Sandpaper Gate : ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के इतिहास के सबसे विवादित मामलों में शामिल 2018 का सैंडपेपर गेट एक बार फिर चर्चा में आ गया है। दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान हुई बॉल टेंपरिंग की घटना को लेकर अब नए खुलासे सामने आ रहे हैं। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर उस्मान ख्वाजा की किताब में किए गए दावों के बाद इस विवाद ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। अब इस मामले में दोषी ठहराए गए कैमरून बैनक्रॉफ्ट ने भी अपनी चुप्पी तोड़ दी है।
कैमरून बैनक्रॉफ्ट ने खुद को बताया बलि का बकरा
कैमरून बैनक्रॉफ्ट ने दावा किया है कि 2018 में गेंद से छेड़छाड़ की घटना की जानकारी केवल तीन खिलाड़ियों को नहीं, बल्कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी। उनके मुताबिक, इस मामले में उन्हें, स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर को ही जिम्मेदार ठहराया गया, जबकि पर्दे के पीछे की सच्चाई इससे कहीं ज्यादा बड़ी थी।क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने इस विवाद के बाद बैनक्रॉफ्ट, तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर पर प्रतिबंध लगाया था। इस कार्रवाई के कारण तीनों खिलाड़ियों के करियर पर गहरा असर पड़ा। हालांकि, बाद में स्मिथ और वार्नर ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर ली, लेकिन बैनक्रॉफ्ट को दोबारा ऑस्ट्रेलिया की राष्ट्रीय टीम में खेलने का मौका नहीं मिला।

उस्मान ख्वाजा की किताब से दोबारा उठा विवाद
इस पूरे मामले को फिर से सुर्खियों में लाने का श्रेय पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा को जाता है। उन्होंने अपनी हालिया प्रकाशित किताब में दावा किया कि बॉल टेंपरिंग की योजना के बारे में पूरी टीम को जानकारी थी।ख्वाजा के इस बयान का समर्थन डेविड वार्नर और उस मुकाबले में 12वें खिलाड़ी की भूमिका निभाने वाले चैड सेयर्स ने भी किया। बैनक्रॉफ्ट ने भी ख्वाजा के दावों से सहमति जताई है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के मौजूदा कप्तान पैट कमिंस ने इन आरोपों को पूरी तरह बकवास बताते हुए खारिज कर दिया।

आठ साल तक उठाया पूरी टीम के लिए बोझ
बैनक्रॉफ्ट ने ESPNcricinfo में लिखे अपने लेख में कहा कि पिछले आठ वर्षों से वह इस घटना से जुड़े पूरे विवाद का बोझ उठाते रहे हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि उस समय उन्होंने पूरी सच्चाई सामने नहीं रखी थी।उनके मुताबिक, यह जिम्मेदारी उनकी क्षमता से कहीं ज्यादा थी, लेकिन उन्होंने अपनी मर्जी से इसे स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों में उन्होंने जवाबदेही, ईमानदारी और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के सबसे काले अध्याय से मिले सबक पर बात की है।बैनक्रॉफ्ट ने यह भी स्वीकार किया कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच के दौरान पूछताछ में उन्होंने पूरी और सच्ची जानकारी नहीं दी थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस घटना में केवल वह, स्मिथ और वार्नर ही शामिल नहीं थे, बल्कि टीम के अन्य खिलाड़ियों को भी इसकी जानकारी थी।
पैट कमिंस के बयान से क्यों नाराज हुए बैनक्रॉफ्ट?
बैनक्रॉफ्ट के अनुसार, उस समय पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं करने के पीछे उनके अपने कारण थे। लेकिन पैट कमिंस की हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिए गए बयान से उन्हें काफी गुस्सा आया। उन्हें लगा कि उनके साथ विश्वासघात हुआ है। इसी वजह से उन्होंने अब सामने आकर अपनी बात रखने का फैसला किया।

डेविड वार्नर ने की सार्वजनिक जांच की मांग
इस विवाद के बीच पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर ने भी बड़ा बयान दिया है। उन्होंने 2018 के बॉल टेंपरिंग मामले की सार्वजनिक जांच कराने की मांग की है। वार्नर का कहना है कि केपटाउन टेस्ट से जुड़े सभी लोगों को सामने आकर बताना चाहिए कि उस समय पर्दे के पीछे वास्तव में क्या हुआ था।आठ साल बाद सामने आए इन बयानों ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में नई बहस छेड़ दी है। अब सवाल उठ रहा है कि क्या सैंडपेपर गेट की पूरी सच्चाई कभी सार्वजनिक हो पाएगी?
Read More : Ambikapur News: जनजातीय इतिहास, संस्कृति और साहित्य पर राष्ट्रीय सेमिनार शुरू, AI से संरक्षण पर भी हुआ मंथन

