Russia Estonia Tensions : रूस और एस्तोनिया के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। रूस ने अपने पड़ोसी बाल्टिक देश एस्तोनिया पर कई शत्रुतापूर्ण गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए खुली जंग की चेतावनी दी है। सोमवार को रूसी विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि एस्तोनिया ऐसे कदम उठा रहा है, जिससे दोनों देशों के बीच सीधे सैन्य टकराव की स्थिति बन सकती है। एस्तोनिया नाटो और यूरोपीय संघ (EU) का सदस्य है। ऐसे में दोनों देशों के बीच बढ़ता तनाव यूरोप की सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी चिंता का विषय बन गया है।
Russia Estonia Tensions: सीमा बंद करने के फैसले से बढ़ा विवाद
रूस और एस्तोनिया के बीच विवाद उस समय और गहरा गया, जब एस्तोनिया ने रूस के साथ लगने वाली सीमा के प्रवेश मार्ग बंद करने का ऐलान किया। इसके अलावा बाल्टिक सागर में रूसी जहाजों पर यूक्रेन के हमलों के बाद भी तनाव बढ़ा है। एस्तोनिया के फैसले पर विरोध दर्ज कराने के लिए रूस ने सोमवार को मॉस्को में तैनात एस्तोनिया के चार्ज डी अफेयर्स मारेक उहटेगी को तलब किया। रूसी विदेश मंत्रालय ने उन्हें औपचारिक विरोध पत्र सौंपा।

रूस का आरोप: एस्तोनिया यूक्रेनी ड्रोन को दे रहा हवाई क्षेत्र
रूसी विदेश मंत्रालय ने आरोप लगाया है कि एस्तोनिया यूक्रेनी ड्रोन को अपने हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करने की अनुमति दे रहा है। रूस का दावा है कि इन ड्रोन के जरिए उत्तर-पश्चिमी रूसी क्षेत्रों को निशाना बनाया जा रहा है। मॉस्को ने एस्तोनिया पर रूस विरोधी गतिविधियों को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया है। हालांकि, एस्तोनिया ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।रूस ने इसके अलावा बाल्टिक सागर में अपने मालवाहक जहाजों की आवाजाही रोकने की कोशिश, रूस और बेलारूस के अनाज परिवहन पर प्रतिबंध, रूसी भाषा पर पाबंदी लगाने की पहल और रूसी ऑर्थोडॉक्स चर्च को बंद करने की धमकी देने जैसे आरोप भी लगाए हैं।

एस्तोनिया के खिलाफ सभी विकल्प खुले, रूस की चेतावनी
रूसी विदेश मंत्रालय ने कहा है कि वह अपने राष्ट्रीय हितों और नागरिकों के वैध अधिकारों की रक्षा के लिए सभी जरूरी राजनीतिक और कूटनीतिक कदम उठाने का अधिकार सुरक्षित रखता है। मंत्रालय के मुताबिक, एस्तोनिया की कथित उकसावे वाली गतिविधियां दोनों देशों को खुले युद्ध के करीब पहुंचा सकती हैं।रूस ने यह भी चेतावनी दी है कि एस्तोनिया के सीमा बंद करने के फैसले का नकारात्मक असर केवल उस पर ही नहीं, बल्कि यूरोपीय संघ और नाटो के सहयोगी देशों पर भी पड़ सकता है।
1 दिसंबर से रूस के साथ सीमा बंद करेगा एस्तोनिया
एस्तोनिया ने इस महीने की शुरुआत में घोषणा की थी कि वह 1 दिसंबर से रूस के साथ लगने वाले सीमा प्रवेश मार्ग बंद कर देगा। यह फैसला कम से कम छह महीने तक लागू रहने की बात कही गई है। एस्तोनिया का आरोप है कि उसके एक रक्षा प्रतिष्ठान में आग लगाने की कोशिश के पीछे क्रेमलिन की सुरक्षा एजेंसियों का हाथ था। हालांकि, रूस ने इस घटना में अपनी किसी भी भूमिका से इनकार किया है।

रूसी भाषी आबादी को लेकर भी दोनों देशों में विवाद
एस्तोनिया में बड़ी संख्या में जातीय रूसी समुदाय के लोग रहते हैं। मॉस्को लंबे समय से आरोप लगाता रहा है कि एस्तोनिया में इस समुदाय के साथ भेदभाव किया जाता है। रूस ने अतीत में पूर्वी यूक्रेन में अपनी सैन्य कार्रवाई को सही ठहराने के लिए भी रूसी भाषी आबादी के अधिकारों के उल्लंघन का मुद्दा उठाया था। यूक्रेन का सहयोगी एस्तोनिया इन घटनाओं को रूस की व्यापक शत्रुतापूर्ण गतिविधियों का हिस्सा मानता है।
एस्तोनिया ने रूस के आरोपों को बताया दुष्प्रचार
एस्तोनिया के विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि उसने कभी भी किसी दूसरे देश को सैन्य अभियान के लिए अपने हवाई क्षेत्र या क्षेत्र का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी है। मंत्रालय ने कहा कि रूस के आरोपों पर आमतौर पर प्रतिक्रिया नहीं दी जाती, लेकिन इस मामले में स्थिति स्पष्ट करना जरूरी है। एस्तोनिया के मुताबिक, क्षेत्र के अन्य देशों ने भी इसी तरह का रुख अपनाया है।
NATO प्रमुख मार्क रूटे ने दी स्थिति पर नजर रखने की जानकारी
नाटो के महासचिव मार्क रूटे ने जर्मनी की राजधानी बर्लिन में बयान देते हुए कहा कि सैन्य गठबंधन एस्तोनिया और पोलैंड की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। पिछले सप्ताह रूसी मिसाइल के पोलैंड के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने की घटना भी नाटो के संज्ञान में है।
रूटे ने कहा कि गठबंधन अपनी प्रतिरोधक और रक्षा क्षमताओं का लगातार आकलन करता रहेगा और जरूरत पड़ने पर उनमें बदलाव करेगा। उन्होंने संकेत दिया कि ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए नाटो के पास कई विकल्प मौजूद हैं। रूस और एस्तोनिया के बीच बढ़ता विवाद अब केवल दो देशों तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इससे पूरे यूरोप में सुरक्षा और सैन्य टकराव की आशंकाएं बढ़ गई हैं।

