Surguja Road Accident
Surguja Road Accident: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में नेशनल हाईवे-43 पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार रात करीब 8:30 बजे शांतिपारा पुलिया के पास दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिलों के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार युवक सड़क पर काफी दूर जाकर गिरे। इस दुखद हादसे में पोकसरी निवासी और युवा भाजपा नेता कमला प्रसाद उर्फ संजय यादव (32) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। संजय यादव किसान मोर्चा के मंडल अध्यक्ष होने के साथ-साथ पोकसरी के उप सरपंच भी थे, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे के समय संजय यादव के साथ उनकी बाइक पर राजू सिंह (32) सवार थे, जो गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वहीं, दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार बतौली कालीपुर निवासी प्रमोद कुजूर (35) का पैर टूट गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से तीनों को तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने संजय यादव को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल राजू सिंह को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर किया गया था, लेकिन सिर में गहरी चोट होने के कारण गुरुवार को उन्होंने भी दम तोड़ दिया। वर्तमान में प्रमोद कुजूर का उपचार जारी है।
सड़क हादसों का सिलसिला यहीं नहीं थमा; सूरजपुर जिले के पंक्षीडांड के पास भी दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में दो अन्य युवकों की जान चली गई। जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर प्रतापपुर ब्लॉक के सवतार निवासी रितिक बेक (21) अपनी बाइक से जा रहे थे, तभी राजपुर के सेवारी निवासी विनोद कुमार तिरखाई (36) की बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। दोनों ही युवकों के सिर पर घातक चोटें आईं। मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने जाँच के उपरांत दोनों को मृत घोषित कर दिया।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रितिक बेक बुधवार दोपहर अपने घर से बारात में शामिल होने की बात कहकर निकला था, लेकिन वह अपनी मंजिल तक नहीं पहुँच सका। वहीं, दूसरी ओर विनोद कुमार तिरखाई किसी निजी काम से अंबिकापुर आए थे। बताया जा रहा है कि नेशनल हाईवे 343 की जर्जर और खस्ताहाल स्थिति के कारण विनोद पंक्षीडांड वाले रास्ते से अपने घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। देर रात शिनाख्त होने के बाद परिजन अंबिकापुर पहुँचे, जहाँ उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
इन दोनों ही सड़क हादसों ने एक बार फिर जिले की यातायात सुरक्षा और सड़कों की स्थिति पर सवालिया निशान लगा दिए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर लिया है और शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। बतौली और खड़गवां पुलिस चौकी की टीम दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और हेलमेट न पहनना मौतों का मुख्य कारण नजर आ रहा है। पुलिस ने मर्ग डायरी संबंधित थानों को भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।
Read More :Tiger Facts: जंगल के राजा के अनसुने राज, बाघों से जुड़े ये रोचक तथ्य आपको चौंका देंगे
Baloda Bazar gas news: छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में पिछले कुछ दिनों से सोशल…
LPG Crisis: मध्य-पूर्व में ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच गहराते युद्ध के संकट ने…
Hardik Pandya news: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या के लिए टी20 वर्ल्ड…
China OpenClaw ban: चीन की सरकार ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में तेजी से…
IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन के लिए फैंस की लंबी प्रतीक्षा…
Stock Market Crash: भारतीय शेयर बाजार के लिए गुरुवार का दिन 'ब्लैक थर्सडे' साबित हुआ।…
This website uses cookies.