युवती ने बचाव में हाथ आगे कर दिया। इस बीच चाकू उसके हाथ में गहराई तक उतर गया, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ी।
घटना इतनी अचानक हुई कि पंप पर मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए। हमलावर युवक वारदात को अंजाम देने के बाद चाकू मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
अचानक हुए इस घटना को देख कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने आरोपी युवक को भागते देख उसका पीछा किया और काफी मशक्कत के बाद उसे पकड़ने में कामयाब हो गए। आरोपी युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
मौके पर हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चाकूबाजी के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और लोग डरे-सहमे दिखाई दिए। शहर में पहले से ही बढ़ते अपराधों को लेकर लोग परेशान हैं और इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गांधीनगर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फिलहाल हमलावर युवक पुलिस की गिरफ्त में है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में लगातार अपराध की घटनाएं बढ़ रही हैं और पुलिस गश्त केवल कागज़ों तक सीमित है। दिनदहाड़े पेट्रोल पंप जैसे व्यस्त इलाके में हुई यह वारदात सुरक्षा इंतज़ामों की पोल खोलती है।
फिलहाल युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है और डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर रही है। घटना के बाद से इलाके में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है।


















