Raju Talikote Death: साउथ फिल्म इंडस्ट्री से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय कन्नड़ एक्टर और कॉमेडियन राजू तालिकोटे का 62 वर्ष की उम्र में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह इन दिनों अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में उडुपी में थे, जहां तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

अचानक बिगड़ी तबीयत
राजू तालिकोटे को पहले कंधे में दर्द की शिकायत हुई थी, जिसके बाद उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी। तुरंत ही उन्हें उडुपी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, राजू को पहले भी दो बार हार्ट अटैक आ चुका था और तीसरा हार्ट अटैक उनके लिए घातक साबित हुआ।

फिल्म की शूटिंग के दौरान हुआ हादसा
राजू तालिकोटे इन दिनों अपनी नई फिल्म की शूटिंग में व्यस्त थे, जिसमें लीड रोल में एक्टर शाइन शेट्टी नजर आने वाले हैं। शूटिंग के दौरान दो दिन तक उन्होंने पूरी मेहनत से काम किया, लेकिन तीसरे दिन उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। फिल्म की टीम इस दुखद खबर से सदमे में है। शाइन शेट्टी ने भी सोशल मीडिया पर शोक जताते हुए कहा, “राजू सर एक बेहतरीन इंसान और कलाकार थे। यकीन नहीं हो रहा कि अब वो हमारे बीच नहीं रहे।”
इंडस्ट्री में शोक की लहर
राजू तालिकोटे के निधन से कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री सहित पूरे साउथ सिनेमा में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके चाहने वाले और प्रशंसक सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें और वीडियो शेयर कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
थिएटर से फिल्मों तक का सफर
विजयपुरा में जन्मे राजू तालिकोटे ने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की थी। इसके बाद उन्होंने साल 2009 में फिल्म ‘मनसरे’ से कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री में डेब्यू किया। इस फिल्म में उनके अभिनय की खूब सराहना हुई।
राजू ने ‘राजधानी’, ‘मैना’, ‘लाइफ इज दैट’, ‘अलेमारी’ और ‘टोपीवाला’ जैसी चर्चित फिल्मों में काम किया। इसके साथ ही वे कन्नड़ के लोकप्रिय रियलिटी शो ‘बिग बॉस कन्नड़ सीजन 7’ में भी नजर आ चुके हैं, जिससे उन्हें घर-घर में पहचान मिली।
एक अपूरणीय क्षति
राजू तालिकोटे का जाना इंडस्ट्री के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपनी कॉमिक टाइमिंग और सहज अभिनय से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
Read More : US China Trade War: ट्रंप के 100% टैरिफ पर चीन का पलटवार,‘हम डरते नहीं, अधिकारों की रक्षा करेंगे’










