Rohit Sharma Comeback : तीन साल के लंबे इंतजार के बाद आखिरकार रोहित शर्मा की मुंबई इंडियंस (MI) के कप्तान के रूप में वापसी हो गई है। पांच बार टीम को आईपीएल चैंपियन बनाने वाले रोहित एक बार फिर फ्रेंचाइजी की कमान संभालेंगे। मैनेजमेंट ने हार्दिक पांड्या को कप्तानी से हटाकर रोहित पर भरोसा जताया है। इस फैसले के बाद मुंबई इंडियंस के प्रशंसकों में उत्साह देखने को मिल रहा है। अब टीम की नजर आईपीएल 2027 में छठी बार खिताब जीतने पर होगी।
हार्दिक पांड्या की जगह रोहित शर्मा को मिली कप्तानी
मुंबई इंडियंस ने आगामी आईपीएल सीजन से पहले बड़ा फैसला लेते हुए रोहित शर्मा को दोबारा कप्तान बनाने का निर्णय लिया है। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में पिछले तीन वर्षों में टीम अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर सकी। इसी वजह से फ्रेंचाइजी ने एक बार फिर अनुभवी रोहित शर्मा की ओर रुख किया है।हार्दिक पांड्या साल 2023 में गुजरात टाइटन्स (GT) के साथ दो सफल सीजन बिताने के बाद मुंबई इंडियंस में वापस आए थे। उनकी कप्तानी में गुजरात ने अपने पहले ही आईपीएल सीजन यानी 2022 में खिताब जीतकर इतिहास रचा था। इसके बाद 2023 में भी टीम फाइनल तक पहुंची थी। हालांकि, मुंबई इंडियंस में हार्दिक अपनी पुरानी सफलता दोहराने में नाकाम रहे।

ट्रेड के जरिए पंजाब किंग्स में जाएंगे हार्दिक पांड्या
हार्दिक पांड्या को अब मुंबई इंडियंस से पंजाब किंग्स में ट्रेड किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस ट्रेड में अर्शदीप सिंह का नाम भी शामिल है। टीम में बड़े बदलाव के बीच रोहित शर्मा को कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपना मुंबई इंडियंस की नई रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है।

रोहित के कोच दिनेश लाड ने फैसले पर जताई खुशी
रोहित शर्मा की कप्तानी में वापसी पर उनके बचपन के कोच दिनेश लाड ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्पोर्ट्सनाउ से बातचीत में कहा कि उन्हें रोहित को दोबारा मुंबई इंडियंस का कप्तान बनाए जाने की बेहद खुशी है। हालांकि, उन्हें इस फैसले की उम्मीद नहीं थी, लेकिन रोहित को फिर से कप्तानी करते देखकर वह काफी उत्साहित हैं।दिनेश लाड को साल 2022 में प्रतिष्ठित द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उन्होंने रोहित शर्मा के अलावा शार्दुल ठाकुर, अपने बेटे सिद्धेश लाड, हरमीत सिंह और टंडो एंटिनी सहित कई क्रिकेटरों को प्रशिक्षण दिया है।
छठी बार मुंबई इंडियंस को चैंपियन बना सकते हैं रोहित
दिनेश लाड को पूरा भरोसा है कि रोहित शर्मा मुंबई इंडियंस के अच्छे दिन वापस ला सकते हैं। उन्होंने कहा कि टीम में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं और रोहित को अच्छी तरह पता है कि खिलाड़ियों से उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कैसे करवाना है।कोच के मुताबिक, रोहित में टीम को एकजुट रखने और बड़े मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करवाने की क्षमता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रोहित मुंबई इंडियंस को छठी बार आईपीएल ट्रॉफी दिलाने में सफल होंगे। उन्होंने रोहित को संदेश देते हुए कहा कि अब कप लेकर आना।

2020 के बाद से फाइनल नहीं खेल पाई मुंबई इंडियंस
मुंबई इंडियंस ने आखिरी बार 2020 में आईपीएल का खिताब जीता था। इसके बाद से टीम फाइनल तक पहुंचने में सफल नहीं रही है। ऐसे में आईपीएल 2027 में रोहित शर्मा के सामने बड़ी चुनौती होगी। उन्हें न सिर्फ टीम का आत्मविश्वास लौटाना होगा, बल्कि पुराने चैंपियन वाले प्रदर्शन को भी दोहराना होगा।
मुंबई इंडियंस के रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की पूरी लिस्ट
आगामी सीजन के लिए मुंबई इंडियंस ने कई अनुभवी और युवा खिलाड़ियों को अपने साथ बनाए रखा है। टीम में रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह और तिलक वर्मा जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
रिटेन किए गए खिलाड़ी: रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, जसप्रीत बुमराह, तिलक वर्मा, नमन धीर, रयान रिकलटन, शेरफेन रदरफोर्ड, क्विंटन डी कॉक, कॉर्बिन बॉश, विल जैक्स, शार्दुल ठाकुर, राज बावा, मिशेल सेंटनर, अश्विनी कुमार, रघु शर्मा और अर्शदीप सिंह (ट्रेड के जरिए)।
रिलीज किए गए खिलाड़ी: ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर, एएम ग़ज़नफ़र, अथर्व अंकोलेकर, केशव महाराज, मोहम्मद इजहार, दानिश मालेवार, मयंक मारकंडे और मयंक रावत।

