PM Modi Birthday 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सरकारी स्तर पर किए जा रहे आयोजनों को लेकर शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) के नेता संजय राउत ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। राउत ने महाराष्ट्र की आर्थिक स्थिति और देश की राजनीतिक दिशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब राज्य 10 लाख करोड़ के कर्ज में डूबा है, तब ऐसे में सरकार को जश्न मनाना शोभा नहीं देता।

पीएम के जन्मदिन पर सरकारी खर्च को बताया “आर्थिक अपराध”
संजय राउत ने कहा, “मोदी का जन्मदिन सरकार क्यों मना रही है? यह सरकारी पैसों का दुरुपयोग है, यह आर्थिक अपराध है।” उन्होंने कहा कि जब महाराष्ट्र जैसी अर्थव्यवस्था डूबती जा रही हो, किसान परेशान हों, युवा बेरोजगार हों, तब शासकों का केक काटना जनता के घावों पर नमक छिड़कने जैसा है।

नेपाल के जन आंदोलन का जिक्र कर जताई चेतावनी
हाल ही में नेपाल में Gen Z युवाओं के आंदोलन का हवाला देते हुए राउत ने कहा कि जब भारत में भी जनता का धैर्य टूटेगा, तब हालात संभालना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा, “जब हम नेपाल का उदाहरण देते हैं, तो हमें माओवादी या नक्सलवादी कह दिया जाता है। क्या शरद पवार साहब को भी माओवादी कहेंगे?” राउत ने स्पष्ट किया कि वे किसी विचारधारा के नहीं बल्कि ‘महाराष्ट्र धर्म’ के अनुयायी हैं और किसानों, मजदूरों और आम लोगों की आवाज उठाना उनका कर्तव्य है।
‘वोट चोरी कर सत्ता में आए मोदी’
पीएम मोदी पर सीधा हमला करते हुए राउत ने कहा कि “शुरू में लगा था कि मोदी कुछ करेंगे, लेकिन बाद में साफ हो गया कि वो वोट चोरी कर सत्ता में आए हैं। वह जनता के वोट से प्रधानमंत्री नहीं बने, बल्कि बीजेपी की आईटी सेल के प्रचार तंत्र का हिस्सा हैं।”
भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच पर भी साधा निशाना
राउत ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि “26 महिलाओं का सिंदूर मिटा और हम पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलते हैं। सिर्फ पाक कप्तान से हाथ न मिलाने से पाप नहीं धुलते। यह सब ढोंग है और इससे देशभक्ति साबित नहीं होती।” उन्होंने जय शाह और बीसीसीआई को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि यह “व्यापारी खेल” है और इसके सीईओ खुद मोदी हैं।
संजय राउत के इस तीखे बयान से एक बार फिर महाराष्ट्र और केंद्र सरकार के बीच राजनीतिक तल्खी बढ़ती नजर आ रही है। विपक्ष केंद्र की नीतियों और आयोजनों को ‘दिखावटी’ करार दे रहा है, वहीं जनता की समस्याओं पर ध्यान देने की मांग कर रहा है।
Read More: Asia Cup 2025: ICC ने PCB की मांग खारिज की, क्या बाहर होगा पाकिस्तान?










