Tejashwi Yadav voter card : बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) नेता तेजस्वी यादव पर चुनावी मोर्चे पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। चुनाव आयोग ने तेजस्वी यादव को फर्जी वोटर कार्ड मामले में एक बार फिर नोटिस जारी किया है और 16 अगस्त तक संबंधित दस्तावेज आयोग के पास जमा कराने का निर्देश दिया है। यह नोटिस तब आया है जब तेजस्वी ने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर चुनाव आयोग पर सवाल उठाए थे और दावा किया था कि उनका नाम मतदाता सूची से गायब है।

क्या है पूरा मामला?
तेजस्वी यादव ने पिछले हफ्ते मीडिया से बातचीत के दौरान अपने दो EPIC (Electors Photo Identity Card) नंबर सार्वजनिक किए थे। उन्होंने कहा था कि चुनाव आयोग ने उनका नाम वोटर लिस्ट से हटा दिया है, जबकि उनके पास दो वोटर कार्ड के प्रमाण मौजूद हैं। उन्होंने एक EPIC नंबर RAB2916120 दिखाया था और इसे सही बताते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए थे।

जांच में निकला फर्जी
तेजस्वी के दावे के बाद जिला प्रशासन ने इस EPIC नंबर की जांच कराई। जांच में सामने आया कि RAB2916120 नंबर का कोई रिकॉर्ड आयोग के पास मौजूद नहीं है, और यह नंबर आयोग या किसी वैध संस्था द्वारा जारी नहीं किया गया। प्रशासन ने इसे फर्जी दस्तावेज करार देते हुए कहा है कि “यह गंभीर मामला है और इस तरह का फर्जी EPIC नंबर बनाना कानूनन अपराध है।”
आयोग ने तेजस्वी को भेजा दूसरा नोटिस
इससे पहले भी चुनाव आयोग ने तेजस्वी यादव को इस मामले में नोटिस जारी किया था, लेकिन स्पष्ट जवाब नहीं मिला। अब दूसरी बार नोटिस जारी करते हुए चुनाव आयोग ने कहा है कि तेजस्वी 16 अगस्त शाम 5 बजे तक इस फर्जी वोटर आईडी को आयोग के समक्ष प्रस्तुत करें और अपनी स्थिति स्पष्ट करें। नोटिस में चेतावनी भी दी गई है कि यदि तय समय तक जवाब नहीं दिया गया, तो कानूनी कार्यवाही की जा सकती है।
क्या बोले तेजस्वी यादव?
तेजस्वी यादव ने आरोपों पर अभी कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, वह इस मामले को राजनीतिक साजिश बता सकते हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि तेजस्वी जल्द ही पूरे मामले पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं।
चुनाव से पहले बड़ा विवाद
बिहार में इसी साल के अंत तक विधानसभा चुनाव संभावित हैं और ऐसे में तेजस्वी यादव जैसे बड़े नेता पर फर्जी वोटर कार्ड का आरोप चुनावी माहौल को और गर्म कर सकता है। भाजपा और जदयू इस मुद्दे को लेकर पहले ही आक्रामक हो चुके हैं और तेजस्वी से जवाब की मांग कर रहे हैं।
फर्जी EPIC नंबर मामले में तेजस्वी यादव के खिलाफ जांच तेज हो गई है। चुनाव आयोग की सख्ती से यह मामला अब कानूनी मोड़ ले सकता है। सभी की निगाहें अब 16 अगस्त पर टिकी हैं, जब तेजस्वी को अपना जवाब और दस्तावेज प्रस्तुत करने हैं।
Read More : Income Tax Bill 2025 : विपक्ष की आपत्ति के बाद केंद्र ने लोकसभा से ‘Income Tax Bill 2025’ वापस लिया










