Taliban Bans Cricket : अफगानिस्तान में क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। देश का सबसे लोकप्रिय खेल क्रिकेट अब तालिबान के नए फरमान की वजह से विवादों में घिर गया है। दक्षिणी अफगानिस्तान के कंधार प्रांत में तालिबान अधिकारियों ने रेडियो स्टेशनों को क्रिकेट से संबंधित किसी भी तरह का कंटेंट प्रसारित करने से रोक दिया है। इस आदेश के बाद क्रिकेट प्रशंसकों के बीच नाराजगी बढ़ने लगी है। सवाल यह भी उठ रहा है कि क्या आने वाले दिनों में यह प्रतिबंध पूरे देश में लागू किया जा सकता है?
कंधार में क्रिकेट प्रसारण पर तालिबान की सख्ती
फ्रांस की समाचार एजेंसी AFP की रिपोर्ट के मुताबिक, कंधार प्रांत के सूचना एवं संस्कृति विभाग ने शनिवार को स्थानीय रेडियो स्टेशनों के लिए यह निर्देश जारी किया। आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि रेडियो पर क्रिकेट से जुड़ी कोई भी सामग्री प्रसारित नहीं की जाएगी।इस फैसले के बाद रेडियो स्टेशनों के सामने भी नई मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। अफगानिस्तान में क्रिकेट की लोकप्रियता काफी अधिक है और बड़ी संख्या में लोग रेडियो तथा अन्य माध्यमों से मैचों की जानकारी हासिल करते हैं। ऐसे में प्रसारण पर रोक लगने से क्रिकेट प्रेमियों को बड़ा झटका लगा है।

कमेंट्री से लेकर जीत की खबर तक पर रोक
तालिबान के इस आदेश को लेकर AFP को एक विभागीय सूत्र ने बताया कि क्रिकेट मैचों की कमेंट्री और समाचार कवरेज दोनों पर प्रतिबंध लगाया गया है। यहां तक कि अफगानिस्तान की टीम अगर कोई मुकाबला जीतती है, तो उसकी जीत की खबर भी रेडियो पर प्रसारित नहीं की जा सकती।इस निर्देश के सामने आने के बाद मामले ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान खींचा है। टाइम्स नाउ नवभारत की ओर से अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) से इस फैसले पर प्रतिक्रिया मांगी गई है, लेकिन खबर लिखे जाने तक बोर्ड की तरफ से कोई आधिकारिक जवाब सामने नहीं आया था।

पहले भी खेलों पर प्रतिबंध लगा चुका है तालिबान
तालिबान का खेलों को लेकर रवैया पहले भी चर्चा में रहा है। इससे पहले संगठन ने मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) जैसे खेलों पर प्रतिबंध लगाया था। हालांकि, पुरुषों और लड़कों को क्रिकेट खेलने की अनुमति दी गई थी।लेकिन महिलाओं और लड़कियों के लिए स्थिति बिल्कुल अलग है। तालिबान शासन ने महिलाओं और लड़कियों के सभी तरह के खेलों में हिस्सा लेने पर पाबंदी लगा रखी है। महिला क्रिकेट पर प्रतिबंध के कारण अफगानिस्तान की क्रिकेट व्यवस्था को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है।
महिला क्रिकेट पर बैन से अफगानिस्तान को अंतरराष्ट्रीय नुकसान
अफगानिस्तान में महिला क्रिकेट को अनुमति नहीं मिलने का असर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट संबंधों पर भी पड़ा है। इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और स्कॉटलैंड सहित कई क्रिकेट देशों ने अफगानिस्तान के साथ द्विपक्षीय सीरीज खेलने से इनकार किया है।हालांकि, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के टूर्नामेंट में ये टीमें अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले खेलती हैं। इस बीच अफगानिस्तान की पुरुष क्रिकेट टीम ने पिछले कुछ वर्षों में सीमित ओवरों के क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने अपनी प्रतिभा के दम पर दुनियाभर में पहचान बनाई है और उसके प्रशंसकों की संख्या लगातार बढ़ी है।

जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट के बीच आया फरमान
दिलचस्प बात यह है कि कंधार में क्रिकेट प्रसारण पर रोक लगाने का आदेश उस समय आया है, जब अफगानिस्तान की पुरुष टीम संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह में जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरा टेस्ट मुकाबला खेल रही है।एक तरफ मैदान पर अफगानिस्तान की टीम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी मौजूदगी मजबूत कर रही है, वहीं दूसरी तरफ देश के भीतर क्रिकेट से जुड़ी खबरें सुनने पर रोक लगा दी गई है।
क्या पूरे अफगानिस्तान में बंद होगा क्रिकेट प्रसारण?
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि तालिबान का यह आदेश केवल कंधार प्रांत तक सीमित रहेगा या इसे पूरे अफगानिस्तान में लागू किया जाएगा। अभी तक देशव्यापी प्रतिबंध को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।कंधार जैसे क्रिकेट प्रेमी क्षेत्र में इस फैसले से प्रशंसकों में नाराजगी है। सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब अफगानिस्तान की टीम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल रही है, तो देश के लोग रेडियो पर उसकी कमेंट्री और जीत की खबरें क्यों नहीं सुन सकते?
Read More : Bay Leaf Manifestation : तेज पत्ते पर 111 से 999 तक नंबर लिखकर जलाएं, जानें हर अंक का महत्व

