PHD Title : शासकीय सेवा की जिम्मेदारियों के साथ अध्ययन और शोध के प्रति समर्पण का परिचय देते हुए राज्य वित्त सेवा संवर्ग के अधिकारी चंद्रशेखर सराफ ने पीएच.डी. की उपाधि हासिल की है। डॉ. सी.वी. रमन विश्वविद्यालय, करगी रोड कोटा, बिलासपुर द्वारा उन्हें हिन्दी विषय में डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी (पीएच.डी.) की उपाधि प्रदान की गई है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, मित्रों एवं शुभचिंतकों में हर्ष का माहौल है।

चंद्रशेखर सराफ ने “उषा प्रियंवदा के उपन्यासों में अभिव्यक्त मानवीय संवेदना : एक अध्ययन” विषय पर अपना शोधकार्य पूर्ण किया। उन्होंने यह शोधकार्य विश्वविद्यालय के भाषा एवं साहित्य विभाग (हिन्दी) के विभाग प्रमुख एवं शोध निर्देशक डॉ. शाहिद हुसैन के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक पूरा किया।

सराफ राज्य वित्त सेवा संवर्ग के अधिकारी हैं। शासकीय सेवा की व्यस्त जिम्मेदारियों के साथ-साथ उन्होंने अपने अध्ययन और शोधकार्य को निरंतर जारी रखा तथा कड़ी मेहनत और लगन के साथ शोध पूरा कर पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की।
अपने शोधकार्य के विषय में उन्होंने हिन्दी साहित्य की चर्चित लेखिका उषा प्रियंवदा के उपन्यासों में निहित मानवीय संवेदनाओं का अध्ययन किया। शोध के दौरान उनके साहित्य में चित्रित मानवीय भावनाओं, सामाजिक परिस्थितियों और जीवन के विभिन्न पक्षों का विश्लेषण किया गया।
पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त होने पर चंद्रशेखर सराफ ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने गुरुजनों, माता-पिता, परिवारजनों, इष्ट-मित्रों तथा शोध निर्देशक डॉ. शाहिद हुसैन को दिया। उन्होंने कहा कि इन सभी के मार्गदर्शन, सहयोग और प्रोत्साहन के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी।












