Russia Ukraine War : रूस और यूक्रेन के बीच करीब पांच साल से जारी युद्ध को समाप्त कराने की कोशिशों को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। अमेरिकी मध्यस्थता में संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में आयोजित दो दिवसीय उच्चस्तरीय वार्ता बिना किसी बड़े राजनीतिक समझौते के समाप्त हो गई। दोनों देशों के बीच क्षेत्रीय विवाद और सुरक्षा व्यवस्था जैसे अहम मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी। हालांकि, बातचीत के दौरान एक बड़ी मानवीय सफलता जरूर मिली है। रूस और यूक्रेन युद्धबंदियों की बड़े पैमाने पर अदला-बदली के लिए तैयार हो गए हैं।
अब तक की सबसे बड़ी कैदी अदला-बदली पर बनी सहमति
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद और मध्यस्थता टीम के सदस्य जेरेड कुशनर ने वार्ता के बाद इसे सबसे सकारात्मक घटनाक्रम बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देश अब तक के सबसे बड़े मानवीय कैदी आदान-प्रदान के लिए सहमत हुए हैं। हालांकि, इस समझौते के तहत कितने कैदियों को रिहा किया जाएगा, इसकी अंतिम संख्या अभी तय होनी बाकी है।रूसी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख व्लादिमीर मेडिंस्की और यूक्रेनी प्रतिनिधि रुस्तेम उमेरोव ने भी इस योजना की पुष्टि की है। रूसी अधिकारी अलेक्जेंडर जोरिन के अनुसार, कैदियों की अदला-बदली अगले दो से तीन सप्ताह के भीतर हो सकती है। इससे दोनों देशों के बड़ी संख्या में युद्धबंदियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

पुतिन और जेलेंस्की से मुलाकात करेंगे अमेरिकी दूत
अबू धाबी वार्ता के बाद अमेरिकी मध्यस्थता टीम की अगली कूटनीतिक पहल भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। जेरेड कुशनर और अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ गुरुवार को मॉस्को पहुंचेंगे। यहां उनकी मुलाकात रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से प्रस्तावित है। इसके बाद दोनों अमेरिकी प्रतिनिधि आयरलैंड की राजधानी डबलिन में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात करेंगे।

जेलेंस्की ने कैदियों की अदला-बदली के फैसले का स्वागत किया है, लेकिन उन्होंने साफ कर दिया कि यूक्रेन शांति समझौते के बदले रूस के कब्जे वाले अपने क्षेत्रों को नहीं छोड़ेगा। दूसरी ओर, रूसी प्रतिनिधिमंडल प्रमुख मेडिंस्की ने बातचीत को शांति की दिशा में उपयोगी बताया है।
यूक्रेन के कब्जे वाले क्षेत्रों पर नहीं बनी सहमति
अबू धाबी में हुई बातचीत के दौरान सबसे जटिल मुद्दा यूक्रेन के उन क्षेत्रों का भविष्य रहा, जिन पर रूस का कब्जा है। इसके अलावा युद्ध समाप्त होने के बाद यूक्रेन की सुरक्षा व्यवस्था कैसी होगी, इस पर भी दोनों पक्षों के बीच मतभेद बने हुए हैं। रूस और यूक्रेन के बीच इन मुद्दों पर फिलहाल कोई ठोस राजनीतिक समझौता नहीं हो पाया है।

शांति प्रक्रिया में यूरोप की भूमिका पर रूस-यूक्रेन आमने-सामने
वार्ता में यूरोपीय देशों, यूरोपीय संघ और नाटो की भूमिका को लेकर भी चर्चा हुई। रूस नहीं चाहता कि यूरोपीय देश शांति प्रक्रिया में सीधे तौर पर शामिल हों। वहीं यूक्रेन का मानना है कि यूरोप की भागीदारी के बिना स्थायी शांति समझौता संभव नहीं है। यही मतभेद बातचीत को आगे बढ़ाने में बड़ी चुनौती बने हुए हैं।
वार्ता के बीच रूस और यूक्रेन में हमले जारी
एक तरफ शांति की कोशिशें चल रही हैं, तो दूसरी तरफ दोनों देशों के बीच सैन्य हमले भी जारी हैं। यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, ओडेसा क्षेत्र के एक बाजार पर रूसी हमले में तीन लोगों की मौत हो गई और 11 लोग घायल हुए। जापोरिज्जिया और खार्किव में हुए हमलों में भी सात लोगों के घायल होने की खबर है।
वहीं, रूस ने दावा किया कि उसने रातभर में यूक्रेन के 627 ड्रोन मार गिराए। दूसरी ओर, रूस के प्रमुख तेल निर्यात बंदरगाह उस्त-लुगा में ड्रोन हमले के बाद आग लग गई, जिसमें तीन कर्मचारी घायल हुए।
रूसी सेना में शामिल इंडोनेशियाई नागरिक पकड़ा गया
इस युद्ध से जुड़ी एक और खबर दक्षिणी यूक्रेन से सामने आई है। यहां रूसी सेना के लिए लड़ रहे 49 वर्षीय इंडोनेशियाई नागरिक को पकड़े जाने की जानकारी मिली है। इंडोनेशिया का दूतावास यूक्रेन में हिरासत में मौजूद अपने नागरिक तक राजनयिक पहुंच बनाने की कोशिश कर रहा है। बताया गया है कि उस व्यक्ति ने आरोप लगाया कि उसे निर्माण कार्य का अनुबंध देने का झांसा देकर धोखे से रूसी सेना में भर्ती किया गया था।
क्या कैदी अदला-बदली से खुलेगा शांति का रास्ता?
अबू धाबी में राजनीतिक समझौता भले ही नहीं हो पाया, लेकिन युद्धबंदियों की अदला-बदली पर सहमति को महत्वपूर्ण मानवीय कदम माना जा रहा है। अब सबकी नजर अमेरिकी दूतों की पुतिन और जेलेंस्की के साथ होने वाली मुलाकातों पर है। इन बैठकों से युद्ध समाप्त करने की दिशा में कोई नया रास्ता निकलता है या नहीं, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।

