Sonia Gandhi Book : देश की राजनीति में कांग्रेस के शासनकाल से जुड़ी तीन घटनाएं आज भी चर्चा और विवाद का विषय बनी हुई हैं। इनमें 1975 की इमरजेंसी, 1984 का ऑपरेशन ब्लू स्टार और 1985 का शाहबानो प्रकरण शामिल हैं। इन घटनाओं के दौरान क्रमशः इंदिरा गांधी और राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे। अब इन तीनों घटनाओं को लेकर सोनिया गांधी के संस्मरणों ने एक बार फिर राजनीतिक बहस को हवा दी है।
सोनिया गांधी ने अपनी किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ में इन घटनाओं का जिक्र किया है। उन्होंने पुस्तक के विमोचन के दौरान स्पष्ट किया था कि यह उनके व्यक्तिगत संस्मरण हैं और इसमें उन्होंने अपने नजरिए से जीवन की घटनाओं को दर्ज किया है। ऐसे में यह जानना दिलचस्प है कि सोनिया ने कांग्रेस के इतिहास से जुड़े इन विवादित अध्यायों को किस तरह प्रस्तुत किया है।

इमरजेंसी के फैसले पर इंदिरा गांधी ने जताया था अफसोस
सोनिया गांधी के मुताबिक, 12 जून 1975 को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इंदिरा गांधी के चुनाव को रद्द कर दिया था। अदालत ने उनके चुनाव लड़ने पर छह साल का प्रतिबंध भी लगाया था। उस दिन इंदिरा गांधी अपने सहयोगी डीपी धर की मृत्यु के कारण पहले से ही दुखी थीं। इसी बीच चुनाव से जुड़े फैसले की खबर ने उनकी राजनीतिक मुश्किलें बढ़ा दीं।

सोनिया लिखती हैं कि खबर मिलने के बाद राजीव गांधी अपनी मां के पास पहुंचे। इंदिरा बार-बार उनसे पूछ रही थीं कि उन्हें क्या करना चाहिए और क्या इस्तीफा दे देना चाहिए? राजीव का सुझाव था कि उन्हें पद छोड़ देना चाहिए, क्योंकि कुछ महीनों बाद चुनाव होने वाले थे। हालांकि, संजय गांधी इस विचार के पक्ष में नहीं थे। उनका मानना था कि विपक्ष कांग्रेस को खत्म करना चाहता है।
जेपी आंदोलन और इमरजेंसी की घोषणा का किया जिक्र
किताब में सोनिया ने 25 जून 1975 को दिल्ली के रामलीला मैदान में जयप्रकाश नारायण की रैली का भी उल्लेख किया है। उनके अनुसार, जेपी ने सरकारी कर्मचारियों, पुलिस और सेना से गलत आदेशों का पालन नहीं करने की अपील की थी। इंदिरा गांधी ने इसे सरकार के खिलाफ विद्रोह और देश की सुरक्षा के लिए खतरा माना। इसके बाद 25 जून की रात संविधान के अनुच्छेद 352 के तहत इमरजेंसी लागू कर दी गई।

सोनिया लिखती हैं कि अगले दिन देश आपातकाल के साथ जागा। विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारियां हुईं, विरोध प्रदर्शनों पर रोक लगी और प्रेस पर सेंसरशिप लागू कर दी गई। उन्होंने संजय गांधी की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं। उनके मुताबिक, संजय के पास संवैधानिक अधिकार नहीं होने के बावजूद प्रशासनिक और राजनीतिक फैसलों में उनका प्रभाव बढ़ गया था। परिवार नियोजन कार्यक्रम को गलत तरीके से लागू किए जाने और जबरन कार्रवाई से सरकार की छवि प्रभावित हुई। सोनिया के अनुसार, इंदिरा गांधी ने 1978 में इमरजेंसी को गलत फैसला बताते हुए अफसोस भी जताया था।
ऑपरेशन ब्लू स्टार को इंदिरा गांधी की मजबूरी बताया
ऑपरेशन ब्लू स्टार के संबंध में सोनिया गांधी ने लिखा है कि इंदिरा गांधी लंबे समय तक स्वर्ण मंदिर में सैन्य कार्रवाई करने से बचती रहीं। वह सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत नहीं करना चाहती थीं। हालांकि, खालिस्तानी गतिविधियों और बिगड़ते हालात के बीच उन्होंने सेना को कार्रवाई का आदेश दिया।जून 1984 में शुरू हुए इस सैन्य अभियान में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई और स्वर्ण मंदिर परिसर को भी नुकसान पहुंचा। सोनिया के अनुसार, कार्रवाई के बाद इंदिरा गांधी को एक फिल्म दिखाई गई, जिसमें शव, हथियार और सैन्य कार्रवाई के दृश्य थे। इसे देखते समय उनकी आंखों में आंसू थे। सोनिया लिखती हैं कि इंदिरा इस घटना से बेहद दुखी थीं और परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित थीं।
शाहबानो मामले में राजीव गांधी का किया बचाव
सोनिया गांधी ने शाहबानो प्रकरण को धार्मिक स्वतंत्रता और महिलाओं के अधिकारों के बीच टकराव के रूप में पेश किया है। 1985 में सुप्रीम कोर्ट ने तलाकशुदा मुस्लिम महिला शाहबानो को गुजारा भत्ता देने का फैसला सुनाया था। इसके बाद मुस्लिम पर्सनल लॉ के आधार पर इस फैसले का विरोध शुरू हो गया।सोनिया लिखती हैं कि उन्होंने खुद राजीव गांधी से पूछा था कि अखबारों में उनकी सरकार पर मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों की अनदेखी करने के आरोप क्यों लग रहे हैं। राजीव ने जवाब दिया था कि वह मुश्किल परिस्थितियों में संतुलित समाधान तलाशने की कोशिश कर रहे हैं। सोनिया के अनुसार, राजीव धार्मिक मान्यताओं और महिलाओं के अधिकारों के बीच रास्ता निकालना चाहते थे।
शाहबानो कानून पर आलोचना का भी किया उल्लेख
सोनिया स्वीकार करती हैं कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले को प्रभावी रूप से पलटने के लिए 1986 में नया कानून लाना एक राजनीतिक कदम था, जिसकी व्यापक आलोचना हुई। भाजपा ने इसे वोट बैंक की राजनीति बताया, जबकि प्रगतिशील विचारधारा के लोगों ने इसे रूढ़िवादी दबाव के सामने सरकार का झुकना माना।वह 2001 के दानियाल लतीफी बनाम भारत संघ मामले का भी उल्लेख करती हैं, जिसमें सुप्रीम कोर्ट ने मुस्लिम महिला (तलाक पर अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम, 1986 की संवैधानिक वैधता बरकरार रखी थी।
तीन विवादों पर सोनिया की किताब ने फिर छेड़ी राजनीतिक बहस
किताब के विवरण से स्पष्ट होता है कि सोनिया गांधी ने इमरजेंसी और ऑपरेशन ब्लू स्टार के फैसलों के पीछे इंदिरा गांधी की परिस्थितियों और मजबूरियों को सामने रखा है। वहीं, शाहबानो मामले में उन्होंने राजीव गांधी के फैसले का बचाव किया है। हालांकि, इमरजेंसी के दौरान संजय गांधी की भूमिका और उनके तरीकों की आलोचना भी की है। इन संस्मरणों के जरिए कांग्रेस के तीन ऐतिहासिक विवादों को एक बार फिर नए नजरिए से देखने का मौका मिला है।

