Shreyas Iyer को एशिया कप की टीम में शामिल नहीं किया गया। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उनका टीम इंडिया से सफर खत्म हो गया है। दरअसल, BCCI ने उनके लिए खास प्लान तैयार किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अय्यर को वनडे प्रारूप में भारतीय टीम का कप्तान बनाया जा सकता है। यानी सरपंच साहेब के नाम से मशहूर अय्यर की मैदान पर वापसी इस बार खिलाड़ी के साथ-साथ कप्तान की भूमिका में हो सकती है। रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि युवा बल्लेबाज शुभमन गिल को T20 टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।

गिल को पहले ही टेस्ट में कप्तानी मिल चुकी है और अब उन्हें छोटे प्रारूप में भी भविष्य का नेता माना जा रहा है। फिलहाल, भारतीय T20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव हैं, लेकिन उनकी उम्र 34 साल हो चुकी है। ऐसे में BCCI युवा विकल्प की तलाश कर रही है, जिसमें गिल सबसे मजबूत दावेदार दिख रहे हैं।

क्यों अय्यर पर भरोसा?
श्रेयस अय्यर लंबे समय से वनडे प्रारूप में भारत के भरोसेमंद बल्लेबाज रहे हैं। उन्होंने मिडिल ऑर्डर में कई बार टीम को संकट से बाहर निकाला है। हालांकि चोटों की वजह से उनका करियर बार-बार प्रभावित हुआ। बावजूद इसके, उनके नेतृत्व गुण और शांत स्वभाव को देखते हुए BCCI उन्हें भविष्य का वनडे कप्तान मान रही है। BCCI सूत्रों के अनुसार, चयन समिति और प्रबंधन का मानना है कि अब समय आ गया है जब कप्तानी की बागडोर धीरे-धीरे युवाओं को सौंपी जाए। सूर्यकुमार यादव बेहतरीन फॉर्म में जरूर हैं, लेकिन उनकी उम्र को देखते हुए गिल को T20 में और अय्यर को वनडे में जिम्मेदारी सौंपने की रणनीति बनाई जा रही है। इससे टीम को दीर्घकालिक स्थिरता मिल सकेगी।
कब तक होगा बड़ा ऐलान?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि BCCI अपने इस प्लान को कब अमलीजामा पहनाएगी। दैनिक जागरण की रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड के सूत्रों का कहना है कि इस पर अंतिम फैसला हालात देखकर लिया जाएगा। एशिया कप के बाद एक बड़ी बैठक बुलाने की योजना है। इसी बैठक में रोहित शर्मा और विराट कोहली से उनके भविष्य को लेकर चर्चा की जाएगी। उसके बाद ही कप्तानी से जुड़ा औपचारिक ऐलान किया जाएगा।
रोहित-विराट के भविष्य पर भी चर्चा
एशिया कप के बाद होने वाली बैठक में रोहित शर्मा और विराट कोहली के वनडे और T20 करियर को लेकर भी अहम फैसले लिए जा सकते हैं। दोनों खिलाड़ी लंबे समय से भारतीय क्रिकेट के स्तंभ रहे हैं, लेकिन अब BCCI का फोकस 2027 वर्ल्ड कप और उसके बाद की तैयारी पर है। इसी रणनीति के तहत युवा खिलाड़ियों को नेतृत्व का मौका देने की सोच आगे बढ़ रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर श्रेयस अय्यर और शुभमन गिल को कप्तानी सौंपी जाती है, तो यह भारतीय क्रिकेट में एक नए दौर की शुरुआत होगी। इससे टीम को लंबे समय के लिए मजबूत नेतृत्व मिलेगा और भविष्य की पीढ़ी को बड़े टूर्नामेंट्स के लिए तैयार किया जा सकेगा।

Read More : Operation Sindoor : लंदन में इशाक डार का भड़काऊ बयान, “ऑपरेशन सिंदूर” में भारत को हराने का दावा











