Zila Pramukh Election : राजस्थान की राजनीति में पंचायत चुनावों के बाद जिला प्रमुख के नतीजों ने सियासी तस्वीर बदल दी है। बुधवार को राज्य के 41 जिलों में से 37 जिला परिषदों के प्रमुख पदों के लिए चुनाव हुए। इन चुनावों में नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्यों ने मतदान कर अपने जिला प्रमुख चुने। कांग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 37 में से 24 जिलों में जिला प्रमुख का पद हासिल किया। वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) को केवल 10 जिलों में जीत मिली। दो जिलों में भारतीय आदिवासी पार्टी (BAP) और एक जिले में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने अपना जिला प्रमुख बनाया।
सबसे ज्यादा चर्चा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के गृह जिले भरतपुर के नतीजे की रही। यहां भाजपा अपना जिला प्रमुख बनाने में नाकाम रही। कांग्रेस उम्मीदवार रेनू वाला ने भाजपा की पूजा जाटव को 17-14 वोटों से हराकर तीन वोटों से जीत दर्ज की।

चूरू में बहुमत के बावजूद कांग्रेस को नहीं मिली कुर्सी
जिला प्रमुख चुनाव के दौरान कई जिलों में दिलचस्प मुकाबले देखने को मिले। चूरू में कांग्रेस के पास जिला परिषद में बहुमत होने के बावजूद पार्टी अपना जिला प्रमुख नहीं चुनवा सकी। यहां पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की बहू कनिका सिंह ने जीत हासिल की और भाजपा की ओर से जिला प्रमुख बनीं। इस नतीजे ने कांग्रेस के लिए बड़ा झटका दिया।

बीकानेर और ब्यावर में भी उलटफेर
बीकानेर में कांग्रेस विधायक की बहू निकिता डूडी जिला प्रमुख चुनी गईं। उन्होंने कांग्रेस की बागी उम्मीदवार सरिता चौहान को 23-18 वोटों से शिकस्त दी। सरिता पूर्व मंत्री गोविंद राम मेघवाल की बेटी हैं। बीकानेर जिला परिषद के 41 वार्डों में कांग्रेस ने 30 सीटें जीती थीं, लेकिन सरिता के निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में उतरने से मुकाबला दिलचस्प हो गया था।ब्यावर में भी भाजपा को बहुमत के बावजूद हार का सामना करना पड़ा। भाजपा उम्मीदवार निर्मला देवी को एक वोट से शिकस्त मिली। कांग्रेस की ममता गुर्जर ने जिला प्रमुख का पद अपने नाम कर लिया।
21 साल की संतोष कुमारी बनीं जैसलमेर की जिला प्रमुख
जैसलमेर में 21 वर्षीय संतोष कुमारी जिला प्रमुख चुनी गईं। उन्हें राजस्थान में इस पद पर पहुंचने वाली सबसे कम उम्र की उम्मीदवार बताया जा रहा है। दौसा में कांग्रेस विधायक डीडी बैरवा की पत्नी बीना बैरवा जिला प्रमुख बनीं। दौसा, जैसलमेर और सवाई माधोपुर में कांग्रेस उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए।

कांग्रेस ने इन 24 जिलों में दर्ज की जीत
राज्य निर्वाचन आयोग के घोषित नतीजों के अनुसार कांग्रेस ने अलवर, बाड़मेर, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, हनुमानगढ़, जयपुर, जैसलमेर, जालौर, झुंझुनूं, जोधपुर, कोटपूतली-बहरोड़, फलोदी, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सलूंबर, सीकर, सिरोही और टोंक में जिला प्रमुख पद पर जीत हासिल की।
भाजपा को 10 जिलों में सफलता, BAP और RLP भी आगे
भाजपा ने अजमेर, बालोतरा, चूरू, डीग, डीडवाना-कुचामन, झालावाड़, खैरथल-तिजारा, पाली, प्रतापगढ़ और उदयपुर में जिला प्रमुख पद जीते। वहीं भारतीय आदिवासी पार्टी ने बांसवाड़ा और डूंगरपुर में जीत दर्ज की। नागौर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी का जिला प्रमुख चुना गया।
पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव में भी कांग्रेस आगे
इससे पहले पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य चुनावों के नतीजों में भी कांग्रेस ने भाजपा से बेहतर प्रदर्शन किया था। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, पंचायत समिति की सीटों पर कांग्रेस को 3,701 और भाजपा को 2,181 सीटें मिलीं। जिला परिषद की 1,275 सीटों में कांग्रेस ने 599 और भाजपा ने 301 सीटों पर जीत दर्ज की।
भजनलाल सरकार के लिए क्यों अहम हैं ये नतीजे?
राजनीतिक रूप से इन नतीजों को भाजपा और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के लिए चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है। दिसंबर में राज्य सरकार के तीन साल पूरे होने वाले हैं। ऐसे समय में कांग्रेस की बढ़त और मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में भाजपा की हार ने सत्तारूढ़ दल के सामने सवाल खड़े किए हैं।गौरतलब है कि राजस्थान के 41 जिलों में पंचायत समिति की 7,543 और जिला परिषद की 1,275 सीटों के लिए चुनाव हुए थे। इनमें से 37 जिलों की मतगणना और जिला प्रमुख चुनाव की प्रक्रिया पूरी हुई। कोटा, बारां, करौली और श्रीगंगानगर में मतगणना 17 दिसंबर तक टाल दी गई है। इन जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति के प्रमुखों का चुनाव बाद में होगा।
Read More : North Korea News : किम जोंग उन ने भारतीय राजदूत से की मुलाकात, तीन दशक बाद उत्तर कोरिया में क्या बदला?

