PUC Validity Rules : अगर आपके पास बाइक, कार या कोई कमर्शियल वाहन है तो प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र यानी PUC से जुड़े नए नियम जानना बेहद जरूरी है। केंद्र सरकार ने वाहनों के PUC सर्टिफिकेट की वैधता को लेकर बदलाव किया है। अब सभी गाड़ियों के लिए सर्टिफिकेट की अवधि एक जैसी नहीं होगी। यह वाहन की उम्र, उसके BS एमिशन स्टैंडर्ड और निजी या व्यावसायिक इस्तेमाल पर निर्भर करेगी। नए नियमों से कुछ वाहन मालिकों को राहत मिलेगी, क्योंकि उन्हें बार-बार प्रदूषण प्रमाणपत्र बनवाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
केंद्रीय मोटर वाहन नियम 1989 में हुआ संशोधन
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय मोटर वाहन (16वां संशोधन) नियम, 2026 अधिसूचित किया है। इसके जरिए केंद्रीय मोटर वाहन नियम, 1989 में संशोधन किया गया है। नए प्रावधानों में अलग-अलग श्रेणी के वाहनों के लिए PUC सर्टिफिकेट की वैधता निर्धारित की गई है। इसका उद्देश्य वाहनों की उम्र और उत्सर्जन मानकों के अनुसार प्रमाणपत्र की अवधि तय करना है।

BS-6 निजी कार और बाइक को मिलेगी बड़ी राहत
नए नियमों के तहत BS-6 मानक वाले निजी वाहनों के मालिकों को सबसे ज्यादा राहत मिलने वाली है। यदि आपकी कार या बाइक के पहली बार रजिस्ट्रेशन को छह साल पूरे नहीं हुए हैं, तो उसका PUC सर्टिफिकेट तीन साल तक वैध रहेगा। इसका मतलब है कि ऐसे वाहन मालिकों को हर साल नया प्रमाणपत्र बनवाने की आवश्यकता नहीं होगी।हालांकि, छह साल से अधिक और 10 साल तक पुराने निजी BS-6 वाहनों के लिए PUC सर्टिफिकेट की वैधता एक साल निर्धारित की गई है। वहीं, जिन निजी वाहनों की उम्र 10 साल से ज्यादा हो चुकी है, उन्हें प्रत्येक छह महीने में नया प्रमाणपत्र बनवाना होगा।

कमर्शियल वाहनों के लिए क्या है नया PUC नियम?
व्यावसायिक यानी कमर्शियल वाहनों के लिए भी अलग व्यवस्था लागू की गई है। छह साल तक पुराने BS-6 कमर्शियल वाहनों का प्रदूषण प्रमाणपत्र दो साल तक वैध रहेगा। छह साल से अधिक और 10 साल तक पुराने वाहनों के लिए यह अवधि एक साल होगी। इसके अलावा 10 साल से ज्यादा पुराने व्यावसायिक वाहनों को हर छह महीने में PUC सर्टिफिकेट रिन्यू कराना होगा।
BS-4 और BS-1, BS-2, BS-3 वाहनों के लिए कितनी वैलिडिटी?
BS-4 एमिशन स्टैंडर्ड वाले सभी वाहनों के लिए PUC सर्टिफिकेट की वैधता छह महीने रखी गई है। वहीं, BS-1, BS-2 और BS-3 मानक वाले वाहनों के मालिकों को हर तीन महीने में नया प्रदूषण प्रमाणपत्र बनवाना होगा। इन वाहनों के लिए उम्र के बजाय एमिशन स्टैंडर्ड के आधार पर वैधता निर्धारित की गई है।

नए नियमों के अनुसार PUC सर्टिफिकेट की वैधता
| वाहन की श्रेणी | PUC सर्टिफिकेट की वैधता |
|---|---|
| BS-1, BS-2 और BS-3 वाहन | 3 महीने |
| BS-4 वाहन | 6 महीने |
| BS-6 निजी वाहन (6 साल तक) | 3 साल |
| BS-6 निजी वाहन (6 से 10 साल) | 1 साल |
| BS-6 निजी वाहन (10 साल से अधिक) | 6 महीने |
| BS-6 कमर्शियल वाहन (6 साल तक) | 2 साल |
| BS-6 कमर्शियल वाहन (6 से 10 साल) | 1 साल |
| BS-6 कमर्शियल वाहन (10 साल से अधिक) | 6 महीने |
पुराने PUC सर्टिफिकेट पर क्या होगा नए नियमों का असर?
जिन वाहन मालिकों के पास पहले से वैध PUC सर्टिफिकेट मौजूद है, उन्हें तत्काल नया प्रमाणपत्र बनवाने की जरूरत नहीं होगी। नए नियमों का लाभ मौजूदा सर्टिफिकेट के पहली बार रिन्यूअल के समय मिलेगा। यानी पुराने प्रमाणपत्र की वैधता समाप्त होने तक वह मान्य रहेगा।
एक्सपायरी से 10 दिन पहले रिन्यू कराने पर मिलेगा फायदा
नए नियमों में रिन्यूअल की तारीख को लेकर भी महत्वपूर्ण प्रावधान किया गया है। यदि वाहन मालिक अपने मौजूदा PUC सर्टिफिकेट की एक्सपायरी से 10 दिन पहले उसका रिन्यूअल कराते हैं, तो नया प्रमाणपत्र पुरानी वैधता समाप्त होने की तारीख से लागू होगा। अन्य मामलों में नए सर्टिफिकेट की वैधता रिन्यूअल की तारीख से शुरू होगी।इसलिए वाहन मालिकों को सलाह है कि वे अपने वाहन का BS एमिशन स्टैंडर्ड और रजिस्ट्रेशन की तारीख जरूर जांच लें, ताकि PUC सर्टिफिकेट समय पर बनवाया जा सके और नियमों के उल्लंघन से बचा जा सके।

