Rahul Gandhi Phone Tapping : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। राहुल गांधी का दावा है कि उनका फोन टैप कराया जा रहा है और इससे जुड़े सभी सबूत उनके मोबाइल फोन में मौजूद हैं। एक वीडियो में उन्होंने कहा कि देश में कौन देश विरोधी है और किसके पीछे विदेशी ताकतों का हाथ है, यह आमने-सामने की बहस में स्पष्ट हो जाएगा।राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अपनी इच्छा से जज बन सकते हैं और संसद में उनका माइक बंद करवा दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर उन्हें लोकसभा में अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया गया।
पीएम मोदी को फिर दी आमने-सामने बहस की चुनौती
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर सार्वजनिक बहस के लिए आमंत्रित किया है। उनका कहना है कि संसद में चर्चा और आमने-सामने की बहस में अंतर होता है। वह ऐसी बातचीत चाहते हैं, जिसमें दोनों नेता सीधे सवाल पूछें और एक-दूसरे के आरोपों का जवाब दें।कांग्रेस नेता ने कहा कि वह लंबे-लंबे भाषणों वाली बहस नहीं चाहते, बल्कि सीधा संवाद चाहते हैं। राहुल के मुताबिक, इस तरह की चर्चा से जनता के सामने कई सवालों के जवाब आ सकते हैं।

कृषि कानून से लेकर SIR तक के मुद्दे उठाए
इंस्टाग्राम पर आयोजित ‘आस्क मी’ सेशन के दौरान राहुल गांधी ने बताया कि वह संसद में कई महत्वपूर्ण विषयों पर बोलना चाहते थे, लेकिन उन्हें ऐसा करने से रोका गया। उन्होंने कृषि कानूनों, वोट चोरी, स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR), चीन, जनरल नरवणे की किताब और एपस्टीन से जुड़े मुद्दों का जिक्र किया।राहुल गांधी का आरोप है कि इन विषयों पर संसद में उन्हें अपनी बात रखने का मौका नहीं मिला। उन्होंने सवाल उठाया कि जब भाजपा संसद में चर्चा के लिए तैयार होने की बात कहती है, तो फिर सार्वजनिक मंच पर आमने-सामने की बहस से क्यों बचा जाए?

गौतम अडानी और मोहन भागवत को जज बनाने पर भी तैयार
राहुल गांधी ने बहस के तरीके को लेकर अपनी बात रखते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन पर आरोप लगाएं और वह प्रधानमंत्री से सवाल करें। उन्होंने एक मेज पर दोनों नेताओं के आमने-सामने बैठकर बातचीत करने का प्रस्ताव रखा।उन्होंने यहां तक कहा कि यदि इस बहस में गौतम अडानी या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत को जज बनाया जाता है, तो भी उन्हें कोई आपत्ति नहीं होगी। राहुल गांधी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री के साथ ऐसी बहस होने के बाद नरेंद्र मोदी अपनी कुर्सी पर नहीं रह पाएंगे।
पहले भी पीएम मोदी को दे चुके हैं चुनौती
यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को सार्वजनिक बहस की चुनौती दी है। इससे पहले भी वह कई बार इस तरह की मांग उठा चुके हैं। राहुल ने पूर्व में दावा किया था कि यदि उन्हें पांच मिनट का समय दिया जाए, तो वह प्रधानमंत्री के खिलाफ अपने आरोप साबित कर सकते हैं।हालांकि, भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी की चुनौती को खारिज किया है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस नेता संसद में चर्चा से बचते हैं और राजनीतिक लाभ के लिए इस तरह के बयान देते हैं।

एसपी सिंह बघेल ने आरोपों को बताया तथ्यहीन
राहुल गांधी के फोन टैपिंग संबंधी आरोपों पर केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस नेता के आरोपों को तथ्यहीन बताया। बघेल के मुताबिक, राहुल गांधी के बयान में कोई ठोस आधार नहीं है। इस प्रतिक्रिया के बाद फोन टैपिंग को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
केशव प्रसाद मौर्य ने राहुल गांधी पर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी राहुल गांधी के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस नेता पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी अपने राजनीतिक जीवन के सबसे निचले स्तर की घटिया राजनीति कर रहे हैं।मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कद इतना बड़ा है कि राहुल गांधी उनसे बहस करने के योग्य नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की पुरानी आदत आरोप लगाने और फिर पीछे हट जाने की रही है। केशव प्रसाद मौर्य ने फोन टैपिंग के आरोप को भी राहुल गांधी की हल्ला बोल राजनीति का हिस्सा बताया।
फोन टैपिंग और बहस के मुद्दे पर बढ़ा सियासी टकराव
राहुल गांधी के आरोपों और भाजपा नेताओं के पलटवार के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। कांग्रेस नेता जहां प्रधानमंत्री से सीधी बहस की मांग कर रहे हैं, वहीं भाजपा इन आरोपों को निराधार बता रही है। अब देखना होगा कि प्रधानमंत्री की ओर से इस चुनौती पर कोई प्रतिक्रिया आती है या नहीं।

