Surajpur News : सूरजपुर जिले के करंजी चौकी क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। प्रतिबंध के बावजूद रात के अंधेरे में मछली पकड़ने गए ग्रामीणों की नाव बांध में पलट गई, जिससे तीन लोग लापता हो गए। छह लोगों ने किसी तरह तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि लापता ग्रामीणों की तलाश के लिए पुलिस और डीडीआरएफ (DDRF) की टीम लगातार रेस्क्यू अभियान चला रही है।

जानकारी के अनुसार, करंजी चौकी क्षेत्र के बतरा इलाके में लगभग रात 2 बजे कुल नौ ग्रामीण नाव से बांध में मछली पकड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान नाव असंतुलित होकर पलट गई। हादसे के बाद छह लोग तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आए, लेकिन तीन ग्रामीण गहरे पानी में लापता हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया। फिलहाल लापता लोगों की तलाश जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संबंधित क्षेत्र में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध के बावजूद ग्रामीण रात के समय बांध में गए थे। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।










