Shreyas Iyer break: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने टेस्ट क्रिकेट से ब्रेक लेने का फैसला कर लिया है। यह बड़ा फैसला ऐसे समय आया है जब वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए टीम चयन होने जा रहा है। 2 अक्टूबर से शुरू हो रही इस सीरीज के लिए 24 सितंबर को टीम इंडिया का ऐलान होना है, लेकिन उससे ठीक पहले अय्यर ने खुद को रेड बॉल क्रिकेट से अलग कर लिया है।

BCCI को मेल कर दी जानकारी
एक रिपोर्ट के मुताबिक, श्रेयस अय्यर ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को ईमेल के जरिए अपने फैसले की सूचना दी है। उन्होंने यह भी बताया कि वह फिलहाल टेस्ट क्रिकेट या किसी भी रेड बॉल फॉर्मेट में खेलने की स्थिति में नहीं हैं। अय्यर ने इस ब्रेक की वजह अपने लगातार पीठ दर्द और शरीर की थकावट को बताया है।

पीठ की चोट बनी कारण
श्रेयस अय्यर काफी समय से पीठ की समस्या से जूझ रहे हैं। इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में बताया गया है कि अय्यर ने चयनकर्ताओं से बातचीत में साफ कहा कि उनका शरीर पांच दिन तक लगातार खेल की मांग पूरी नहीं कर पा रहा है। उन्होंने कहा कि रणजी ट्रॉफी जैसे चार दिवसीय घरेलू मुकाबलों में वह बीच-बीच में आराम कर पा रहे थे, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में यह संभव नहीं है।
इंडिया-ए टीम से भी अचानक नाम वापस
श्रेयस अय्यर हाल ही में इंडिया-ए टीम के कप्तान थे, जो ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ अनौपचारिक टेस्ट सीरीज खेल रही है। पहले मुकाबले में वह खेले भी, लेकिन दूसरे मैच से पहले ही उन्होंने निजी कारणों का हवाला देकर खुद को टीम से अलग कर लिया था। अब सामने आया है कि यह फैसला भी उनके टेस्ट ब्रेक के निर्णय का हिस्सा था।
टेस्ट में वापसी की थी उम्मीद
श्रेयस अय्यर ने भारत के लिए अब तक 14 टेस्ट खेले हैं, जिसमें उन्होंने 37 की औसत से 811 रन बनाए हैं। आखिरी बार उन्होंने 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में टेस्ट खेला था, जहां उन्हें पीठ दर्द के कारण बीच सीरीज से बाहर होना पड़ा था। इसके बाद वह रणजी ट्रॉफी के कुछ मुकाबले नहीं खेल पाए थे, जिस पर काफी विवाद भी हुआ था और इसी के चलते उन्हें BCCI के सेंट्रल कॉन्ट्रेक्ट से बाहर कर दिया गया था।
क्या कहता है यह फैसला?
श्रेयस अय्यर का यह फैसला दिखाता है कि वह अपने करियर को लेकर सतर्क हैं और कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते। पीठ की पुरानी समस्या को देखते हुए टेस्ट क्रिकेट से ब्रेक लेना समझदारी भरा कदम हो सकता है। हालांकि, इससे यह भी साफ है कि निकट भविष्य में अय्यर की टेस्ट टीम में वापसी की उम्मीदें फिलहाल टल गई हैं।
Read More : Jaffar Express blast: जाफर एक्सप्रेस में धमाका: बलूचिस्तान में बड़ा ट्रेन हादसा, कई घायल, राहत कार्य जारी











