Chhattisgarh New Criminal Laws : छत्तीसगढ़ में नए आपराधिक कानूनों को प्रभावी तरीके से लागू करने के लिए पुलिस, फॉरेंसिक, अभियोजन, जेल और न्यायालय के बीच बेहतर तालमेल पर जोर दिया जा रहा है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि केवल पुलिस की अच्छी जांच से न्याय सुनिश्चित नहीं हो सकता। आपराधिक न्याय प्रणाली से जुड़े सभी विभागों का मजबूत और सक्रिय होना जरूरी है। तकनीक के इस्तेमाल से न्याय प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बनाई जा सकती है, लेकिन इसके लिए सभी विभागों को मिलकर काम करना होगा।
संविधान दिवस पर नवा रायपुर में आयोजित हुई कार्यशाला
संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को हिदायतुल्ला राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (HNLU), नवा रायपुर में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। इसका विषय ‘रिफॉर्म टू रियलिटी: छत्तीसगढ़ में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन का आकलन’ रखा गया था। आयोजन विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर कम्पेरेटिव लॉ ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी के सहयोग से किया।

तकनीक के साथ सभी विभागों का समन्वय जरूरी: विजय शर्मा
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने इंटर-ऑपरेबल क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम (ICJS) की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था पुलिस, अभियोजन, फॉरेंसिक विज्ञान, जेल और न्यायालय को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर जोड़ती है। हालांकि, केवल तकनीक के सहारे न्याय नहीं मिल सकता। यदि फॉरेंसिक रिपोर्ट समय पर नहीं आती या अभियोजन पक्ष कमजोर रहता है, तो मजबूत पुलिस जांच के बावजूद मामला प्रभावित हो सकता है। इसलिए पूरी न्याय प्रणाली को एक साथ मजबूत करना आवश्यक है।

4200 से अधिक अधिकारियों ने कार्यशाला में लिया हिस्सा
इस कार्यशाला में 300 पुलिस अधिकारी प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए। इनमें उपनिरीक्षक से लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर तक के अधिकारी शामिल थे। इसके अलावा फॉरेंसिक वैज्ञानिकों, अभियोजन और जेल विभाग सहित अलग-अलग विभागों के 3,917 अधिकारियों ने ऑनलाइन भागीदारी की। इस तरह कार्यक्रम से कुल 4,200 से अधिक अधिकारी जुड़े।
छत्तीसगढ़ में 36 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण
महानिदेशक एवं राज्य पुलिस अकादमी के निदेशक जीपी सिंह ने नए कानूनों के क्रियान्वयन की प्रगति साझा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब तक 36,371 पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है। राज्य सरकार ने इनके क्रियान्वयन के लिए 61 अधिसूचनाएं जारी की हैं। प्रदेश के सभी पुलिस थाने ऑनलाइन हैं और करीब 1.92 लाख एफआईआर डिजिटल माध्यम से दर्ज की जा चुकी हैं। इसके अलावा नौ नए साइबर थाने भी स्थापित किए गए हैं।

33 मोबाइल फॉरेंसिक वैन से जांच को मिलेगी मजबूती
जीपी सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ ई-साक्ष्य नियम अधिसूचित करने वाले देश के शुरुआती सात राज्यों में शामिल है। मई 2026 से प्रदेश के जिलों में 33 मोबाइल फॉरेंसिक वैन तैनात की गई हैं। सभी जिलों में आईसीजेएस भी क्रियाशील है। उन्होंने कहा कि नए कानूनों के तहत जांच अब स्वीकारोक्ति के बजाय वैज्ञानिक प्रमाणों पर आधारित हो रही है। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और वीडियोग्राफी की भूमिका भी बढ़ी है। हालांकि, दूरस्थ क्षेत्रों में इंटरनेट की कमी, डिजिटल साक्ष्यों का सुरक्षित रखरखाव और फॉरेंसिक प्रयोगशालाओं पर बढ़ता दबाव बड़ी चुनौतियां हैं।
बिलासपुर और कांकेर के मामलों से समझाया नए कानूनों का असर
कार्यशाला में जीपी सिंह ने बिलासपुर और कांकेर के मामलों का उदाहरण देते हुए बताया कि नए कानूनों से जांच प्रक्रिया में किस तरह बदलाव आया है। बिलासपुर के एक हत्या मामले में प्रत्यक्षदर्शियों के पक्षद्रोही होने के बावजूद वैज्ञानिक जांच और ई-साक्ष्य वीडियोग्राफी के आधार पर आरोपी को आजीवन कारावास की सजा मिली। वहीं कांकेर के नक्सली हमले से जुड़े मामले में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पांच आरोपियों को दोषी ठहराया गया।
डीजीपी बोले- कानूनों की सफलता का आधार दोषसिद्धि
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि नए आपराधिक कानूनों की वास्तविक सफलता आम नागरिक को मिलने वाले न्याय से तय होगी। केवल कानूनी प्रावधानों का पालन करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि मजबूत साक्ष्यों के आधार पर दोषियों को सजा दिलाना मुख्य उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने अंतरराज्यीय साइबर धोखाधड़ी और म्यूल अकाउंट नेटवर्क के खिलाफ संगठित अपराध से जुड़े प्रावधानों के प्रभावी इस्तेमाल पर जोर दिया।
इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की विश्वसनीयता बेहद महत्वपूर्ण
छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश एवं पूर्व कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी ने कहा कि नए कानूनों की सफलता न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्यों की गुणवत्ता पर निर्भर करेगी। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की विश्वसनीयता, उनकी अभिरक्षा की श्रृंखला और जरूरी प्रमाणपत्रों का सही तरीके से पालन करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि त्वरित न्याय के साथ निष्पक्ष सुनवाई और अभियुक्तों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा भी सुनिश्चित होनी चाहिए।
HNLU ने 10 हजार से अधिक अधिकारियों को दिया प्रशिक्षण
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. वीसी विवेकानंदन ने कहा कि विधि विश्वविद्यालयों की भूमिका सिर्फ कानून की शिक्षा देने तक सीमित नहीं है। उन्हें कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में भी योगदान देना चाहिए। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ साझेदारी में नए कानून लागू होने से पहले ही प्रशिक्षण शुरू कर दिया गया था। अब तक 10 हजार से अधिक पुलिस अधिकारियों को प्रशिक्षित किया जा चुका है।
BNS, BNSS और भारतीय साक्ष्य अधिनियम पर तकनीकी सत्र
कार्यशाला के अंतिम चरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के व्यावहारिक पहलुओं पर तकनीकी सत्र आयोजित किए गए। कार्यक्रम में एचएनएलयू के प्रभारी कुलसचिव प्रो. डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और विशेषज्ञ मौजूद रहे। कार्यशाला में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि न्याय व्यवस्था की प्रत्येक कड़ी के बीच समन्वय से ही नए कानूनों का वास्तविक उद्देश्य पूरा किया जा सकता है।
Read more : Kal Ka Mausam :दिल्ली-NCR से राजस्थान तक ठंड का कहर, इन राज्यों में घने कोहरे और शीतलहर का अलर्ट

