Delhi High Court: देश की राजधानी दिल्ली एक बार फिर बम धमकी से दहशत में आ गई है। दिल्ली हाईकोर्ट को शुक्रवार सुबह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल ऐक्शन लेते हुए हाईकोर्ट परिसर को पूरी तरह खाली करा लिया है। सभी जज, वकील, स्टाफ और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। दिल्ली पुलिस और बम निरोधक दस्ता (Bomb Squad) मौके पर पहुंच गया है और पूरे कोर्ट परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। मेल में क्या थी धमकी? दिल्ली पुलिस को मिले ई-मेल में कहा गया है कि हाईकोर्ट के तीन कोर्ट रूम में बम प्लांट किया गया है। धमकी में कहा गया है कि अगर दोपहर 2 बजे तक कोर्ट खाली नहीं हुआ, तो धमाका कर दिया जाएगा। यह मेल पुलिस को सुबह करीब 11 बजे मिला, जिसके बाद आनन-फानन में हाईकोर्ट परिसर को खाली कराया गया और बॉम्ब स्क्वॉड को अलर्ट पर रखा गया। कोर्ट परिसर में मचा हड़कंप धमकी मिलते ही दिल्ली पुलिस, स्पेशल सेल, सीआईएसएफ, NSG, फायर ब्रिगेड और अन्य एजेंसियों ने हाईकोर्ट परिसर में मोर्चा संभाल लिया। सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू हो चुकी है और परिसर में हर कोने की तलाशी ली जा रही है। वकील, स्टाफ और आम नागरिकों को तुरंत बाहर निकाला गया ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। फिलहाल हाईकोर्ट की सभी कार्यवाहियां स्थगित कर दी गई हैं। हाल ही में स्कूलों को भी मिली थी बम की धमकी दिल्ली हाईकोर्ट को धमकी मिलने की यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब हाल ही में दिल्ली-एनसीआर के कई स्कूलों को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय भी भारी संख्या में पुलिस बल और बम स्क्वॉड को भेजकर सर्च ऑपरेशन चलाया गया था, हालांकि सभी अलर्ट फर्जी निकले। अब हाईकोर्ट जैसी संवेदनशील जगह को निशाना बनाने की धमकी से पुलिस प्रशासन में सख्त सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस का बयान दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया “हमें सुबह एक ईमेल मिला जिसमें हाईकोर्ट में बम लगाने की धमकी दी गई थी। हमने तुरंत हाईकोर्ट को खाली कराया और बम स्क्वॉड तैनात कर दिया गया है। सभी कोर्ट रूम और संवेदनशील इलाकों की जांच की जा रही है। अभी तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है।” क्या है अगला कदम? दिल्ली पुलिस ने मेल की ट्रेसिंग शुरू कर दी है। IP एड्रेस और मेल सर्वर की जांच की जा रही है। FIR दर्ज कर ली गई है और साइबर क्राइम यूनिट को जांच में लगाया गया है। सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं और अन्य संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। दिल्ली हाईकोर्ट को बम धमकी मिलने की घटना ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक ओर यह घटना कानून के सर्वोच्च संस्थान पर हमला करने की मंशा को दर्शाती है, वहीं सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और तेज़ कार्रवाई ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया। अब देखना यह होगा कि इस धमकी के पीछे कौन लोग हैं, और क्या यह महज आतंक फैलाने की साजिश है या इसके पीछे कोई गहरी साजिश छुपी है। Read More: AI Video Controversy: AI वीडियो विवाद: कांग्रेस ने जारी किया ‘PM मोदी की मां’ पर वीडियो, बिहार में सियासी पारा चढ़ा
















