Punjab Kings New Coach : आईपीएल 2027 सीजन की तैयारियों के बीच पंजाब किंग्स ने अपने कोचिंग स्टाफ में अहम बदलाव किया है। आगामी सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी से पहले फ्रेंचाइजी ने टीम के नए फास्ट बॉलिंग कोच के नाम का ऐलान कर दिया है। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज और पूर्व गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके अनुभव को देखते हुए टीम मैनेजमेंट को उम्मीद होगी कि गेंदबाजी विभाग को नई मजबूती मिलेगी।
पंजाब किंग्स ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर पोस्ट साझा करते हुए पारस म्हाम्ब्रे का स्वागत किया। फ्रेंचाइजी ने लिखा, ‘टीम में आपका स्वागत है, पारस पाजी!’ म्हाम्ब्रे अब टीम के गेंदबाजी कोचिंग विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे। वह पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर जेम्स होप्स की जगह लेंगे। टीम के हेड कोच रिकी पोंटिंग के साथ मिलकर वह आगामी सीजन की रणनीति तैयार करेंगे।

रिकी पोंटिंग के साथ पहले भी कर चुके हैं काम
पारस म्हाम्ब्रे और रिकी पोंटिंग के लिए यह साझेदारी नई नहीं है। दोनों इससे पहले मुंबई इंडियंस के सपोर्ट स्टाफ में एक साथ काम कर चुके हैं। ऐसे में पंजाब किंग्स के साथ उनकी जोड़ी को लेकर टीम प्रबंधन को काफी उम्मीदें होंगी। म्हाम्ब्रे के पास अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल दोनों स्तरों पर काम करने का अनुभव है। वह तेज गेंदबाजों की तकनीक, फिटनेस और मैच के दौरान रणनीति तैयार करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप जिताने में निभाई अहम भूमिका
पारस म्हाम्ब्रे का भारतीय क्रिकेट टीम के साथ भी शानदार कार्यकाल रहा है। वह साल 2021 से 2024 तक टीम इंडिया के गेंदबाजी कोच रहे। इस दौरान उन्होंने तत्कालीन हेड कोच राहुल द्रविड़ के साथ काम किया। उनके कार्यकाल में भारतीय गेंदबाजी आक्रमण ने कई अहम मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन किया।
साल 2023 में भारत ने वनडे वर्ल्ड कप में लगातार 10 मुकाबले जीतकर फाइनल तक का सफर तय किया था। हालांकि, अहमदाबाद में खेले गए खिताबी मुकाबले में भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद साल 2024 में भारत ने वेस्टइंडीज और अमेरिका की मेजबानी में आयोजित टी20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर इतिहास रचा। इस जीत के साथ भारतीय टीम का 11 साल से चला आ रहा आईसीसी ट्रॉफी का इंतजार भी समाप्त हुआ। म्हाम्ब्रे उस सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा थे, जिसने इस अभियान में टीम के साथ काम किया।

मुंबई इंडियंस से अलग होने के बाद पंजाब में नई जिम्मेदारी
आईपीएल में पारस म्हाम्ब्रे का मुंबई इंडियंस के साथ भी पुराना रिश्ता रहा है। वह दो अलग-अलग मौकों पर फ्रेंचाइजी के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा बने। भारतीय टीम के साथ अपना कार्यकाल पूरा करने के बाद उन्होंने मुंबई इंडियंस में वापसी की थी। पिछले सीजन में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद मुंबई ने अपने कोचिंग स्टाफ में बदलाव किया। 14 मैचों में सिर्फ चार जीत के साथ टीम नौवें स्थान पर रही थी। इसके बाद म्हाम्ब्रे ने पिछले महीने मुंबई इंडियंस से अलग होने का फैसला किया और अब पंजाब किंग्स से जुड़ गए हैं।
खिताब का इंतजार खत्म करना चाहेगी पंजाब किंग्स
पंजाब किंग्स आईपीएल की शुरुआत से ही लीग का हिस्सा रही है, लेकिन अब तक खिताब जीतने में सफल नहीं हुई है। टीम दो बार फाइनल में पहुंची। साल 2014 में उसे कोलकाता नाइट राइडर्स और 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हार मिली थी।पिछले सीजन पंजाब ने शानदार शुरुआत की थी। टीम अपने शुरुआती सात मुकाबलों में अजेय रही, जिसमें छह जीत शामिल थीं। हालांकि, इसके बाद लगातार छह मैचों में मिली हार ने उसकी प्लेऑफ की उम्मीदों को झटका दिया। अब आईपीएल 2027 से पहले पारस म्हाम्ब्रे की नियुक्ति से टीम अपने गेंदबाजी विभाग को मजबूत करना चाहेगी। देखना होगा कि उनका अनुभव पंजाब को पहली बार चैंपियन बनाने में कितना मददगार साबित होता है।

