Karachi Police Operation
Karachi Police Operation: कराची पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए लियारी के पूर्व कुख्यात गैंगस्टर अब्दुल रहमान उर्फ रहमान डकैत के बेटे जिब्रान को गिरफ्तार कर लिया है। पाकिस्तान के प्रमुख अखबार ‘डॉन’ की रिपोर्ट के अनुसार, कालाकोट पुलिस ने एक विशेष ऑपरेशन के दौरान जिब्रान को दबोचा। गिरफ्तारी के समय उसके पास से एक अवैध पिस्तौल भी बरामद की गई है। पुलिस ने अपने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया कि जिब्रान एक “आदतन अपराधी” है, जो लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय था। यह पहली बार नहीं है जब वह कानून के शिकंजे में आया है; इससे पहले भी उसे कई संगीन मामलों में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
रहमान डकैत का नाम एक बार फिर चर्चा में तब आया जब साल 2025 की बॉलीवुड ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ रिलीज हुई। इस फिल्म में दिखाया गया मुख्य विलेन का किरदार वास्तविक जीवन के रहमान डकैत से प्रेरित बताया गया है। फिल्म में मशहूर अभिनेता अक्षय खन्ना ने रहमान डकैत की भूमिका को जीवंत किया है, जिसके बाद से नई पीढ़ी के बीच भी इस गैंगस्टर की दहशत और उसके काले कारनामों की कहानियां मशहूर हो गई हैं। कराची के लियारी इलाके में उसके वर्चस्व और गैंगवार को फिल्म में काफी करीब से फिल्माया गया है, जिसने इस गिरफ्तारी को अंतरराष्ट्रीय मीडिया की सुर्खियों में ला दिया है।
अब्दुल रहमान उर्फ रहमान डकैत कभी कराची के सबसे पुराने और घनी आबादी वाले इलाके लियारी का ‘अनकैंन्ड किंग’ माना जाता था। उस पर हत्या, डकैती और अपहरण जैसे 80 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। साल 2009 में कराची पुलिस ने एक बड़े एनकाउंटर में रहमान को उसके तीन साथियों समेत मार गिराया था। उसकी मौत के बाद लियारी में गैंगवार की एक नई लहर शुरू हुई थी। सिर्फ रहमान ही नहीं, बल्कि उसके परिवार का आपराधिक इतिहास भी काफी पुराना है। साल 2024 में, उसके बड़े बेटे सरबन को भी पुलिस ने एक मुठभेड़ में ढेर कर दिया था, जो अपने पिता की विरासत को आगे बढ़ाने की कोशिश कर रहा था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि जिब्रान और उसका दिवंगत भाई सरबन लियारी में अपराधियों का एक नया और संगठित गिरोह तैयार कर रहे थे। सरबन ने इलाके में कई ड्रग्स के अड्डे स्थापित किए थे, जिससे लियारी में नशीले पदार्थों का व्यापार कई गुना बढ़ गया था। जिब्रान पर साल 2023 और 2024 के बीच कालाकोट पुलिस स्टेशन में दो अलग-अलग प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई थीं। पुलिस के मुताबिक, यह गैंग न केवल ड्रग्स तस्करी में शामिल था, बल्कि फिरौती के लिए अपहरण (Kidnapping for Ransom) जैसी वारदातों को भी अंजाम दे रहा था, जिससे स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में भारी दहशत थी।
डॉन की पुरानी रिपोर्टों के अनुसार, रहमान डकैत की तीन पत्नियों से कई बच्चे थे। जिब्रान का भाई सरबन उसकी दूसरी पत्नी का बेटा था। रहमान की मौत के बाद उसके परिवार के सदस्य अलग-अलग गुटों में बंट गए थे। सरबन ने पहले अपने पिता के प्रतिद्वंद्वी गिरोहों के साथ काम किया, लेकिन बाद में उसने अपना स्वतंत्र नेटवर्क खड़ा कर लिया। पुलिस का मानना है कि जिब्रान की गिरफ्तारी से लियारी में फिर से सिर उठा रहे गैंगस्टरों के मनोबल पर गहरी चोट पहुंचेगी। फिलहाल पुलिस जिब्रान से पूछताछ कर रही है ताकि उसके गिरोह के अन्य सदस्यों और हथियारों के स्रोत का पता लगाया जा सके।
IPL 2026 CSK vs MI: आईपीएल 2026 के सबसे प्रतीक्षित मुकाबलों में से एक 'एल…
West Bengal Election : पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो…
Jhansi Love Affair : उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक ऐसी प्रेम कहानी सामने…
Sarai Rohilla Murder : देश की राजधानी दिल्ली के सराय रोहिल्ला इलाके में शनिवार को…
Karanvir Bohra Journey : एकता कपूर के कालजयी धारावाहिक 'कसौटी जिंदगी की' से घर-घर में…
Odisha Bank Skeleton Case : ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष…
This website uses cookies.