Rekha Sindoor Mystery : बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री रेखा अपनी खूबसूरती, शानदार अभिनय और शाही अंदाज के लिए हमेशा सुर्खियों में रहती हैं। दशकों तक फिल्मी दुनिया पर राज करने वाली रेखा की निजी जिंदगी भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही है। उनकी जिंदगी से जुड़े कई किस्से आज भी लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा दिलचस्प सवाल उनकी मांग में नजर आने वाले सिंदूर को लेकर है। रेखा जब भी किसी फिल्मी समारोह या सार्वजनिक कार्यक्रम में पहुंचती हैं, उनके माथे की बिंदी और मांग का सिंदूर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लेता है। आखिर वह किसके नाम का सिंदूर लगाती हैं? इस सवाल का जवाब आज तक रहस्य बना हुआ है।
जब देश के राष्ट्रपति ने रेखा से पूछ लिया था सिंदूर का राज
रेखा की जिंदगी से जुड़े इस चर्चित किस्से का उल्लेख लेखक यासिर उस्मान की किताब ‘रेखा: द अनटोल्ड स्टोरी’ में किया गया है। यह घटना साल 1981 की है, जब अभिनेत्री को फिल्म ‘उमराव जान’ में बेहतरीन अभिनय के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा था।उस समय भारत के राष्ट्रपति नीलम संजीव रेड्डी थे। पुरस्कार समारोह के दौरान जब रेखा सम्मान लेने के लिए मंच पर पहुंचीं, तो राष्ट्रपति की नजर उनकी मांग में लगे सिंदूर पर पड़ी। उन्होंने अभिनेत्री से पूछ लिया कि वह सिंदूर क्यों लगाती हैं?

रेखा के जवाब ने बढ़ा दी थी लोगों की उत्सुकता
राष्ट्रपति के सवाल पर रेखा ने बिना किसी झिझक के बेहद सहज अंदाज में जवाब दिया था। उन्होंने कहा था कि वह जिस शहर से आती हैं, वहां मांग में सिंदूर लगाना आम बात है और यह एक फैशन भी है। रेखा के इस जवाब ने उस समय वहां मौजूद लोगों को भी हैरान कर दिया था।हालांकि, अभिनेत्री ने अपने इस अंदाज के पीछे की निजी वजह कभी सार्वजनिक रूप से स्पष्ट नहीं की। यही कारण है कि उनके सिंदूर को लेकर आज भी तरह-तरह की चर्चाएं होती रहती हैं।

इन फिल्मों ने रेखा को बनाया बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री
रेखा का फिल्मी करियर कई यादगार फिल्मों और शानदार किरदारों से भरा हुआ है। ‘नागिन’, ‘मुकद्दर का सिकंदर’, ‘मिस्टर नटवरलाल’, ‘खूबसूरत’, ‘उमराव जान’ और ‘खून भरी मांग’ जैसी फिल्मों में उन्होंने अपनी अभिनय प्रतिभा का लोहा मनवाया।खास तौर पर ‘उमराव जान’ में उनके अभिनय को दर्शकों और फिल्म समीक्षकों ने खूब सराहा। इसी फिल्म के लिए उन्हें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था।
स्टार नहीं, हमेशा खुद को एक्टर मानती रहीं रेखा
रेखा ने अपने करियर में हमेशा अलग-अलग तरह के किरदारों को प्राथमिकता दी। वह खुद को सिर्फ एक स्टार नहीं, बल्कि एक अभिनेत्री के रूप में देखती रही हैं। साल 1996 में रिलीज हुई फिल्म ‘खिलाड़ियों का खिलाड़ी’ में उन्होंने नकारात्मक भूमिका निभाकर दर्शकों को चौंका दिया था। वहीं, 2006 की फिल्म ‘कृष’ में वह एक दादी की भूमिका में नजर आई थीं।

जब रेखा ने बताया था कि नहीं बनना चाहती थीं अभिनेत्री
सिमी ग्रेवाल के चर्चित टॉक शो में रेखा ने अपनी जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प खुलासा किया था। जब उनसे पूछा गया कि भानुरेखा अपनी जिंदगी में क्या बनना चाहती थीं, तो उन्होंने बताया कि उनका सपना अभिनेत्री बनने का नहीं था।रेखा के मुताबिक, वह शादी करके अपना घर बसाना और एक पारिवारिक जिंदगी जीना चाहती थीं। उनका यह जवाब सुनकर शो में मौजूद लोग भी हैरान रह गए थे।
आज भी अपने अंदाज से महफिल लूट लेती हैं रेखा
रेखा कई बार स्वीकार कर चुकी हैं कि वह अपने दिल की बातें खुलकर जाहिर नहीं कर पातीं। उनकी जिंदगी के कई पहलू आज भी रहस्य बने हुए हैं। हालांकि, उम्र के इस पड़ाव पर भी उनका आकर्षण और मंच पर शानदार प्रदर्शन करने का अंदाज बरकरार है। आईफा अवॉर्ड्स 2024 में उन्होंने लगभग 24-25 मिनट की नॉनस्टॉप प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया था।
Read More : India Poverty Rate: भारत में गरीबी घटी, लेकिन यूपी-बिहार समेत चार राज्यों में बढ़ी चुनौती

